Advertisement

भारत दौरे के लिए डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका से रवाना, आज अहमदाबाद पहुंचेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने पहले भारत दौरे के लिए अमेरिका से रवाना हो गए हैं। वे 24 फरवरी को...
भारत दौरे के लिए डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका से रवाना, आज अहमदाबाद पहुंचेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने पहले भारत दौरे के लिए अमेरिका से रवाना हो गए हैं। वे 24 फरवरी को अहमदाबाद पहुंचेंगे। रवाना होने से पहले ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके मित्र हैं। वे भारत यात्रा के लिए तैयार हैं।

ट्रंप ने कहा- यात्रा के लिए बहुत उत्सुक

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह भारत की यात्रा पर काफी समय से जाने के लिए उत्सुक थे। वे भारत के लोगों से मिलने के इच्छुक हैं। भारत के लिए अपने विशेष विमान मैरीन वन में सवार होने से पहले ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वे भारत के लोगों से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हैं। वे लाखों लोगों से मिलने के लिए जा रहे हैं। यह लंबी यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी उनके मित्र हैं।

अब तक का सबसे बड़ा स्वागत समारोह होगा

एक सवाल के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने सुना है कि भारत में उनके स्वागत में बड़ा कार्यक्रम होने वाला है। शायद यह भारत में अब तक का सबसे बड़ा स्वागत कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बताया है कि यह सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा। इससे वह बहुत उत्साहित हैं। वह एक रात के लिए भारत जा रहे हैं।

22 किलोमीटर लंबा होगा मोदी-ट्रंप रोड शो

ट्रंप के स्वागत में वैसा ही कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जैसा मोदी के लिए अमेरिका में आयोजित किया गया था। जैसे हाउडी मोदी कार्यक्रम में भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया था, वैसा ही नमस्ते भारत कार्यक्रम से ट्रंप का स्वागत किया जाएगा। यह भी तय हो गया है कि रोड शो 22 किलोमीटर का होगा। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि कल ट्रम्प के साथ रहना उनके लिए सम्मान की बात है। 

साबरमती आश्रम भी जाएंगे ट्रंप

डोनाल्ड ट्रम्प का 24 फरवरी को साबरमती आश्रम जाना तय हो गया है। रोड शो के दौरान 15 मिनट का समय बचाकर ट्रम्प साबरमती आश्रम जाएंगे। इसकी पुष्टि आश्रम के ट्रस्टी अमृत मोदी ने की है। ट्रम्प के साबरमती आश्रम में पहुंचने पर कुछ दिनों से रहस्य बना हुआ था। इसके पहले गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा था कि व्हाइट हाउस की तरफ अधिकृत घोषणा के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है।

साबरमती नदी को निहारेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का स्वागत करने के लिए गांधी आश्रम पूरी तरह से तैयार है। जब यह बात सामने आई थी कि ट्रम्प गांधी आश्रम नहीं जाएंगे, तब भी गांधी आश्रम की तैयारियों में कोई फर्क नहीं पड़ा। आश्रम के हृदय कुंज का रंग-रोगन किया गया है। पीछे रिवर फ्रंट के एक हिस्से पर स्टेज बनाया गया है। जहां तीन आलीशान कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जहां से ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया और मोदी साबरमती नदी का नजारा देखेंगे। इन 15 मिनट में ही वे गांधी आश्रम का दौरा करेंगे। इस दौरान वे गांधीजी की प्रतिमा को सूत की माला पहनाएंगे और हृदय कुंज में चरखा भी देखेंगे।

दिल्ली और आगरा में भी कार्यक्रम

अहमदाबाद के कार्यक्रम के बाद ट्रंप दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे आधिकारिक तौर पर सरकार के द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और वार्ताओं में हिस्सा लेंगे। वे अपनी पत्नी मेलानिया के साथ ताजमहल देखने के लिए आगरा भी जाएंगे। ट्रंप के अधिकारियों, कारोबारियों और पत्रकारों का विशाल प्रतिधिमंडल भी भारत दौरे पर आ रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad