Advertisement

मुंबई के आरे कॉलोनी में पेड़ काटने के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, 29 लोग गिरफ्तार, धारा 144 लागू

मुंबई के आरे कॉलोनी में पेड़ काटने का मामला धीरे-धीरे गरमाता जा रहा है। बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा आरे...
मुंबई के आरे कॉलोनी में पेड़ काटने के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, 29 लोग गिरफ्तार, धारा 144 लागू

मुंबई के आरे कॉलोनी में पेड़ काटने का मामला धीरे-धीरे गरमाता जा रहा है। बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा आरे कॉलोनी को जंगल घोषित करने की सभी याचिकाओं को खारिज करने के बाद से ही यहां पेड़ काटने का सिलसिला शुरू हो गया। हालांकि, कुछ देर में ही प्रदर्शनकारी भी वहां पहुंच गए और मेट्रो रेल साइट पर जमकर नारेबाजी की। आरे कॉलोनी की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर पुलिस ने बैरिकेड लगा दी है।  हालत यह है कि कई किलोमीटर पहले ही लोगों के अंदर घुसने पर रोक लगा दी गई है और धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं पुलिस से प्रदर्शनकारियों की झड़प के बाद कई लोग हिरासत में लिए गए हैं। इस बवाल के बीच 29 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रियंका ने ट्वीट कर आरे जाने की बात कही थी।

कॉलोनी के तीन किलोमीटर तक के इलाके में किसी को पुलिस आने की इजाजत नहीं दे रही है। बताया जा रहा है कि 100 से ज्यादा लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मीडिया को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। अब इसको लेकर शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार पर हमला बोला है।

 

पुलिस ने मुझे जबरन हटाया- प्रियंका चतुर्वेदी

 

आरे मामले पर शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्विटर पर लिखा, 'मुझे पुलिस ने जबरन मौके से हटा दिया, जबकि मैं कानून का उल्लंघन नहीं कर रही थी। पुलिस मुझे बता भी नहीं रही है कि मुझे कहां ले जाया जा रहा है।'

शिवसेवना का बीजेपी पर हमला

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा,'जलवायु परिवर्तन पर केंद्र सरकार के मंत्रालय का कोई मतलब नहीं है। मुंबई मेट्रो के निर्माण के साथ प्लास्टिक प्रदूषण के बारे में बात करना है संवेदनहीनता है। आरे के आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण को तबाह किया जा रहा है। अहंकार की लड़ाई इसे बनाने के उद्देश्य को नष्ट कर रही है।' आदित्य ठाकरे ने आगे कहा, 'मुंबई मैट्रो उन सभी चीजों को खत्म कर रहा है जिसकी बात भारत ने यूएन में की थी।'

यह मामला मुंबई बनाम एनवायरमेंट का है

इससे पहले भी आदित्य ठाकरे ने मैट्रो कार शेड के लिए आरे की जंगल को काटने की बात पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। आदित्य ठाकरे ने कहा था कि आरे कॉलोनी को नहीं तोड़ा जाना चाहिए। यह मामला आदित्य बनाम सीएम का नहीं है। यह मामला बीजेपी बनाम शिवसेना का भी नहीं है। यह मामला मुंबई बनाम एनवायरमेंट का है।' बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों पर होने वाले चुनाव में भले ही शिवसेना और बीजेपी के बीच गठबंधन हो, लेकिन शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे आरे के जंगलों पर गठबंधन से अलग राय रखते हैं।

बॉलीवुड स्टार्स ने जताया विरोध

इस बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर, फिल्मकार ओनिर समेत कई बड़ी हस्तियों ने भी ट्विटर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। काटे जा रहे पेड़ों के वीडियो को ट्वीट कर रहे हैं। विरोध में लोग यह भी लिख रहे हैं कि आरे कॉलोनी को बर्बाद किया जा रहा है।

पीएम मोदी को पत्र

आरे जंगल में पेड़ों को काटने के विरोध में पर्यावरणविद और वकील गॉडफ्रे पिमेंता ने पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। पत्र में कहा गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन सबका साथ सबका विकास को ध्यान में रखते हुए फैसला लेना चाहिए था। हम उम्मीद करते हैं कि आरे मिल्क कॉलोनी की सुरक्षा के लिए कई अहम कदम उठाए जाएंगे।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, मुंबई के आरे क्षेत्र में एक मेट्रो कार शेड बनना है। इस मेट्रो कार शेड को बनाने में लगभग 2700 पेड़ काटे जाने है। इसी बात का पर्यावरणविद और स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे पर्यावरण पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad