Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने की 'फिट इंडिया अभियान' की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में 'फिट इंडिया...
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने की 'फिट इंडिया अभियान' की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में 'फिट इंडिया अभियान' की शुरुआत की। पीएम मोदी ने आज खेल दिवस के अवसर पर इसे लॉन्च किया है। अभियान की शुरुआत करने के बाद कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि आज के दिन हमें मेजर ध्यानचंद के रूप में महान खिलाड़ी मिले थे। आज देश उनको नमन कर रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि इस अभियान के जरिए देश ने स्वस्थ भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने अपनी फिटनेस, सहनशक्ति और हॉकी स्टिक से दुनिया को चकित कर दिया। इस दौरान मोदी ने कहा कि नए भारत के हर नागरिक को स्वस्थ बनाने की जरूरत है।

अभियान को जन आंदोलन बनाने की जरूरत- मोदी

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि यह देश की जरूरत है कि इस अभियान को जन आंदोलन बनाया जाए। इससे खेल में जो युवा खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं, इससे उनका हौसला बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने खेल जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस सिर्फ शब्द नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए जरूरी शर्त है।

पूर्वजों के समय से चला आ रहा है फिट रहने का फंडा

पीएम ने कहा कि स्वस्थ रहने और फिट रहने का फंडा हमारे पूर्वजों के समय से चला आ रहा है। उन्होंने इस दौरान संस्कृत का श्लोक सुनाया और फिटनेस के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि फिटनेस हमारे जीवन का अभिन्न अंग रहा है, समय के साथ इसे लेकर सोसाइटी में उदासीनता आती रही है।

फिटनेस शब्द नहीं, स्वस्थ जीवन की जरूरी शर्त

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि फिटनेस एक शब्द नहीं है बल्कि स्वस्थ और समृद्ध जीवन की एक जरूरी शर्त है। उन्होंने कहा कि बेडमिंटन हो, टेनिस हो, एथलेटिक्स हो, बॉक्सिंग हो, हमारे खिलाड़ी कुश्ती समेत अन्य खेल में हमारी उम्मीदों और आकांक्षाओं को नए पंख लगा रहे हैं।

समय के साथ पैदल चलना कम हो गया

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा 'समय कैसे बदला है, 'मैं आपको उसका एक उदाहरण देता हूं। कुछ दशक पहले तक एक सामान्य व्यक्ति दिन में लगभग 8-10 किलोमीटर पैदल चलता था। इसके बाद धीरे-धीरे टेक्नोलॉजी बदली, आधुनिक साधन आए और पैदल चलना कम हो गया।' पीएम मोदी ने कहा कि नए भारत का हर नागरिक फिट रहे, इस दिशा में आगे बढ़ना होगा।

कई बड़े सेलेब्रिटी रहे मौजूद

इंदिरा गांधी स्टेडियम में पीएम मोदी के साथ खेल मंत्री किरन रिजिजू उनके साथ मौजूद रहे। इनके अलावा भारतीय जनता पार्टी के सांसद गौतम गंभीर, मनोज तिवारी, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी समेत कई बड़े सेलेब्रिटी मौजूद रहे। इस अभियान के तहत हर कॉलेज और विश्वविद्यालय को 15 दिवसीय फिटनेस प्लान भी तैयार करना होगा। इसके अलावा उसे इस प्लान को अपने पोर्टल या वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।

मन की बात में पीएम मोदी ने किया था जिक्र

गत रविवार को मन की बात के संबोधन में पीएम मोदी ने लोगों को आज आयोजित होने वाले फिट इंडिया मूवमेंट' में भाग लेने के लिए कहा था। उन्होंने कहा था कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य लोगों को शारीरिक गतिविधियों और खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad