Advertisement

देश में कोरोना के मामले 64 लाख के पार, एक दिन में 1,069 लोगों ने गंवाई जान, मौतों का आंकड़ा एक लाख के पार

देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। देश में पिछले 24 घंटों में 79,476 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद...
देश में कोरोना के मामले 64 लाख के पार, एक दिन में 1,069 लोगों ने गंवाई जान, मौतों का आंकड़ा एक लाख के पार

देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। देश में पिछले 24 घंटों में 79,476 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 64 लाख 73 हजार का आंकड़ा पार कर चुका है। वहीं, 24 घंटे में 1,069 लोगों की जान चली गई है। दुनिया में अभी संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में है, लेकिन हर दिन अमेरिका से कई गुना कोरोना मामले भारत में मिल रहे हैं।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में 1,069 मौतों के बाद देश में कोरोना वायरस से हुईं मौतों का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंचा। कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 64,73,545 हुई जिसमें 9,44,996 सक्रिय मामले, 54,27,707 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले, 1,00,842 मौतें शामिल हैं।

शुक्रवार को सामने आए 81,484 नए मामले

भारत में शुक्रवार को कोविड-19 के 81,484 नए मामले सामने आए और 1,095  मौतें हुईं। देश में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 63,94,069 हो गई है जिसमें 9,42,217 सक्रिय मामले, 53,52,078  ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 99,773  मौतें शामिल हैं।

7 करोड़ 78 लाख से ज्यादा सैंपल टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, मंगलवार (29 सितंबर) तक कोविड-19 के  7,78,50,403 सैंपल टेस्ट किए गए। इनमें से 11,32,675 सैंपलों का टेस्ट कल किया गया था। पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है। कोरोना वायरस के 54% मामले 18 साल से 44 साल की उम्र के लोगों को हैं लेकिन कोरोना वायरस से होने वाली 51% मौतें 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में हुईं हैं।

मृत्यु दर और सक्रिय मामलों में गिरावट

बढ़ते कोरोना मामलों के बीच राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.64% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 78% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत दूसरे स्थान पर

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत दूसरे स्थान पर है। इस सूची में 75 लाख 49 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, भारत (64 लाख 71 हजार) दूसरे और ब्राजील 48 लाख 82 हजार से ज्यादा मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad