Advertisement

उत्तराखंड के औली में होने जा रही गुप्ता बंधुओं के दो बेटों की शादी, 200 करोड़ होंगे खर्च

उत्तराखंड की सबसे मंहगी शादी औली में होने जा रही है। भारत से जाकर साउथ अफ्रीका में बसे उद्योगपति...
उत्तराखंड के औली में होने जा रही गुप्ता बंधुओं के दो बेटों की शादी, 200 करोड़ होंगे खर्च

उत्तराखंड की सबसे मंहगी शादी औली में होने जा रही है। भारत से जाकर साउथ अफ्रीका में बसे उद्योगपति गुप्ता बंधुओं अजय और अतुल ने अपने दो बेटों की शादी के लिए उत्तराखंड को चुना है। 18 से 22 जून के बीच होने वाली इन शादियों के लिए जोशीमठ से लेकर औली तक की हर दुकान को गुप्ता बंधुओं ने किराये पर ले लिया है। पूरे आयोजन के लिए परिवार लगभग दो सौ करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।

इस शादी में मेहमान तो गिने-चुने ही बुलाएं गए हैं, लेकिन खर्चा दो सौ करोड़ के करीब होगा। औली के स्कीइंग क्षेत्र को वेडिंग प्वाइंट के तौर पर विकसित किया जाएगा। एक प्रसिद्ध वेडिंग प्लानर कंपनी के आठ सौ कर्मचारी अगले दो सप्ताह औली को अंतरराष्ट्रीय वेडिंग डेस्टिनेशन में तब्दील करेंगे। उत्तराखंड में शादी के आयोजन का फैसला गुप्ता परिवार ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के आग्रह पर किया है।

इटली में होनी थी शादी

इससे पहले परिवार इटली में इस शादी समारोह को प्लान कर चुका था, लेकिन आखिरी समय में औली को समारोह के लिए चुना गया। गुप्ता परिवार के मित्र सुमित अदलखा ने बताया कि तैयारियां शुरू हो गई हैं। दो सप्ताह में समारोह स्थल तैयार कर लिया जाएगा। समारोह में करीब दो सौ करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। समारोह न केवल भव्य रहेगा बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा को भी प्रमोट करेगा।

पहुंचेगी 55 बॉलीवुड हस्तियां

परिवार ने समारोह में 150 मेहमानों को आमंत्रित किया है। इसमें देश और विदेश के प्रसिद्ध उद्योगपतियों के अलावा राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा समारोह में 55 बॉलीवुड के अभिनेता, अभिनेत्रियां और सिंगर बुलाए गए हैं।

दो सौ हेलिकॉप्टर बुक

शादी समारोह में देश-विदेश के कई मेहमान पहुंचेंगे। इनके लिए दो सौ हेलीकाप्टर बुक किए गए हैं। हेलीकाप्टर दिल्ली और देहरादून से उड़ान भरेंगे। दिल्ली से सभी मेहमानों को उत्तराखंड लेकर आएंगे और शादी के साथ हिमालय दर्शन भी कराएंगे।

दक्षिण अफ्रीका में भ्रष्टाचार के आरोपी हैं गुप्ता बंधु

दक्षिण अफ्रीका में देश के सबसे बड़े घोटाले में भारत के गुप्ता बंधुओं का नाम आया था। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप और उनके मित्र पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के खिलाफ गंभीर आरोप लगे थे।

ऐसे आरोप हैं कि देश के वित मंत्री एनएम नेने को 2015 में राष्ट्रपति जुमा ने गुप्ता भाइयों के कहने पर निकाल दिया था। बात इतनी बढ़ी कि ज़ुमा को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देना पड़ा और उसके बाद नेने को दोबारा वित्त मंत्री बना दिया गया।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement