Advertisement

2019 में राहुल गांधी को PM बनने से कोई नहीं रोक सकता: सिद्दारमैया

नई दिल्ली में आज कांग्रेस का 84वां महाधिवेशन चल रहा है। इस मौके पर कर्नाटक मुख्मंत्री सिद्दारमैया ने...
2019 में राहुल गांधी को PM बनने से कोई नहीं रोक सकता: सिद्दारमैया

नई दिल्ली में आज कांग्रेस का 84वां महाधिवेशन चल रहा है। इस मौके पर कर्नाटक मुख्मंत्री सिद्दारमैया ने कहा कि 2019 में राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता।

राहुल गांधी ने कहा- देश भाजपा से थक गया है

महाधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर देश को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘देश को बांटने की कोशिश की जा रही है। देश में गुस्सा फैलाया जा रहा है तथा लोगों में जहर घोलने का काम किया जा रहा लेकिन इसका मुकाबला केवल कांग्रेस ही कर सकती है।‘

राहुल ने कहा- ‘देश एक प्रकार से भाजपा से थका हुआ है, रास्ता खोज रहा है। ऐसे में देश को सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही रास्ता दिखा सकती है। कांग्रेस पार्टी की परंपरा हमारे अतीत और विरासत को भूले बिना परिवर्तन को गले लगाने की है।‘ उन्होंने कहा, ‘हाथ का प्रतीक कांग्रेस पार्टी का प्रतीक है। यह एक प्रतीक है जो देश को एक साथ रखता है, हमें रास्ता दिखाता है और यही हाथ भारत देश को आगे बढ़ाएगा।‘

मल्लिकार्जुन खड्गे बोले- आरएसएस-भाजपा के लोगों को इंसान कहते अच्छा नहीं लगता

कांग्रेस संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड्गे ने महाअधिवेशन में भाजपा और आरएसएस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि तिमिर को रोशनी कहते हुए अच्छा नहीं लगता, मुझे गम को खुशी कहते हुए अच्छा नहीं लगता...लहू इंसानियत को जो दिन-रात पीते हैं आरएसएस-भाजपा के लोग उनको इंसान कहते हुए मुझे अच्छा नहीं लगता।

खड्गे ने कहा कि कांग्रेस ने भारत को आजादी दिलाई और लोकतंत्र की स्थापना में मदद की। यह लोकतंत्र ही है जिसकी वजह से मोदी सरकार में आए पर यह विडंबना है कि उनकी सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी से प्रेरणा लेकर पूरे देश में लोगों तक पहुंची। पार्टी ने सभी बंधनों को तोड़ते हुए दुनिया के सबसे बड़े स्वतंत्रता संग्राम से लोगों को जोड़ा और स्वतंत्रता हासिल की। खड्गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर एक देशवासियों की है। पं. जवाहर लाल नेहरू के दूरदर्शी नेतृत्व में कांग्रेस ने बड़े पैमाने पर उद्योगों, सिंचाई परियोजनाओं की स्थापना की और देश को आगे बढ़ाया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सदस्यों और कार्यकर्ताओं के सहयोग और आशीर्वाद से पार्टी कांग्रेस में फिर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओ से अपील की कि वे भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं की तरह घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें जिससे हमें मदद हो सके।

सचिन पायलट ने कहा- कांग्रेस 2019 में आम चुनाव जीतेगी

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि जो हमें चुनौती देते हैं मैं उनसे कहना चाहता हूं कि जैसे अभी हमने राहुल गांधी के नेतृत्व में उपचुनाव जीते हैं वैसे ही आने वाले दिनों में राज्य भी जीतेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2019 के आम चुनाव में भी जीत हासिल करेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad