Advertisement

चक्रवात "यास" का रौद्र रूप- ओडिशा के बाद अब बंगाल में मचा रहा तबाही, झारखंड में भी बदला मौसम

चक्रवाती तूफान ‘यास’ ने ओडिशा के बालेश्वर क्षेत्र में तबाही मचाने के बाद पश्चिम बंगाल के कई...
चक्रवात

चक्रवाती तूफान ‘यास’ ने ओडिशा के बालेश्वर क्षेत्र में तबाही मचाने के बाद पश्चिम बंगाल के कई तटवर्ती जिलों में कहर बरपाया है और प्रचंड हवाओं और आंधी के साथ तेज बारिश से यहां काफी नुकसान पहुंचा है। 

राज्य में तूफान के कारण अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। तूफानन से प्रभावित अधिकांश इलाकों में हालांकि संचार सुविधा की समस्या बरकरार है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य सचिवालय से मंगलवार से ही स्थिति पर निगरानी रखी हुयी हैं। 

ममता बनर्जी ने कहा, “कई बांध पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई जिलों में बाढ़ आ गई है। हम अब तक लगभग 15 लाख लोगों को निकाल सके हैं।”  उन्होंने कहा,“ चक्रवाती तूफान ने पूर्वी मिदनापुर, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, मिदनापुर, पुरुलिया, झारग्राम, बांकुरा, पश्चिम बर्दवान, हावड़ा, कोलकाता और आसपास के जिलों हुगली और नदिया में 75 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आया। तटीय क्षेत्र में हवा की गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।”

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि झारखंड में आज और कल भारी बारिश हो सकती है। बिहार, सब हिमालयन पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी आज और कल आइसोलेटेड भारी बारिश से भारी बारिश हो सकती है। असम मेघालय में भी आज आइसोलेटेड भारी बारिश होने की उम्मीद है। 

उन्होंने बताया कि तूफान बालेश्वर के दक्षिण में ओडिशा तट को पार कर रहा है। अभी इसके हवा की गति 130-140 किलोमीटर प्रति घंटे है। लैंडफॉल प्रक्रिया अभी चल रही है जो 3 घंटे में पूरी होगी। इसके बाद ये कमजोर होकर उत्तर पश्चिम दिशा में गति करेगा।

उन्होंने आगे बताया कि कल सुबह ये झारखंड पहुंचेगा तब इसके हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। इसकी सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाली हवा बालेश्वर, भद्रक और पश्चिम बंगाल के मिदिनीपुर में चल रही है। ओडिशा के अंदर के ज़िलों में भी हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। 

आईएमडी के महानिदेशक ने बताया कि ये सभी हवा की गति आज रात तक रहेगी उसके बाद काफी हद तक कम हो जाएगी। आज भी उत्तर ओडिशा और तटीय ओडिशा में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल में भी आज आइसोलेटेड भारी से बहुत भारी बारिश होगी, कल भी अंदर के ज़िलों में बारिश हो सकती है। 

आईएमडी के महानिदेशक (डीजी) मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि 'यास' आज सुबह 7 बजे धर्मरा से 40 किमी दूर केंद्रित था और 15 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा था। इसके धामरा तट तक पहुंचने और लगभग 10 बजे लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू करने की संभावना थी।

उन्होंने कहा कि लैंडफॉल प्रक्रिया दो से तीन घंटे तक चलेगी और दोपहर के कुछ समय बाद पूरी हो जाएगी। इसके प्रभाव से भद्रक और बालासोर जिलों में शाम तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। इन दोनों जिलों में आज सुबह हवा की गति लगभग 80-90 किमी प्रति घंटे थी, जो यास के तट पर पहुंचते  ही 130-140 किमी प्रति घंटे तक चली जाएगी। महापात्र ने कहा कि लैंडफॉल के बाद बारिश और हवा की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी।

ओडिशा के उत्तरी तटीय जिलों धर्मा और बालासोर तक पहुंचने के अनुमान के मद्देनजर अब तक दो लाख से अधिक लोग राहत शिविरों में पहुंचा दिये गये हैं। राज्य के राहत आयुक्त प्रदीप कुमार जेना ने बताया कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कल रात नौ बजे तक जारी रहा और राज्य सरकार ने करीब साढ़े सात लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad