Advertisement

प्यार और भाईचारे से एक नये हिंदुस्तान की रचना करेंगे: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाल लिया। सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की मौजूदगी...
प्यार और भाईचारे से एक नये हिंदुस्तान की रचना करेंगे: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाल लिया। सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की मौजूदगी में उन्होंने 132 साल पुरानी पार्टी की बागडोर संभाली। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष एम. रामचन्द्रन ने राहुल को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने का सर्टिफिकेट सौंपा। बतौर अध्यक्ष अपने पहले संबोधन में राहुल ने भाजपा और मोदी सरकार पर जमकर हमले किए।

जानिए, उनके भाषण की 5 अहम बातें-

1. भाजपा तोड़ती है, हम जोड़ते हैं

राहुल गांधी ने कहा कि एक बार आग लगती है तो उसे बुझाना मुश्किल होता है और भाजपा देश में आग लगा रही है। देश में हिंसा फैलाई जा रही है। भाजपा तोड़ती है और हम जोड़ते हैं।

2. प्यार और भाईचारे से एक नए हिंदुस्तान की रचना करेंगे

राहुल गांधी ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं समेत देश के हर नागरिक का जिक्र करते हुए कहा कि हम हर भारतीय की आवाज को सुरक्षा देंगे, उन्हें बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर प्यार और भाईचारे से एक नये हिंदुस्तान की रचना करेंगे।

3. आज लोगों को इसलिए पीटा जाता है क्योंकि उनका विश्वास अलग है

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि 13 साल पहले मैं राजनीति में आया था, लेकिन आज लोगों की सेवा के लिए राजनीति का उपयोग नहीं किया रहा है बल्कि जनता को कुचला जा रहा है। आज देश में लोगों को इसलिए पीटा जाता है कि उनका विश्वास अलग है और उनको खाने के लिए भी मार दिया जाता है।

4. हम गुस्से की राजनीति को हराएंगे

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज वे इसलिए जीत जाते हैं क्योंकि वे ताकतवर हैं। वे हम पर हमले करते हैं, लेकिन वे हमें केवल हरा सकते हैं, लेकिन उनका गुस्सा हमें मजबूत बनाता है। हम कमजोर होने वाले नहीं हैं, हम देश के भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम गुस्से की राजनीति को हराएंगे।

5. भाजपा की विचारधारा से असहमत लेकिन उनसे नफरत नहीं

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, हम भाजपा को भाई-बहन समझते हैं, लेकिन हम उनसे सहमत नहीं हैं। वे आवाज को दबाते हैं लेकिन हम उन्हें बोलने का मौका देते हैं। वे हमारे ऊपर हमले करते हैं, लेकिन हम उनका सम्मान करते हैं और यदि भाजपा को गलत कामों से कोई रोक सकता है तो वह कांग्रेस के प्यारे कार्यकर्ता और नेता हैं। हम कांग्रेस को ‘ग्रैंड ओल्ड और यंग पार्टी’ बनाएंगे। हम क्रोध की राजनीति से लड़ेंगे।

मनमोहन सिंह बोले-पार्टी नई ऊंचाई प्राप्त करेगी

इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भरोसा जताया कि राहुल की अगुवाई में पार्टी नई ऊंचाई और सफलता प्राप्त करेगी। 

सोनिया गांधी ने कहा, मैं अपने परिवार को राजनीति से दूर रखना चाहती थी

कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की ताजपोशी पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि पति राजीव गांधी की हत्या के बाद मैं अपने बच्चों और परिवार को राजनीति से दूर रखना चाहती थी। लेकिन मैं चाहती थी कि पति राजीव गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का बलिदान व्यर्थ न जाए, इसलिए राजनीति में आयी। देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझते हुए राजनीति में आई।

 मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल

दिल्ली में कांग्रेस के मुख्यालय 24 अकबर रोड पर जश्न का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता खुशी में झूम रहे हैं। लोग पोस्टर और बैनरों के साथ वहां पर पटाखे छोड़कर खुशियां मना रहे हैं और राहुल के समर्थन में नारे लगा रहे हैं।

इस मौके पर कांग्रेस मुख्यालय के आस-पास का पूरा क्षेत्र राहुल गांधी के पोस्टरों और होर्डिंग से भरा हुआ देखा जा सकता है। तस्वीर में यह देखा जा सकता है कि समर्थकों के लिए यहां पर लड्डू मंगवाया गया है और वे नाच गाने के साथ इस पल को सेलिब्रेट कर रहे हैं।

भारी संख्या में जुटे समर्थक

कांग्रेस मुख्यालय पर आज सुबह से लोगों का जमावड़ा होना शुरू हो चुका है। समर्थक गाजे बाजे और पोस्टर-बैनर के साथ पार्टी दफ्तर पहुंचे हैं। पार्टी मुख्यालय के पास सुरक्षा भी बढाई गई है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।  

राहुल गांधी ने 4 दिसंबर को इस पद के चुनाव में नामांकन किया था। उनके खिलाफ किसी ने भी नामांकन नहीं दाखिल किया था। इस बीच नाम वापसी की आखिरी समय सीमा खत्म होने के बाद सोमवार की शाम 3 बजे के बाद राहुल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष घोषित कर दिए गए।

बता दें कि इसी के साथ सोनिया गांधी के 19 साल का अध्यक्षीय युग समाप्त हो गया है। कांग्रेस के 132 साल के इतिहास में सोनिया गांधी सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad