Advertisement

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का दिल्ली एम्स में रविवार को निधन हो गया। बता दें कि तबीयत...
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का दिल्ली एम्स में रविवार को निधन हो गया। बता दें कि तबीयत खराब होने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।

रघुवंश प्रसाद सिंह एम्स के आइसीयू वार्ड में भर्ती थे। दो दिन पहले उनकी हालत और बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि सांस लेने में परेशानी होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनके निधन पर राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है। इसके पहले आइसीयू से ही उन्‍होंने राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से इस्‍तीफा देने का अपना पत्र जारी किया था।

रघुवंश प्रसाद सिंह की मृत्यु पर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने गहर दुख जताया है। लालू प्रसाद यादव ने ट्वीट किया, 'प्रिय रघुवंश बाबू! ये आपने क्या किया? मैनें परसों ही आपसे कहा था आप कहीं नहीं जा रहे है। लेकिन आप इतनी दूर चले गए। नि:शब्द हूं।  दुःखी हूं। बहुत याद आएंगे।'

उनके निधन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार के वरिष्ठ राजनेता रघुवंश बाबू के निधन की सूचना से अत्यंत दुःख हुआ। उनका पूरा जीवन लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों के प्रति समर्पित रहा। गरीब व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए उनका समर्पण सदैव याद किया जायेगा। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वो (रघुवंश प्रसाद सिंह) हमेशा जमीनी स्तर पर रहकर काम करते थे। लोगों से जुड़े हुए थे। हम चाहते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिजनों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।

गौरतलब है कि रघुवंश प्रसाद सिंह के इस्तीफा देने से बिहार में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आरजेडी को झटका लगा था। रघुवंश प्रसाद सिंह पिछले 32 वर्षों से लालू प्रसाद यादव के साथ जुड़े हुए थे मगर उन्होंने दिल्ली एम्स के आईसीयू से अपना इस्तीफा रांची रिम्स में अपना इलाज करा रहे लालू प्रसाद यादव को भेजा था।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad