Advertisement

अमित शाह को स्वाइन फ्लू, जेटली भी मेडिकल चेकअप के लिए गए अमेरिका

भारतीय जनता पार्टी के दो दिग्गज नेता इन दिनों स्वास्थ्यगत समस्याओं से जूझ रहे हैं। केंद्रीय वित्त...
अमित शाह को स्वाइन फ्लू, जेटली भी मेडिकल चेकअप के लिए गए अमेरिका

भारतीय जनता पार्टी के दो दिग्गज नेता इन दिनों स्वास्थ्यगत समस्याओं से जूझ रहे हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली जहां मेडिकल चेकअप के लिए अमेरिका गए हैं, वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को स्वाइन फ्लू होने के कारण बुधवार को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया।

जेटली को ऐसे समय में इलाज के लिए अमेरिका जाना पड़ा है, जब वित्त मंत्रालय में अंतरिम बजट की तैयारियां जोरों पर हैं। यह मोदी सरकार के कार्यकाल का अंतिम बजट है। कहा जा रहा है कि वे 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश नहीं कर पाएंगे। 31 जनवरी से बजट सत्र शुरू हो रहा है।

इधर, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को स्वाइन फ्लू हो गया है। शाह ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही स्वस्थ हो जाऊंगा।’’

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, भाजपा नेता को सीने में जकड़न और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।वह रात करीब नौ बजे अस्पताल पहुंचे और उन्हें पुराने निजी वार्ड में भर्ती किया गया है।

उन्होंने बताया कि एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया की निगरानी में डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। शाह को देखने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और दिल्ली से भाजपा सांसद महेश गिरी और मीनाक्षी लेखी अस्पताल पहुंचे।

मई में हुआ था जेटली का गुर्दा प्रत्यारोपण

जेटली का पिछले साल 14 मई को एम्स में गुर्दा प्रत्यारोपण हुआ था। रविवार को उनके अमेरिका रवाना होते वक्त माना गया था कि वह गुर्दे की बीमारी से जुड़ी जांच के लिए ही गए हैं। उनकी वापसी की तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी स्पष्ट नहीं है। गुर्दा प्रत्यारोपण के बाद जेटली के ऑफिस में लौटने तक रेल मंत्री पीयूष गोयल ने वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। वहीं सितंबर 2014 में जेटली की बैरियाट्रिक सर्जरी भी हुई थी।

राहुल ने की जेटली के स्वस्थ होने की कामना

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। राहुल ने अपने संदेश में कहा है कि वह वित्त मंत्री के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम उनसे उनके विचारों को लेकर रोजाना के कामकाज में लड़ते रहते हैं, लेकिन मैं और मेरी कांग्रेस पार्टी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने हम और हमारी पार्टी इस कठिन वक्त में पूरी तरह से आपके और आपके परिवार के साथ हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement