Advertisement

देश भर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 19,148 नए मामले, 434 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आंकड़ा 6 लाख को भी पार कर गया।...
देश भर में पिछले 24 घंटे में  कोरोना वायरस के 19,148 नए मामले, 434 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आंकड़ा 6 लाख को भी पार कर गया। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 6,05,220 केस दर्ज हो चुके हैं जिमें 3,59,896 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 17,848 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,27,410 एक्टिव केस हैं। इसी तरह राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,442 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 89,802 हो ग। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 5,537 केस दर्ज किए गए हैं।

 

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 19,148 नए मामले सामने आए हैं और 434 लोगों की मौत हुई है। देश भर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 6,04,641 हो गई है, जिनमें से 2,26,947 सक्रिय मामले हैं, 3,59,860 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 17,834 लोगों की मौत हो चुकी है। 

राजधानी दिल्ली में 2,800 से ज्यादा मौत

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,442 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 89,802 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 61 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 2,803 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 1,644 लोग ठीक भी हुए। फिलहाल दिल्ली में अब तक 59,992 लोग ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में 5,537 नए मामले, 198 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर पांच हजार से अधिक आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक राज्य में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,537 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 18,0298 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 198 और लोगों की मौत हुई है।

 

वहीं, मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना वायरस के 14 नए मरीज सामने आने से बुधवार को कुल संख्या बढ़कर 2,282 हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि नागरिक निकाय ने उस क्षेत्र में कोविड-19 से हुई मौतों की संख्या का खुलासा नहीं किया। धारावी को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती कहा जाता है।

बीएमसी ने पिछले कुछ दिनों में धारावी में हुई मौतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। रविवार तक क्षेत्र में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 82 थी। अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में कोरोना वायरस के 535 मरीजों का इलाज चल रहा है, वहीं ठीक हो जाने के बाद 1,618 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

पुणे में 1,251 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे जिले में सर्वाधिक 1,251 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 23,680 पहुंच गई। कोरोना के कारण 25 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 788 हो गई।

तमिलनाडु में 94 हजार से ज्यादा मरीज, 1,264 की मौत

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में और 3,882 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 94,049 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,264 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 657 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 15,252 पर पहुंच गया है। केल में 151 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 4,593 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

गुजरात में 33 हजार से अधिक मामले, अब तक 1,869 मौतें

गुजरात में भी संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 33,318 संक्रमित पाए जा चुके हैं। बुधवार को 675 नए मामले सामने आए। अब तक राज्य में 1,869 मरीजों की जान भी जा चुकी है। नए मामलों में अहमदाबाद में ही 215 केस मिले हैं और महानगर में मरीजों की संख्या बढ़कर 21,128 हो गई है। यहां अब तक 1,449 मरीजों की मौत हो चुकी है। पुडुचेरी में अब तक 739 मरीज मिले हैं।

उत्‍तर प्रदेश में 564 नए मामले

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना महामारी पर रोक लगती नजर नहीं आ ही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में और 564 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 24,056 पर पहुंच गया है। अब तक 718 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 268 नए केस के साथ अब तक 13,861 संक्रमित मिल चुके हैं। राजस्थान में 78 केस मिले हैं। राज्य में अब तक 18,092 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, ओडिशा में 251 मरीजों के साथ 7,316 और बंगाल में 611 नए केस के साथ अब तक 19,170 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत चौथे स्थान पर

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत चौथे स्थान पर है। इस सूची में 26 लाख 34 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (14 लाख से ज्यादा) दूसरे और रूस (6 लाख 46 हजार) तीसरे स्थान पर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad