Advertisement

राजस्थान: धार्मिक कार्यक्रम में पंडाल गिरने से 14 की मौत, पीएम मोदी और सीएम गहलोत ने जताया दु:ख

राजस्थान के बाड़मेर में रविवार को बारिश और तूफान ने कई लोगों की जान ले ली। दरअसल, जिले के एक गांव में...
राजस्थान: धार्मिक कार्यक्रम में पंडाल गिरने से 14 की मौत, पीएम मोदी और सीएम गहलोत ने जताया दु:ख

राजस्थान के बाड़मेर में रविवार को बारिश और तूफान ने कई लोगों की जान ले ली। दरअसल, जिले के एक गांव में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था और अचानक तेज तूफान आने से पंडाल गिर गया। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के नाहटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तूफान इतना तेज था कि लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला।

दरअसल, जसोल गांव में राम कथा चल रही थी और तूफान के कारण आयोजन स्थल पर पंडाल गिर गया। कहा यह भी जा रहा है कि बारिश के दौरान पंडाल गिरने से करंट दौड़ गया, जिससे लोगों की जान चली गई। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है।

मुख्यमंत्री गहलोत का ट्वीट

वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर हादसे के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'जसोल, बाड़मेर में राम कथा के दौरान टेंट गिरने से हुए हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने की जानकारी अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को संबल देने की प्रार्थना है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने बताया, 'स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव का कार्य किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को हादसे की जांच करने, घायलों का शीघ्र उपचार सुनिश्चित करने तथा प्रभावितों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।'

मुख्यमंत्री ने मरने वालों के परिवार वालों को 5 लाख और घायलों को 2 लाख तक की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। पीएम ने कहा, 'बाड़मेर में पंडाल गिरना दुर्भाग्यपूर्ण है। शोक संतप्त परिवारों से मेरी संवेदना है और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad