Advertisement

बाढ़ से अब तक 169 लोगों की मौत, 10 लाख से अधिक लोग राहत शिविरों में

महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और गुजरात में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। इन राज्यों में अब तक लगभग 169...
बाढ़ से अब तक 169 लोगों की मौत, 10 लाख से अधिक लोग राहत शिविरों में

महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और गुजरात में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। इन राज्यों में अब तक लगभग 169 लोगों की जान जा चुकी है और दस लाख से ज्यादा लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। एनडीआरएफ सहित अन्य सुरक्षा बलों की 123 टीमें तैनात की गई हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक और महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वे किया। जबकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल में बाढ़ से बिगड़े हालात का जायजा लिया।

कर्नाटक में बिगड़े हालात

गृह अमित शाह ने रविवार को बेलगावी जिले का हवाई सर्वे किया। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी उनके साथ थे। राज्य के बेलगावी, बगलकोट, विजयपुरा, गडग, उत्तर कन्नड़, रायचुर, यादगीर, दक्षिण कन्नड, उडुपी, चिकमगलूर व कोडागु जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। यहां मरने वालों की संख्या 31 हो गई है। जबकि 14 लोग लापता हैं। 3.14 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें से 2.18 लोग 924 राहत शिविरों में शरण लिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है।

महाराष्ट्र में 10 जिले प्रभावित

महाराष्ट्र में कोल्हापुर, सांगली, सतारा, ठाणे, पुणे, नासिक, पालघर, रत्नागिरी, रायगढ़ और सिंधूदुर्ग जिले पिछले एक हफ्ते से जारी भारी बारिश के चलते बाढ़ से जूझ रहे हैं। यहां मरने वालों की संख्या 30 से ज्यादा पहुंच गई है। 4 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है। रविवार को गृह मंत्री अमित शाह ने कोल्हापुर और सांगली जिलों का हवाई सर्वे किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें हालात की जानकारी दी।

केरल में 67 की मौत

केरल में भी हालात गंभीर हैं। यहां 67 लोगों की मौत हो गई है और 2.27 लाख लोग 1551 राहत शिविरों में रह रहे हैं। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। आठ अगस्त को भूस्खलन में मालाप्पुरम का कवलप्पारा गांव दब गया। 65 लोग दब गए हैं। 11 लोगों के शव अब तक निकाले गए हैं। बाढ़ का जायजा लेने कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल पहुंचे। उनका संसदीय क्षेत्र वायनाडु सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। उन्होंने राहत शिविरों में वायनाड के बाढ़ प्रभावितों का हाल जाना। वह कवलप्पारा भी गए।

गुजरात के कई हिस्सों में बारिश का कहर

मध्य गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों के कई हिस्सों में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि रविवार को सौराष्ट्र क्षेत्र में पोरबंदर तट से दूर अरब सागर में तीन नौकाओं के फंसने के बाद 5 मछुआरे डूब गए।

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि एक अन्य घटना में सुरेन्द्रनगर के वावडी गांव के 7 लोग फल्कु नदी की तेज धारा में बह गए। छह शव अब तक बरामद किए गए हैं।

रेलवे ने तीन राज्यों में मालभाड़ा किया माफ

रेलवे ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल के लिए भेजे जानी वाली राहत सामग्री को भाड़े से छूट दे दी है। रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर (ट्रैफिक कॉमर्सियल) महेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी संगठन मालगाड़ी और पार्सल वैन से देश के किसी भी हिस्से से इन तीनों राज्यों के लिए राहत सामग्री भेज सकेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad