Advertisement

120 दिनों बाद देश में कोरोना के रिकॉर्ड 40,906 मामले दर्ज, मरने वालों की संख्या में हो रही वृद्धि; कई राज्यों में लॉकडाउन रिटर्न

देश में कोरोना के मामलों में फिर से लगातार वृद्धि हो रही है। बीते 24 घंटे में नए संक्रमण के 40,906 मामले दर्ज...
120 दिनों बाद देश में कोरोना के रिकॉर्ड 40,906 मामले दर्ज, मरने वालों की संख्या में हो रही वृद्धि; कई राज्यों में लॉकडाउन रिटर्न

देश में कोरोना के मामलों में फिर से लगातार वृद्धि हो रही है। बीते 24 घंटे में नए संक्रमण के 40,906 मामले दर्ज हुए हैं। जिसके बाद करीब 110 दिनों का रिकॉर्ड टूट गया है। मरने वालों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। एक दिन में 188 लोगों की मौत और हो गई है। एक्टिव केस बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। देश में अभी 2,85,449 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, मध्यप्रदेश और दिल्ली सरीखे अन्य राज्यों में फिर से कोरोना बेकाबू होता दिख रहा है। महाराष्ट्र में हर रोज 25 हजार से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पुणे और मुंबई में रिकॉर्ड मामले आ रहे हैं। पिछले साल भी महाराष्ट्र की स्थिति सबसे अधिक बेकाबू हो गई थी।

एमपी में रविवार को टोटल लॉकडाउन 

मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर व जबलपुर में 21 मार्च रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा। 31 मार्च तक इन तीनों शहरों में स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। ये फैसला शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बुलाई गई बैठक में लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के प्रकरण बढ़ रहे हैं। फिर से गंभीर स्थिति न हो, इससे बचने के लिए मेरा प्रदेश की जनता से अनुरोध है कि सभी अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंसिंग रखें, कहीं भीड़ न करें तथा कोरोना संक्रमण को रोकने में अपना योगदान दें।

दिल्ली में भी बढ़ने लगे मामले

दिल्ली में भी कोरोना के मामलों में लगातार फिर से वृद्धि होने लगी है। वहीं, एक्टिव केस भी बढ़ रहे हैं। बीते चौबीस घंटे में कोरोना के 716 नए मामले दर्ज किए गए हैं जबकि राजधानी में एक्टिव केस बढ़कर  3,165 हो गए हैं। बढ़ते मामले ने राजधानी की चिंता बढ़ा दी है।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक केस

फिर से महाराष्ट्र में कोरोना के मामले में तेजी से वृद्धि हो रहे हैं। एक दिन में कोरोना के 25,681 नए मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य में मरने वालों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। एक दिन में 70 लोगों ने अपनी जानें गंवाई है। एक्टिव केस नए मामले सामने आने के बाद बढ़कर 1,77,560 हो गए हैं। बीते साल भी कोरोना संक्रमित मरीजों की सबसे अधिक संख्या महाराष्ट्र में दर्ज की गई। महाराष्ट्र में कई चीजों पर पाबंदी लगा दी गई है। ऑफिस को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की चेतावनी दी गई है।

पंजाब में भी सख्ती

पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामले के चलते मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 31 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं पर मेडिकल कॉलेज खुले रहेंगे। पंजाब कांग्रेस के सभी कार्यक्रम दो हफ्तों के लिए टाल दिए गए हैं वहीं आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल की शनिवार को होने वाली रैली को भी सरकार ने रद्द करने के लिए कहा है। सरकार की तरफ से अपील की गई है कि अगर केजरीवाल पंजाब का हित चाहते हैं तो इस रैली को रद्द कर दें। इधर शिरोमणि अकाली दल ने अपनी तमाम रैलियां रद्द कर दी हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad