Advertisement

नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी गोलीबारी में दो जवान शहीद, पांच जख्मी

पुंछ जिले में कृष्णा घाटी और पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के करीब पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए और पांच अन्य जख्मी हो गए। जख्मी होने वालों में दो सैनिक, दो महिलाएं और बीएसएफ के एक अधिकारी शामिल हैं। भारत की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियां ध्वस्त होने की खबर है।
नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी गोलीबारी में दो जवान शहीद, पांच जख्मी

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिला स्थित कृष्णा घाटी में पाकिस्तानी सेना ने घुसपैठ कराने के दो प्रयास के तहत भारी गोलीबारी की जिसमें एक जवान शहीद हो गया। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि घुसपैठ का प्रयास विफल करने के तहत कृष्णा घाटी सेक्टर में दिन की शुरूआत में सेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि पुंछ जिले के पुंछ सेक्टर में सीमा पार से हुई गोलीबारी में एक अन्य सैनिक शहीद हो गया और दो अन्य जख्मी हो गए। उन्होंने कहा, पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने कम से कम चार स्थानों पर बेतरतीब गोलीबारी की जिसमें उन्होंने नागरिक ठिकाने, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। अधिकारी ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट आने तक गोलीबारी जारी है। सेना ने कहा कि घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया गया है और पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पार पाकिस्तानी चौकियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। 

कृष्णा घाटी सेक्टर में शहीद हुए जवान की पहचान 22 सिख रेजिमेंट के सिपाही गुरसेवक सिंह (23) के रूप में हुई है। सिंह पंजाब के तरन तारन इलाके के निवासी हैं। उधर पुंछ सेक्टर में मारे गए सैनिक की पहचान नायक टुकपरे राजेन्द्र नारायण के रूप में हुई है जो महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के रहने वाले हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि अर्द्धसैनिक बल के एक उपनिरीक्षक नितिन कुमार को छर्रे लगे हैं और उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है। इधर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जख्मी महिला की पहचान पुंछ निवासी सलीमा अख्तर और जरीफा बेगम के रूप में हुई है। जरीफा बेगम विशेष पुलिस अधिकारी के तौर पर काम करती हैं। उन्हें पुंछ के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है।

इस बीच सेना की ओर से बताया गया कि पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया और 120 एमएम मोर्टार, 80 एमएम मोर्टार और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की गई। सेना के अधिकारी ने कहा, हमारे जवान करारा जवाब दे रहे हैं जिसमें पाकिस्तानी चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो दिनों तक शांति रहने के बाद आज फिर से संघर्षविराम उल्लंघन हुआ। अधिकारियों ने कहा, भारतीय सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के पार 28 सितंबर की रात को सर्जिकल स्ट्राइक करने के बाद पाकिस्तान द्वारा लगातार संघर्षविराम उल्लंघन किया जा रहा है। जम्मू में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी गोलीबारी में अब तक कुल 18 लोग मारे जा चुके हैं जिनमें 12 नागरिक हैं और 83 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement