Advertisement

देश के कई राज्यों में बाढ़ के हालात, हिमाचल प्रदेश में 8, उत्तराखंड में 39 लोगों की मौत

भारी बारिश से एक बार फिर देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। हिमाचल, उत्तराखंड, केरल,...
देश के कई राज्यों में बाढ़ के हालात, हिमाचल प्रदेश में 8, उत्तराखंड में 39 लोगों की मौत

भारी बारिश से एक बार फिर देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। हिमाचल, उत्तराखंड, केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश और आंध्र प्रदेश में जलप्रलय से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। जिस कारण बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत और बचाव कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

हिमाचल में हाल बेहाल, हाईवे बहा

हिमाचल में हो रही तेज बारिश से आम जनजीवन प्रभावित है। यहां 8 लोगों की मौत हो गई है। प्रदेश में पांच नेशनल हाईवे समेत 350 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। मनाली में नेशनल हाईवे बह गया है। जबकि कई जगह सड़कें और पुल बह गए। तेज बारिश से कई लोगों की मौत की भी खबर है। जानकारी के अनुसार, चंबा की बंदला पंचायत में घर की दीवार गिरने से दादा और पोती की मौत हो गई है। कुल्लू में एक शख्स के बहने की खबर है। शिमला में भूस्खलन में पांच लोग दबे हैं। बचाव कार्य जारी है। घुमारवीं में बादल फट गया है। जबकि बिलासपुर में आठ मकान ध्वस्त हो गई हैं। कुल्लू और शिमला प्रशासन ने 19 अगस्त को सभी शैक्षिक संस्थान बंद रखने के आदेश दिए हैं।

प्रदेश में शुक्रवार रात और शनिवार को सामान्य से 200 फीसदी अधिक बारिश हुई। पालमपुर में बंदला की पहाड़ियों पर बादल फटने से न्यूगल और बनेर खड्ड में बाढ़ आ गई। इससे बंदला के ओम बिजली संयंत्र में छह कर्मचारी फंस गए जिन्हें पुलिस और होमगार्ड ने बचाया। कुल्लू के पतलीकूहल में ब्यास नदी में फंसे दो ट्रक चालकों को भी बचाया गया। चंबा में 15 शिक्षकों को सुरक्षित निकाला गया।

भूस्खलन की समस्या

उत्तराखंड में शनिवार देर रात से हो रही बारिश ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड में बाढ़, बारिश में अब तक 39 लोगों की मौत हो गई है.उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण चमोली में कल स्कूल बंद रहेंगे। पहाड़ों की रानी मसूरी में भी कैंपटी-यमुनोत्री मार्ग भारी भूस्खलन के बाद बंद हो गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन जेसीबी के माध्यम से सड़क पर आए मलबे को हटाने में जुटा है। वहीं इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में भी रातभर से बारिश का सिलसिला जारी है। यमुनोत्री हाईवे ओजरी डबरकोट में भी बंद हो गया है। यमुना नदी के साथ-साथ सहायक नदी -नाले भी उफान पर हैं। चमोली जिले में भी भारी बारिश के चलते बदरीनाथ नेशनल हाईवे लामबगड़ और पीपलकोटी से टंगणी मे अवरुद्ध हो गया है।

भारी बारिश के बाद से अब अलकनंदा, पिण्डर, धोली,नंदाकनी, बालखिला नदियां उफान पर हैं। वहीं, सडकों पर मलबा आने से चमोली में 19 सडकें भी बंद हैं। उत्तरकाशी में भी जिले के अधिकांश हिस्सो में सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है। गंगोत्री राजमार्ग चुंगी-बड़ेथी के पास मलबा और पत्थर आने से बंद हो गया है।

वहीं,  गौरीकुंड से केदारनाथ के बीच भूस्खलन का खतरा देखते हुए यात्रियों को पड़ावों पर रोका गया है। सुबह 8 बजे तक गौरीकुंड से 230 श्रद्धालुओं ने धाम के लिए प्रस्थान किया था। बारिश के चलते रामबाड़ा में मंदाकिनी नदी पर बना पुराना झूला पुल टूटा गया है।

जम्मू-कश्मीर में भी असर

जम्मू कश्मीर के सांबा में देविका नदी पार करते समय दो लोग बह गए। आसपास के लोगों ने एक को बचा लिया, जबकि दूसरे की देर शाम तक तलाश जारी थी। उधर, कठुआ जिले के उज्ज दरिया में आई बाढ़ में फंसे 14 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। उधमपुर के खैरी क्षेत्र में भी बारिश की मार पड़ी। यहां मलबा गिरने से सुबह डेढ़ घंटा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad