Advertisement

त्रिपुरा में भाजपा जीती तो केंद्रीय योजनाओं का लाभ गरीबों को मिलेगा: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिपुरा के अगरतला में आज कहा कि अगर त्रिपुरा में होने...
त्रिपुरा में भाजपा जीती तो केंद्रीय योजनाओं का लाभ गरीबों को मिलेगा: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिपुरा के अगरतला में आज कहा कि अगर त्रिपुरा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत कर सत्ता में आती है तो यह सुनिश्चित होगा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों को मिले, चाहे वह पूर्वोत्तर का राज्य क्यों न हो।

पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए सोमवार को यहां आए आदित्यनाथ ने बताया कि वाम मोर्चा की सरकार ने त्रिपुरा में 25 साल तक शासन किया लेकिन वह विभिन्न केंद्रीय योजनाओं का लाभ गरीबों को देने मे नाकाम रही।

उन्होंने बताया कि अगर राज्य में भाजपा विधानसभा चुनाव जीत कर सत्ता में आती है तो यह केंद्र के साथ बेहतर संबंध बनाए रखेगी और सभी केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों को मिलेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘केंद्र और राज्य में सरकार में अगर एक ही पार्टी हो तो विकास योजनाओं का कार्यान्वयन आसान हो जाता है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि त्रिपुरा के लोगों को केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित किया गया।

त्रिपुरा में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 18 फरवरी को चुनाव होगा और परिणाम की घोषणा तीन मार्च को की जाएगी।

आदित्यनाथ ने यह भी आरोप लगाया कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक सरकार और उनके सरकार की विकास में कोई रूचि नहीं रही जबकि केंद्र ने शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए भारी कोष आवंटित किया।

उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ माकपा त्रिपुरा में अराजकता को बढ़ावा दे रही है और यही वजह है कि उसे विधानसभा चुनाव में सत्ता से बेदखल करना जरूरी हो गया है।

आदित्यनाथ ने कहा ‘‘राज्य में बेहतर प्रशासन के लिए एकमात्र विकल्प भाजपा ही हो सकती है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि त्रिपुरा में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और सरकार सत्ता में बने रहने का अधिकार खो चुकी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad