Advertisement

महाराष्ट्र में बारिश का कहर, 27 की मौत, मुबंई में ट्रेनें-फ्लाइट रद्द, सड़कों पर उतरी नौसेना

महाराष्ट्र में भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य में मंगलवार रात में तीन जगह दीवारें...
महाराष्ट्र में बारिश का कहर, 27 की मौत, मुबंई में ट्रेनें-फ्लाइट रद्द, सड़कों पर उतरी नौसेना

महाराष्ट्र में भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य में मंगलवार रात में तीन जगह दीवारें गिरी हैं। इन तीनों घटनाओं में 27 से अधिक लोगों की मौत हुई है। खासतौर पर मुंबई में इस बारिश ने भारी तबाही मचाई है। वहीं मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लिहाजा सरकार ने आज सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज और दफ्तरों को बंद रखने का फैसला किया है। भारी बारिश की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की फ्लाइट फिसल गई, जिसके कारण से मुख्य रनवे बंद कर दिया गया है।

दीवार गिरने की घटना मलाड ईस्ट, कल्याण और पुणे में हुई है। मलाड ईस्ट में 18 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कल्याण में 3 लोग ‌गिरती दीवार की चपेट में आकर मारे गए हैं और पुणे में सिंहगढ़ कॉलेज की दीवार गिरने से 6 लोगों की मौत हुई है।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई के तकरीबन सभी इलाकों में पानी भरा है, बाइक और गाडियां पानी में डूब चुकी है। घाटकोपर, जागृति नगर और अलसलफा इलाके में बिजली नहीं है। दादर, बांद्रा, अंधेरी, कुर्ला, मलाड, शायन किंग सर्कल इलाकों में हाल और भी बदतर है।

मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में अभी भी बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले दो से तीन घंटों में मुंबई और आसपास के इलाकों में जबरदस्त बारिश हो सकती है।

मुंबई की सड़कों पर उतरी नौसेना

मुंबई में हालात इतने खराब हो गए हैं कि अब सड़कों पर मदद करने के लिए नौसेना को उतरना पड़ा है। मुंबई के कुर्ला इलाके में बीएमसी  की गुजारिश पर नौसेना की टीम पहुंची है। यहां आईएनएस तनजी और अन्य टीमें आई हैं। यहां चारों ओर पानी भरा हुआ है। एनडीआरएफ की मदद से यहां पर 1000 से अधिक लोग शिफ्ट कर दिए गए हैं।

मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र में सिर्फ मंगलवार रात में तीन जगह दीवारें गिरी हैं। इन तीनों घटनाओं में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है। इन हादसों में मरने वाले लोगों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 5-5 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है। अभी भी हादसे की जगह एनडीआरएफ की टीम मौजूद है और जो लोग फंसे हुए हैं, उन्हें निकाला जा रहा है।

मुंबई में लोकल ठप

बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (बीएमसी) ने रेलवे ट्रैफिक अपडेट्स जारी किए। इसके अनुसार, सेंट्रल लाइन- सीएसटी से ठाणे (अप एंड डाउन) बंद है। वहीं, वेस्टर्न लाइन - बोरीवली से वसई रोड (अप एंड डाउन) और हार्बर लाइन- सीएसटी से वाशी रोड  (अप एंड डाउन) पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप पड़ गई है।

वेस्टर्न रेलवे ने बताया कि भारी बारिश के कारण नालासोपारा, विरार और पालघर में ट्रैक पर पानी भर गया है। इससे ट्रेन नंबर 12904, 22904, 22928,12962, 12902, 19208, 19218, 22944,12928, 12264, 19424, 12450,19020, 59442, 12298 और 12268 को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया है।

फ्लाइट रनवे पर फिसली, हवाई सेवाओं पर असर

भारी बारिश का प्रभाव मुंबई एयरपोर्ट पर भी देखा गया। स्पाइसजेट एसजी 6237 जयपुर-मुंबई फ्लाइट रनवे पर फिसल गई, जिससे मंगलवार रात को मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे बंद कर दिया गया। वैकल्पिक रनवे पर ऑपरेशन चालू है।

स्पाइसजेट हादसे के बाद 54 से ज्यादा फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है। इनमें कुछ अहमदबाद और बेंगलुरू के लिए डायवर्ट की गईं। घरेलू एयरलाइंस सोशल मीडिया पर फ्लाइट्स की देरी और रद्द होने की जानकारी दे रही हैं। विस्तारा एयरलाइन ने 10 फ्लाइट्स के रद्द करने की बात कही है। इनमें दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई की फ्लाइट्स शामिल हैं। वहीं इंडिगो ने भी अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

जरूरी होने पर ही घर से निकलें

मुंबई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मौसम देखकर दिन की प्लानिंग करें। भारी बारिश में जरूरी होने पर ही घर से निकलें। दरअसल, मुंबई मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में शहर के कुछ उपनगरीय इलाकों में कई जगह भारी बारिश तो कुछ हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad