Advertisement

कोरोना वायरस पर 10 भारतीय भाषाओं में सूचनाएं दे रहा है विकिपीडिया

जिस तरह से कोरोना वायरस मामलों की संख्या 60,000 पार हो चुकी है, इस महामारी का प्रसार रोकने के लिए भारत...
कोरोना वायरस पर 10 भारतीय भाषाओं में सूचनाएं दे रहा है विकिपीडिया

जिस तरह से कोरोना वायरस मामलों की संख्या 60,000 पार हो चुकी है, इस महामारी का प्रसार रोकने के लिए भारत में पूरे देशवासियों को लॉकडाउन और यात्रा प्रतिबंधों से लेकर कर्फ़्यू एवम् घर से काम करने जैसे आदेशों को मानना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर इस महामारी और इसके प्रभावों के बारे में समाचारोंऔर जानकारियों के प्रति लोंगो की जिज्ञासा बढ़ी है, जिससे तथ्यों के साथ खिलवाड़, साज़िश और भ्रामक सूचनाओं को भी फैलाया जा रहा है। 

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने गलत जानकारी के इस "इंफॉडमिक" के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा है कि "इस कठिन समय में इससे लोगों को भरोसेमंद स्रोत और विश्वसनीय मार्गदर्शन मिलने में कठिनाई हो रही है।" विकिपीडीया के स्थानीय वॉलंटियर्स, जो अंग्रेजी और दस अन्य भारतीय भाषाओं में कोविड -19 से जुड़ी सूचनाओं को जोड़ने, उनकी समीक्षा करने और उन्हें बेहतर बनाने में लगे हुए हैं, उनके लिए यह मुद्दा एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। 

अंग्रेज़ी विकिपीडीया पर जनवरी 2020 से महामारी संबंधी मुख्यआलेख 20 मिलियन से अधिक प्रतिक्रियाओं के साथ इस महामारी के बारे में दुनिया भर का ध्यान खींच रहे हैं। विकिपीडिया की उद्धरण नीतियों को देखते हुए, इनमें से प्रत्येक लेख विश्वसनीय, सत्यापित स्रोतों द्वारा समर्थित है और गलत सूचना के प्रसार को रोकने के लिए उनमें से कई विशेष सुरक्षा से तहत आते हैं। 

पिछले दस वर्षों से विकिपीडिया में योगदान कर रहीं नेथा हुसैन का कहना है,"मैंने विकिपीडिया का संपादन यह सोचकर शुरू किया कि एक डॉक्टर और शोधकर्ता के रूप में, दुनिया को सटीक जानकारी प्रदान करना मेरी जिम्मेदारी बनती थी।" "भारत मेंकोविड -19 मामलों के बढ़ने के साथ, मेरा यह व्यक्तिगत मिशन मेरे लिए और भी महत्वपूर्ण हो गया है। यही कारण है कि मैं भारत में कई अन्य लोगों के साथ काम कर रही हूं ताकि जनता को देने वाली जानकारियों में यह सुनिश्चित हो सके कि नवीनतम और सर्वाधिक अपडेटेड डेटा और सूचनाओं के साथ चल रहे विभिन्न प्रयासों में हमारा भी सहयोग हो।" 

विकिमीडिया वॉलंटियर्स मानते हैं कि इंडिक भाषाओं में ऑनलाइन स्वास्थ्य सूचनाओं की बेहद कमी है, इसलिए उन्होंने सभी भारतीयों तक स्वतंत्र रूप से जानकारी पहुँचाने के लिए व्यापक प्रयास शुरू कर दिए हैं। विश्व स्तर पर पैदा स्वास्थ्य संकट के दौरान यह मुद्दा और भी जरूरी हो जाता है जब लोगों को प्रासंगिक, ताज़ा और सुलभ जानकारी की सख्त जरूरत होती है। वालंटियर्स ने विकिपीडिया पर स्वास्थ्य जानकारी जोड़ने को लेकर 10 इंडिक भाषाओं पर ध्यान केंद्रित किया है, इसके साथ ही कोरोनोवायरस के भारत में प्रकोप के बारे में विकिपीडिया पर अंग्रेजी भाषा मेंउपलब्ध लेख को बेहतर बनाने भी योगदान दे रहे हैं। इस पेज को फरवरी की शुरुआत से प्रतिदिन औसतन 200,000 विज़िट मिली हैं। 

विकिमीडिया परियोजनाओं के बारे में जानकारी जुटाने वाले केंद्रीय डेटाबेस, विकिडाटा में भारत के बारे में जानकारी बेहतर बनाने के लिए विकिप्रोजेक्ट इंडिया पहल विभिन्न समूहों के साथ मिलकर काम कर रही है। विकिडाटा कोविड -19 टास्क फोर्स ने हाल ही में भारत के लिए एक कोविड -19 डैशबोर्ड बनाया है जो राष्ट्रीय स्तर के  साथ साथ रोग के राज्य व्यापी प्रसार का प्रारूप भी दर्शाता है। 

विकिपीडिया में 2017 से योगदान दे रहे जिनॉय टॉम जैकब कहते हैं -“विकिपीडिया के पाठकों को जिलों एवम् राज्यों में नए से नए मामलों की संख्या, और स्वस्थ हो चुके लोगों के बारे में जानकारी प्राप्त होती है। विश्व स्वास्थ्य संगठनों, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय एवं सरकारों द्वारा प्रकाशित बुलेटिनों जैसे प्रतिष्ठित संगठनों से दैनिक रूप से डेटा मिलते रहते हैं, यही कारण है कि विकिडाटा इस काम के लिए इतना महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह बुलेटिन से संख्याओं को एकत्र और व्यवस्थित करता है जिससे महामारी के बारे में विकिपीडिया के लेख उपयोगी बने रहते हैं।" 

भारत भर में कोविड-19 के बढ़ते हुए मामलों के बीच,विकिपीडिया परियोजनाएं दूसरों के प्रयासों से जुड़कर साझेदारी कर रही हैं। ऐसी ही एक पहल SWASTHA,  जो एक संस्कृत शब्द है - यह भारत के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ-साथ संयुक्त राज्य अमेरिका में जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय और स्विट्जरलैंड में विश्व स्वास्थ्य संगठन के अंतरराष्ट्रीय महामारी नियंत्रण विशेषज्ञों के साथ काम करता है। 

स्थानीय साझेदारों के अलावा, विकिपीडिया पर कोविड-19 जानकारी को विकिप्रोजेक्ट मेडिसिन द्वारा समर्थन प्राप्त है, जिसमें दुनिया भर के डॉक्टर और विशेषज्ञ शामिल हैं। विकिप्रोजेक्ट मेडिसिन ने विभिन्न भाषाओं में 35,000 से अधिक चिकित्सा लेखों को तैयार किया है, जिनकी समीक्षा 150 से अधिक संपादकों द्वारा की जाती है।

2014 में इबोला वायरस के दौरान सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर उठी गंभीर चिंताओं के बाद, विकिप्रोजेक्ट मेडिसिन के वॉलंटियर्स ने इबोला से जुड़े लेखों का 50 से अधिक विभिन्न भाषाओं में अनुवाद किया, जिससे प्रभावित समुदायों में रहने वाले लोग वायरस के बारे में निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी प्राप्त कर सकें। इन प्रयासों को बाद में महत्वपूर्ण दर्जा मिला, जब विकिपीडीया को द न्यू यॉर्क टाइम्स ने इबोला के बारे में जानकारी देने के लिए विश्वसनीय इंटरनेट स्रोतों में से एक माना।

विकिमीडिया फ़ाउंडेशन, विकीपीडिया का संचालन करने वाला एक गैर-लाभकारी संगठन है। फाउंडेशन के मुख्य उत्पाद अधिकारी टोबी नेग्रिन ने हमें बताया कि वालंटियर समूहों के प्रयासों से करोड़ों भारतीयों द्वारा बोली जाने वाली भाषाओं में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करके कोरोनावायरस पर तत्काल समझ पैदा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि इसकेअलावा,विकिमीडिया के दीर्घकालीन लक्ष्यों को पाने के लिए वालंटियर्स महत्वपूर्ण हैं।

"2030 तक, हम विश्व स्तर पर नई दिल्ली और बर्लिन से सैन फ्रांसिस्को तक मुफ्त जानकारी देने वाला एक जरूरी सहयोगी माध्यम बनना चाहते हैं। ऐसा करने के लिए, हम पूरी दुनिया में फैले अपने अद्भुत और समर्पित वॉलंटियर्स पर भरोसा करते हैं। मेरी टीम इन वालंटियर संपादकों के लिए टूल औरसंसाधन उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित करती है ताकि वे ज्ञानवर्धक जानकारी मुहैया करा सकें जिससे कोई भी कहीं भी विकिपीडिया के माध्यम से सही जानकारी प्राप्त करसके।” - नेग्रिन ने आगे कहा।

विकीपीडीया और उससे जुड़ी परियोजनाएं किसी भी पक्षपात को रोकने के लिए एक निर्धारित स्वतंत्र संपादन नीति का पालन करती हैं। इस मॉडल से सीमाओं, संस्कृति एवम् सभी पृष्ठभूमि और राजनीतिक लोगों को एक साथ लाते हुए, सभी कलाओं और संस्कृति से जुड़ी हर चीज के बारे में तथा कोरोना वायरस जैसे गंभीर विषयों पर, उनके लेखों को संपादित करने की क्षमता मिलती है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad