Advertisement

यूपी में 8 जून से धार्मिक स्थल और रेस्टोरेंट खुलेंगे, बिहार में 30 जून तक बढ़ा लॉकडाउन, जानें राज्यों का हाल

लॉकडाउन के चौथे चरण के बाद केंद्र सरकार ने और छूट के साथ 'अनलॉक' की घोषणा की है। जबकि, कई राज्यों ने...
यूपी में 8 जून से धार्मिक स्थल और रेस्टोरेंट खुलेंगे, बिहार में 30 जून तक बढ़ा लॉकडाउन, जानें राज्यों का हाल

लॉकडाउन के चौथे चरण के बाद केंद्र सरकार ने और छूट के साथ 'अनलॉक' की घोषणा की है। जबकि, कई राज्यों ने लॉकडाउन को बढ़ा दिया है। उत्तर प्रदेश में भी लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की गई है लेकिन 8 जून से यहां धार्मिक स्थल और रेस्टोरेंट खुलेंगे। वहीं बिहार ने 30 जून तक लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया है। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में 15 जून तथा पंजाब में 30 जून तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। वहीं गुजरात ने लॉकडाउन में कुछ ढील देने की घोषणा की है।

शनिवार को गृह मंत्रालय ने अनलॉक-1 की गाइडलाइन्स जारी की। जिसके तहत अब केंद्र सरकार की ओर से लॉकडाउन नहीं बढ़ाया जाएगा। राज्य अपने हिसाब से लॉकडाउन का स्तर, क्षेत्र और समय तय कर सकते हैं। नए नियमों के मुताबिक, कंटेनमेंट जोन के बाहर चरणबद्ध तरीके से छूट दी जाएगी लेकिन फिलहाल कंटेनमेंट जोन में पूरी पाबंदी रहेगी। हालांकि, जरूरी गतिविधियों की मंजूरी रहेगी। अनलॉक की गाइडलाइन्स 1 जून से 30 जून तक के लिए जारी रहेंगी।

यूपी में 8 जून से धार्मिक स्थल और रेस्टोरेंट खुलेंगे

उत्तर प्रदेश सरकार ने अनलॉक-1 की एडवाइजरी जारी कर दी है। इस एडवाइजरी के तहत अब उत्तर प्रदेश में 30 जून तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। वहीं अनलॉक-1 के पहले फेज में आठ जून से सभी पूजा और धार्मिक स्थल, रेस्टोरेंट्स, होटल और मॉल को खोलने की इजाजत दी गई है। उत्तर प्रदेश में अब बाजार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगे। इसके साथ ही सैलून और ब्यूटी पॉर्लर भी खोले जा सकेंगे। वहीं धार्मिक स्थल, रेस्टोरेंट्स, होटल और मॉल को खोलने की अनुमति दी गई है। हालांकि खोलने के तौर-तरीकों पर विस्तृत मानक और तौर तरीके के लिए अलग से एडवाइजरी जारी होगी।

नई गाइडलाइन में सभी सरकारी कार्यालयों के लिए आदेश है कि अब 100 प्रतिशत अटेंडेंस होंगी, मगर तीन पालियों में कार्यालय खुलेंगे. पहली पाली सुबह 9 से 5 बजे की होगी, दूसरी पाली 10 से 6 बजे की होगी, तीसरी पाली 11 से 7 बजे की होगी। वहीं गाजियाबाद-नोएडा बॉर्डर खोलने का निर्णय जिलों के डीएम लेंगे।

यूपी की एडवाइजरी

यूपी में 8 जून से होटल, रेस्टोरेंट, खुलेंगे।

-एनसीआर में डीएम और कमिश्नर सुरक्षा व्यवस्था तय करेंगे।

-3 चरणों मे खुलेंगे दफ्तर।

-कंटेनमेंट जोन छोड़कर खुलेंगे धार्मिक स्थल।

-बाजार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगे।

- सुपर मार्केट भी खुलने के आदेश।

-बारात घर भी खोलने की अनुमति मिली।बारात घर में 30 लोग ही शामिल हो पाएंगे।बारात में हवाई फायरिंग पर सख्त रोक।

-सैलून खुलेंगे लेकिन कर्मचारी फेस मास्क जरूर लगाएंगे। सैलून में एक ही तौलिए का बार-बार उपयोग नहीं होगा।

-टैक्सी, कैब और ई-रिक्शा को भी अनुमति मिली। फल मंडी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुलेगी।

-रोडवेज चलाने की भी अनुमति मिली। बसों में सेनेटाइजेशन किया जाएगा।

-बस में फेस मॉस्क लगाना अनिवार्य होगा। शर्तों पर चलेंगी प्राइवेट बसें।

-दोपहिया वाहन पर 2 लोगों की चलने की अनुमति मिली।

-पार्कों को खोलने के भी आदेश दिए गए। पार्क सुबह और शाम 5 बजे से 8 बजे तक खोले जाएंगे।

-खेल परिसर और स्टेडियम खोलने के भी आदेश। दर्शकों को अनुमति नहीं होगी।

-सरकारी दफ्तरों में शिफ्ट में 100 प्रतिशत कर्मचारी बुलाये जाएंगे।

-शहरी क्षेत्र में साप्ताहिक मंडी नहीं खुलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मंडी खुलेंगी।

-मिठाई की दुकानों में बैठाकर खिलाया नहीं जा सकता।

-अंतरराज्यीय परिवहन की अनुमति के साथ विदेशी देशों में फॉ देशों की संधि के मुताबिक आवागमन होगा।

-कंटेनमेंट जोन में धार्मिक स्थल, होटल या मॉल नहीं खोले जा सकते।

-वाहनों में मास्क लगाकर और आरोग्य सेतु ऐप का इस्तेमाल करना आवश्यक है।

महाराष्ट्र ने भी बढ़ाया लॉकडाउन

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में 30 जून तक लॉकडाउन को बढ़ाया है। आवश्यक गतिविधियों को छोड़कर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे के बीच लोगों की आवाजाही पर सख्ती से प्रतिबंध रहेगा। 8 जून से सभी निजी कार्यालय आवश्यकता के अनुसार 10% तक अटेंडेंस के साथ काम कर सकते हैं, शेष व्यक्ति घर से काम कर सकते हैं; जिले के अंदर बस सेवाओं की अनुमति दी जाएगी, जबकि एक जिले से दूसरे जिले में बस सेवाओं की अनुमति नहीं होगी। अनलॉक1 चरण में समुद्र तटों, खेल के मैदानों, उद्यानों और खुले सार्वजनिक स्थानों पर सुबह 5 बजे से शाम 7 बजे के बीच व्यक्तिगत शारीरिक अभ्यास की अनुमति होगी। धार्मिक स्थलों और पूजा स्थलों, होटल, रेस्तरां, आतिथ्य सेवाएँ, शॉपिंग मॉल, नाई की दुकानें, स्पा, सैलून और ब्यूटी पार्लर राज्य भर में बंद रहेंगे।

राजस्थान में सरकारी कार्यालय 100% अटेंडेंस के साथ खुलेंगे

राजस्थान सरकार 1 जून से 30 जून की अवधि के लिए 5 वें चरण के लॉकडाउन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं - दुकानें, ब्यूटी पार्लरों, सामुदायिक पार्क को सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य सावधानियों के बाद खोलने की अनुमति होगी; सरकारी कार्यालय 100% अटेंडेंस के साथ खुलेंगे।

बिहार में 30 जून तक बढ़ा लॉकडाउन

बिहार सरकार ने रविवार को ऐलान किया कि राज्य में एक महीने के लिए कोरोना लॉकडाउन को बढ़ाया जा रहा है। इस संबंध में गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने अपने आदेश में कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 30 मई 2020 को एक दिशानिर्देश जारी किया है। बिहार सरकार ने विचार विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है कि गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों को राज्य में यथावत लागू एवं अनुपालन किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव गृह ने अपने आदेश में कहा है कि राज्य सरकार के सभी विभागों एवं क्षेत्रीय प्रशासन के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया जाता है कि गृह मंत्रालय के उपयुक्त आदेश एवं दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

गुजरात में शाम सात बजे तक खुलेंगी दुकानें

केंद्र सरकार की गाइडलाइन्स के बाद गुजरात सरकार ने भी इसको लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है।  गुजरात में 1 जून से दुकानें शाम को सात बजे तक खुली रहेगी। सोमवार से सरकारी दफ्तर खुलेंगे। साथ ही मास्क और दो गज की दूरी आवश्यक है। वहीं रात नौ से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा. इसके अलावा टू व्हीलर पर दो और फोर व्हीलर में तीन लोग सवारी कर सकेंगे। कंटेनमेंट जोन में ज्यादा छूट नहीं दी जाएगी। गुजरात सरकार रोड ट्रांसपोर्ट कि ओर से प्राइवेट बस भी शुरू करने की अनुमति दी है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि रात नौ बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम दुकानों के लिए ऑड-ईवन के नियम को हटा रहे हैं क्योंकि बाजारों को अब खोलने की अनुमति होगी, बस ये ध्यान रखना होगा कि हर कोई मास्क पहने और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करे।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र के दिशा-निर्देश के मुताबिक होटल, रेस्तरां, धार्मिक स्थल और शॉपिंग मॉल आठ जून से खुलेंगे।

जम्मू कश्मीर में आठ जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन

जम्मू कश्मीर प्रशासन ने रविवार को लॉकडाउन की अवधि आठ जून तक बढ़ा दी और कहा कि प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर अमल करने से पहले संघ शासित क्षेत्र में कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति की ताजा समीक्षा करने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव और राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष बी वी आर सुब्रह्मण्यम ने एक आदेश जारी कर कहा कि लॉकडाउन के संबंध में 19 और 24 मई को जारी दिशा-निर्देश आठ जून तक लागू रहेंगे। केंद्रीय गृह सचिव द्वारा रेड जोन और निरुद्ध क्षेत्रों के वास्ते 30 जून तक के लिए शनिवार को जारी दिशा-निर्देशों और निरुद्ध क्षेत्रों के बाहर चरणबद्ध रूप से कुछ गतिविधियां खोलने के संबंध में आदेश में कहा गया कि ताजा समीक्षा करने के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा।


तेलंगाना में 30 जून तक लॉकडाउन

तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने 30 जून तक राज्य में लॉकडाउन का विस्तार करने का निर्णय लिया है। कंटेनमेंट जोन को छोड़कर सभी क्षेत्रों में केंद्र द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों को लागू करने का निर्णय लिया गया है।

हिमाचल में 100 फीसदी उपस्थिति के साथ खुलेंगे कार्यालय

हिमाचल प्रदेश सरकार के अधीन सभी कार्यालय सभी अधिकारियों की 100% अटेंडेंस के साथ सभी कार्य दिवसों में खुले रहेंगे। 2 शिफ्ट होंगी- पहली सुबह 10 से शाम 5 बजे और दूसरी सुबह 10:30 से शाम 5:30 बजे तक।

तमिलनाडु में 30 जून तक लॉकडाउन

तमिलनाडु सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को काबू करने के लिए लागू लॉकडाउन की अवधि 30 जून तक के लिए बढ़ा दी है। हालांकि सरकार ने सार्वजनिक परिवहन सुविधा को आंशिक रूप से बहाल करने और कार्यस्थल पर अधिक कर्मियों की मंजूरी देने समेत कुछ ढील दी हैं। मुख्यमंत्री के. पलनीसामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों, अंतरराज्यीय बस परिवहन, मेट्रो और उपनगरीय रेल सेवा पर प्रतिबंध जारी रहेंगे। सार्वजनिक परिवहन एक जून से आंशिक रूप से बहाल किया जाएगा, लेकिन चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेंगलपेट जिलों में बसें नहीं चलेंगी, क्योंकि राज्य में संक्रमण के सर्वाधिक मामले यहीं से सामने आए हैं। पलानीस्वामी ने कहा कि निजी बसों को अधिकृत मार्गों पर चलने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार और राज्य आपदा प्रबंधन कानून के तहत कर्फ्यू 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है।’’ तमिलनाडु देश में कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में से एक है। राज्य में शनिवार को एक ही दिन में सर्वाधिक 938 नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 21,184 पहुंच गई है। राज्य सरकार ने निरुद्ध क्षेत्रों को छोड़कर शेष स्थानों पर कई अन्य ढील दिए जाने की भी घोषणा की। कार्यस्थल पर अधिक कर्मियों की मौजूदगी और शोरूम एवं गहनों की दुकानों को पुन: खोलने की अनुमति दे दी गई है, लेकिन मॉल बंद रहेंगे।

मध्य प्रदेश में बढ़ा 15 दिन लॉकडाउन

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि कोरोना के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन 15 दिन के लिए बढ़ाया जा रहा है। राज्य में 1 जून से खेल गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। स्कूल और कॉलेज खोलने की भी तैयारी की जा रही है। हालांकि, अभी इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है।

पश्चिम बंगाल में 15 जून तक रहेगा लॉकडाउन

पश्चिम बंगाल की सरकार ने भी लॉकडाउन को 15 दिन और बढ़ाने का फैसला लिया है। अब राज्य में 15 जून तक लॉकडाउन जारी रहेगा। हालांकि, कई तरह की नई छूट भी दी जाएगी। सीएम ममता बनर्जी ने पहले ही कहा है कि राज्य में सरकारी और प्राइवेट दफ्तर 100 पर्सेंट अटेंडेंस के साथ खोले जा सकेंगे। वहीं, एक जून से ही धार्मिक स्थल खोलने की भी अनुमति दे दी गई है।

पंजाब में 30 जून तक का लॉकडाउन

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चार हफ्ते के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है। अब पंजाब में 30 जून तक लॉकडाउन जारी रहेगा। हालांकि, यह भी कहा गया है कि राज्य में लॉकडाउन के नियमों में थोड़ी और छूट दी जाएगी। यह सब केंद्र सरकार के नियमों को देखते हुए तय किया जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad