Advertisement

अब दिल्ली के जाफराबाद में 'शाहीन बाग' जैसा प्रदर्शन, सड़क पर बैठी महिलाएं, मेट्रो स्टेशन बंद

राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ शाहीन बाग जैसा एक और प्रदर्शन शुरू हो गया है।...
अब दिल्ली के जाफराबाद में 'शाहीन बाग' जैसा प्रदर्शन, सड़क पर बैठी महिलाएं, मेट्रो स्टेशन बंद

राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ शाहीन बाग जैसा एक और प्रदर्शन शुरू हो गया है। यहां जाफराबाद में शनिवार लगभग आधी रात से महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं। यहां पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय की महिलाएं आधी रात को जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के नीचे से गुजरने वाली सड़क पर बैठ गईं और सीएए-एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। कहा जा रहा है कि प्रदर्शनकारी रविवार को जाफराबाद रोड से राजघाट तक पैदल मार्च निकालेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मार्च के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

प्रदर्शनकारी महिलाएं जाफराबाद मेट्रो स्टेशन परिसर में जमी हुई हैं। जाफराबाद मुख्य सड़क पर उतर आईं महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए एक तरफ से रास्ते को बंद कर दिया। उत्तर पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या मौके पर हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं व लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन जब वह तैयार नहीं हुए तो पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों ने महिलाओं को खदेड़ दिया। हालांकि खदेड़ने के बाद वापस सड़क पर आकर डट गईं। देर रात तक जाफराबाद में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस अधिकारी ड्रोन उड़ाकर हालात का जायजा ले रहे थे। बुशरा नामक महिला ने कहा कि सीएए को वापस लिए जाने तक प्रदर्शनकारी यहां से नहीं हटेंगे। सामाजिक कार्यकर्ता फहीम बेग ने कहा कि लोग इस मामले पर सरकार के रुख से नाराज हैं।

जाफराबाद मेट्रो स्टेशन बंद

वहीं, सुरक्षा के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने जाफराबाद मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया। यहां प्रवेश और निकास को बंद किया गया है। इस स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा।

चांदबाग में भी प्रदर्शन

जाफराबाद के बाद चांद बाग में प्रदर्शनकारियों ने वजीराबाद रोड भी ब्लॉक कर दिया है। सिग्नेचर ब्रिज वजीराबाद से हिंडन एयरबेस जाने वाले रोड पर प्रदर्शनकारी बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने भजनपुरा चौराहे से थोड़ा आगे यमुना विहार के सामने मेन वजीराबाद रोड बंद किया है। हालांकि हिंडन से वजीराबाद जाने वाला रोड खुला है।

प्रदर्शनस्थल पर सुरक्षा बढ़ाई गई

महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में महिला पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बल को तैनात किया गया है। जाफराबाद में ऐसे समय में प्रदर्शन शुरू हुआ है जब शाहीन बाग में सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों ने एक सड़क को खाली कर दिया है।

दिल्ली से ऐतिहासिक भारत बंद की शुरुआत: चंद्रेशखर

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्र शेखर आजाद ने ट्वीट कर कहा है, 'ऐतिहासिक भारत बंद की शुरुआत जाफराबद सीलमपुर दिल्ली से कर दी गई है, दिल्ली के साथी जाफराबाद पहुंचें। आज संवैधानिक दायरे में रहते हुए पूरा भारत बंद किया जाएगा। भाजपा सरकार को बहुजनों की ताकत का अहसास करवाया जाएगा।' भीम आर्मी का कहना है कि यह भारत बंद संविधान और आरक्षण से छेड़छाड़ के विरोध में है। इसे सीएए और एनआरसी के विरोध से भी जोड़ा रहा है। बता दें कि भीम आर्मी से जुड़े कई लोगों के ट्वीट को भी चंद्र शेखर आजाद ने रीट्वीट किया है। ट्विट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि सीलमपुर में महिलाओं ने रात से ही मुख्य सड़क को बंद कर दिया है और वे धरने पर बैठी गई हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad