Advertisement

इंटरपोल ने नित्यानंद के खिलाफ जारी किया ब्लू कॉर्नर नोटिस, गुजरात पुलिस ने किया था अनुरोध

इंटरपोल ने गुजरात पुलिस के अनुरोध पर स्व-घोषित भगवान नित्यानंद के खिलाफ 'ब्लू नोटिस' जारी किया है।...
इंटरपोल ने नित्यानंद के खिलाफ जारी किया ब्लू कॉर्नर नोटिस, गुजरात पुलिस ने किया था अनुरोध

इंटरपोल ने गुजरात पुलिस के अनुरोध पर स्व-घोषित भगवान नित्यानंद के खिलाफ 'ब्लू नोटिस' जारी किया है। दरअसल, ब्लू नोटिस ऐसे व्यक्ति को खोजने के लिए जारी किया जाता है जो लापता या अज्ञात अपराधी है या सामान्य आपराधिक कानून के उल्लंघन के लिए वॉन्टेड है। भगोड़े बाबा नित्यानंद पर रेप का आरोप है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

 

बता दें कि देश छोड़कर भागे दुष्कर्म के हाई प्रोफाइल आरोपी नित्यानंद का कोई सुराग नहीं है। पुलिस और एजेंसियों को भनक तक नहीं लगी और अपनी शिष्याओं से दुष्कर्म का आरोपी नित्यानंद देश छोड़ कर चला गया। इतना ही नहीं उसने वीडियो के जरिए एजेंसियों को चुनौती भी दी थी।

कोई भी अदालत उसे सजा देकर सच बोलने से नहीं रोक सकती

विदेश मंत्रालय ने सभी देशों में भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों को अलर्ट कर रखा है। एक वीडियो संदेश में नित्यानंद ने कहा था है कि कोई भी अदालत उसे सजा देकर सच बोलने से नहीं रोक सकती। नित्यानंद के मुताबिक वह भगवान शिव का परम रूप है और इस सच को दुनिया को बताना चाहता है।

ऐसे चर्चा में आया था नित्यानंद

एक वेबसाइट पर इक्वाडोर में हजारों एकड़ जमीन खरीद कर उसे कैलाश नामक हिंदू राष्ट्र बनाने का दावा करने के बाद नित्यानंद चर्चा में आया था। इसका संज्ञान लेते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा था कि इक्वाडोर सरकार ने नित्यानंद के वहां होने से इनकार किया है। मंत्रालय ने कहा था कि नित्यानंद किस देश में है इसकी भी जानकारी नहीं है।

पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया नित्यानंद आश्रम

दो साधिकाओं के अचानक लापता होने के बाद विवादों में आए नित्यानंद स्वामी के आश्रम को अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया है। यह आश्रम दिल्ली पब्लिक स्कूल परिसर में अवैध रूप से बनाया गया था। उधर, दोनों लापता साधिकाओं के वेस्टइंडीज के बारबाडोस में होने का पता चला है।

नित्यानंद स्वामी के पूर्व साधक ने बेंगलुर आश्रम से अपनी दो पुत्रियों को उनकी मंजूरी के बिना अहमदाबाद आश्रम में लाने पर विरोध जताया था। इस मामले में पुलिस शिकायत के बाद जांच हुई तो पता चला कि आश्रम डीपीएस स्कूल परिसर में गैरकानूनी तरीके से बनाया गया है। इस मामले में डीपीएस संचालकों व आश्रम संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सरकार ने नित्यानंद की इस बात को किया था सिरे से खारिज

विदेश मंत्रालय ने बताया था कि किसी एजेंसी ने इस भगोड़े स्वामी का पता लगाने के मामले में संपर्क नहीं किया। वहीं, सरकार ने इक्वाडोर में नित्यानंद के अलग देश बनाने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया था। नित्यानंद के खिलाफ 22 नवंबर को दो बच्चियों के अपहरण का मामला दर्ज करने वाली गुजरात पुलिस ने माना था कि नित्यानंद देश छोड़ कर भाग चुका है।

नित्यानंद पर ये मामला है दर्ज

नित्यानंद पर कर्नाटक में भी अपनी शिष्याओं से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। नित्यानंद का पासपोर्ट 2018 में ही रद्द हो चुका है। एजेंसियों को शक है कि वह नेपाल के रास्ते बिना पासपोर्ट भाग गया।

मामले की जांच कर चुका है गुजरात बाल आयोग

गौरतलब है कि नित्यानंद के आश्रम में रहने वाले बच्चों को प्रताड़ित करने व उनसे श्रम कराने की गुजरात बाल आयोग जांच कर चुका है। आयोग की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं, जिसके चलते आश्रम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। नित्यानंद पर इससे पहले भी कई तरह के आरोप लग चुके हैं। इसकी के चलते गुजरात की पुलिस ने उन पर सख्ती की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad