Advertisement

भारी बारिश से मुंबई बेहाल, हाई टाइड की चेतावनी

मुंबई में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। जगह-जगह हो रहे जल जमाव से सड़क...
भारी बारिश से मुंबई बेहाल, हाई टाइड की चेतावनी

मुंबई में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। जगह-जगह हो रहे जल जमाव से सड़क और रेल यातायात पर प्रभाव पड़ा है। ट्रैक पर पानी भरने से सेंट्रल रेल लाइन पर यातायात को रोक दिया गया है। वडाला- कुर्ला, कल्याण से अंबरनाथ और कसारा जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने हाई टाइड की चेतावनी जारी की है। दोपहर 2.29 बजे के करीब 4.83 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

मौसम विभाग ने रविवार को भी यहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लिहाजा मुंबई पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि यदि बहुत आवश्यक न हो तो घर से लोग न निकलें। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने परामर्श जारी कर मुंबईकरों को समुद्र में नहीं जाने और जलजमाव वाले इलाकों में नहीं जाने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के उपमहानिदेशक के एस होसलिकर ने ट्वीट कर बताया कि मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में अगले 24-36 घंटे में भारी बारिश का अनुमान है।  

सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी गयी है और नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि आपात की स्थिति में वे शिंदे के जिला मुख्यालय में आपदा नियंत्रण कक्ष के संपर्क करें।

रेलवे ट्रैक डूबे

मुंबई के कल्याण रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पानी में डूबे हुए हैं। वहीं नागपाड़ा, ठाणे, मुलुंड, पवई, अंधेरी, पालघर और सांताक्रूज में जलजमाव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायगढ़, रत्नगिरि और सिंधुदुर्ग इलाकों में भारी बारिश से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। नालासोपारा के कई इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर दो से ढाई फीट टक पानी भर जाने से यातायात बाधित हो गया है। अंधेरी स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही विलंब से हो रही है। रेलवे ट्रैक पर पानी जमा होने की वजह से 6 ट्रेनें कैंसल कर दी गई हैं। कई का रूट बदला गया है।

करंट लगने से मौत

ठाणे महानगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया, ‘‘ठाणे में धर्मवीर नगर के रहने वाले 18 वर्षीय संतोष गोले अपने घर के रेफ्रीजेरेटर का प्लग निकालने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। उसे ठाणे के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।''   

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad