Advertisement

देशभर में होली की धूम, दुनिया के अलग-अलग देशों में इस तरह से मनाया जाता है रंगों का त्योहार

देश भर में हर्षोल्लास के साथ रंगों का त्योहार होली मनाया जा रहा है। भारत में अलग-अलग जगहों पर विभिन्न...
देशभर में होली की धूम, दुनिया के अलग-अलग देशों में  इस तरह से मनाया जाता है रंगों का त्योहार

देश भर में हर्षोल्लास के साथ रंगों का त्योहार होली मनाया जा रहा है। भारत में अलग-अलग जगहों पर विभिन्न परंपराओं के साथ होली मनाई जा रही है। हम सभी जानते हैं कि होली हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है।लेकिन भारत के अलावा दुनिया के बाकी देशों में भी होली का त्योहार जबरदस्त उमंग के साथ मनाया जाता है। हालांकि इसे मनाने के तरीके जरूर अलग-अलग हैं। कई देशों में होली तो नहीं, लेकिन इससे मिलते-जुलते त्योहार जरूर मनाए जाते हैं। तो आइये जानते हैं भारत के अलावा उन देशों के बारे में जहां अलग-अलग तरह से इस त्योहार को मनाते हैं। खास बात तो यह है कि विदेशों में इनके पीछे अलग-अलग तरह की कथाएं और परंपराएं भी प्रचलित हैं।

नेपाल में मनाते हैं लोला उत्सव

सबसे पहले बात करते हैं भारत के पड़ोसी देश नेपाल की, जो होली मनाने के मामले में कहीं पीछे नहीं है। नेपाल में होली में एक दूसरे पर लोला फेंकने का रिवाज है। बता दें कि नेपाल में रंगों से भरे पानी के गुब्बारे को लोला कहा जाता है। यहां लोगों को रंग में डुबोने के लिए पानी के बड़े-बड़े टब रखे जाते हैं। बाद में लोग एक-दूसरे पर लोला फेंकते हुए इस त्योहार का आनंद लेते हैं।

होली पर होता है जापान में चेरी उत्सव

जापान में मनाए जाने वाला यह त्योहार एक अनोखा त्योहार माना जाता है। यह अपने अलग अंदाज के लिए जाना जाता है। यह उत्‍सव मार्च-अप्रैल में मनाया जाता है। इस महीने मनाए जाने के पीछे एक खास वजह यह भी है क्योंकि इस समय चेरी के पेड़ में फूल आने का समय होता है और लोग अपने परिवार के साथ चेरी के बागों में बैठकर एक-दूसरे को बधाई देते हैं। लोग पेड़ से गिरने वाली फूलों की पंखुड़ियों से सबका स्‍वागत करते हैं। पूरे दिन चलने वाले इस त्‍योहार पर विशेष प्रकार का भोजन और गीत-नृत्य करने का भी रिवाज होता है।

स्पेन में टमाटरों की होली

स्पेन के वैलेशिया शहर में प्रत्येक वर्ष मार्च को ‘आग की रात’ के नाम से मनाया जाता है जिसमें आतिशबाजी की झांकियां निकालते हैं। साथ ही सांड युद्ध के जरिए मनोरंजन होता है। इसके अलावा स्पेन में टमाटरों की होली विश्वप्रसिद्ध है। ‘ला टोमाटीना’ नामक इस त्योहार का हालांकि कोई धार्मिक महत्व नही है और न ही इसका कोई प्राचीन इतिहास है फिर भी यह दुनिया का सबसे बड़ा टमाटर उत्सव है। दूर-दूर से लोग इस टमाटर उत्सव में भाग लेने पहुंचते हैं। यह त्योहार हर साल अगस्त माह के अंतिम शनिवार को होता है। लोग एक-दूसरे पर टमाटर फेंकते हैं।

अफ्रीका में ऐसे मनाया जाता है यह त्योहार

अफ्रीका महाद्वीप के कुछ देशों में ‘ओमेना बोंगा’ नाम से यह उत्सव मनाया जाता है। इसमें हमारे देश में होली में जैसे होलिका दहन किया जाता है ठीक उसी प्रकार ओमेना बोंगा में एक जंगली देवता को जलाया जाता है। इस देवता को प्रिन बोंगा कहते हैं। इसे जलाकर लोग नाचते गाते हैं और नई फसल के स्वागत में खुशियां मनाते हैं। इस अवसर पर पारंपरिक नृत्य एवं नाटक भी प्रस्तुत करते हैं।

श्रीलंका में कुछ यूं ऐसे मनाते हैं होली

श्रीलंका में तो होली का त्योहार बिल्कुल अपने देश की ही तरह मनाया जाता है। वहां भारत की ही रंग-गुलाल और पिचकारियां सजती हैं। लोग एक दूसरे को गुलाल लगाते हैं।

ऑस्ट्रेलिया में चिनचिला मेलन फेस्टिवल

आस्ट्रेलिया की बात करें तो यहां होली की तरह ही एक रोमांचकारी त्योहार मनाया जाता है। भारत में जैसे होली पर हर तरफ रंग ही रंग दिखाई देते हैं। वैसे ही यहां हर ओर तरबूज ही तरबूज दिखते हैं। इस त्योहार पर ऐसा लगता है जैसे तरबूजों की नदी बहने लगती है। इस त्योहार में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं, जिसमें यहां के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad