Advertisement

'मन की बात' में बोले पीएम मोदी- लद्दाख में भारत की भूमि पर आंख उठाने वालों को मिला करारा जवाब

चीन के साथ चल रहे सीमा विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेडियो पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के...
'मन की बात' में बोले पीएम मोदी- लद्दाख में भारत की भूमि पर आंख उठाने वालों को मिला करारा जवाब

चीन के साथ चल रहे सीमा विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेडियो पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में चीन से चल रहे विवाद को लेकर कहा कि आपदाओं के बीच हमारे कुछ पड़ोसियों द्वारा जो हो रहा है, देश उन चुनौतियों से भी निपट रहा है। मोदी ने कहा कि लद्दाख में भारत की भूमि पर, आंख उठाकर देखने वालों को, करारा जवाब मिला है। भारत, मित्रता निभाना जानता है, तो, आंख-में-आंख डालकर देखना और उचित जवाब देना भी जानता है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारा हर प्रयास इसी दिशा में होना चाहिए जिससे सीमाओं की रक्षा के लिए देश की ताकत बढ़े, देश और अधिक सक्षम बने, देश आत्मनिर्भर बने- यही हमारे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी।

 ‘आप मास्क नहीं पहनते हैं तो आप परिवार को संकट में डालते हैं

इस दौरान कोरोना संकट का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा अगर कोरोना संकट के दौरान आप मास्क नहीं पहनते हैं तो आप परिवार को संकट में डालते हैं। पीएम ने कहा कि चुनौती आती रहती है। एक साल में एक चुनौती आए या फिर 50 चुनौती। इससे साल कभी खराब नहीं होता। भारत का इतिहास चुनौती से भरा रहा है।

लोग खूब बातें कर रहे हैं कि आखिर यह साल कब बीतेगा?

भारत ने संकट को सफलता की सीढ़ियों में बदला है। महामारी पर लोग खूब बातें कर रहे हैं कि आखिर यह साल कब बीतेगा? उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से ज्यादा अनलॉक में सतर्क रहने की जरूरत है तभी कोरोना से अपने आपको और परिवार को संक्रमण से बचाया जा सकता है।

दुनिया ने भारत की विश्व बंधुत्व की भावना को महसूस किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने जिस तरह मुश्किल समय में दुनिया की मदद की, उसने आज शांति और विकास में भारत की भूमिका को और मजबूत किया है। दुनिया ने भारत की विश्व बंधुत्व की भावना को भी महसूस किया है। अपनी संप्रभुता और सीमाओं की रक्षा करने के लिए भारत की ताकत और भारत के कमिटमेंट को देखा है। उन्होंने कहा कि भारत का संकल्प है- भारत के स्वाभिमान और संप्रभुता की रक्षा। भारत का लक्ष्य है– आत्मनिर्भर भारत। भारत की परंपरा है– भरोसा, मित्रता। भारत का भाव है– बंधुता। हम इन्हीं आदर्शों के साथ आगे बढ़ते रहेंगे।

 ‘देश नए लक्ष्य प्राप्त करेगा, नई उड़ान भरेगा, नई ऊंचाइयों को छुएगा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में जहां एक तरफ बड़े-बड़े संकट आते गए, वहीं सभी बाधाओं को दूर करते हुए अनेकों-अनेक सृजन भी हुए। नए साहित्य रचे गए, नए अनुसंधान हुए, नए सिद्धांत गड़े गए, यानि संकट के दौरान भी हर क्षेत्र में सृजन की प्रक्रिया जारी रही और हमारी संस्कृति पुष्पित-पल्लवित होती रही। इसी साल में, देश नए लक्ष्य प्राप्त करेगा, नई उड़ान भरेगा, नई ऊंचाइयों को छुएगा। मुझे, पूरा विश्वास, 130 करोड़ देशवासियों की शक्ति पर है, आप सब पर है, इस देश की महान परम्परा है।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा था कि रविवार को 11 बजे दिन मन की बात कार्यक्रम को सुनें। ये मन की बात कार्यक्रम का 66वां संस्करण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों के साथ संवाद करते हैं।

इससे पहले 14 जून को पीएम मोदी ने देशवासियों से ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए सुझाव और विचार मांगे थे। पीएम ने ट्वीट कर कहा था कि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने विचारों को शेयर करें। पीएम ने कहा था कि मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि आपके पास कोविड-19 से लड़ाई और कई दूसरे मुद्दों पर कहने के लिए बहुत कुछ होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad