Advertisement

साबरमती आश्रम पहुंचे ट्रंप और मेलानिया ने चलाया चरखा, गांधी को दी श्रद्धांजलि

सोमवार को पहली बार दो दिवसीय भारत दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का...
साबरमती आश्रम पहुंचे ट्रंप और मेलानिया ने चलाया चरखा, गांधी को दी श्रद्धांजलि

सोमवार को पहली बार दो दिवसीय भारत दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गले लगाकर स्वागत किया। यहां से रोड शो के जरिए दोनों नेता साबरमती आश्रम गए और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां डोनाल्ड ट्रंप और पत्नी मेलानिया ट्रंप ने चरखा भी चलाया। इसके बाद ट्रंप मोदी के साथ मोटेरा स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उनके साथ बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर भी थे।

साबरमती आश्रम के विजिटर बुक में ट्रंप ने लिखा, 'मेरे महान दोस्त मोदी, इस शानदार सफर के लिए शुक्रिया।' विजिटर बुक में मेलानिया ट्रंप ने भी अपना संदेश लिखा।  इस दौरान पीएम मोदी उन्हें आश्रम के बारे में जानकारी भी दी।

भारत आने के लिए तत्परः ट्रंप

भारत आने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने हिन्दी में ट्वीट किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्विटर पर लिखा, ‘हम भारत आने के लिए तत्पर हैं। हम रास्ते में हैं, कुछ ही घंटों में हम सबसे मिलेंगे!’  इसके जवाब में पीएम मोदी ने लिखा, ''अतिथि देवो भव। ''इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘’भारत आपके आने का इंतजार कर रहा है ।आपकी यात्रा निश्चित रूप से हमारे राष्ट्रों के बीच मित्रता को और मजबूत करने वाली है। बहुत जल्द अहमदाबाद में मिलते हैं।’’

पेटिंग्स के जरिए दिया दोस्ती का संदेश

जिस रूट से ट्रंप का काफिला गुजरा, उसके दोनों किनारों पर लोग खड़े थे, उन्होंने इस दौरान दोनों देशों का झंडा दिखाकर स्वागत किया। 28 राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक झांकी पेश की। लोगों के लिए बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई। साथ ही अहमदाबाद की सड़कों के किनारे बड़े-बड़े होर्डिंग भी लगाए गए। इसके अलावा सड़क किनारे बनी दीवारों पर खूबसूरत पेटिंग भी गई जिसके जरिए भारत और अमेरिकी की दोस्ती का संदेश दिया गया। उनकी सुरक्षा में 10,000 से अधिक पुलिस कर्मियों, संयुक्त राज्य अमेरिका गुप्त सेवा के अधिकारियों के अलावा और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के कर्मियों को तैनात किया गया।

दिल्ली और आगरा में भी कार्यक्रम

अहमदाबाद के कार्यक्रम के बाद ट्रंप दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे आधिकारिक तौर पर सरकार के द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और वार्ताओं में हिस्सा लेंगे। वे अपनी पत्नी मेलानिया के साथ ताजमहल देखने के लिए आगरा भी जाएंगे। ट्रंप के अधिकारियों, कारोबारियों और पत्रकारों का विशाल प्रतिधिमंडल भी भारत दौरे पर आ रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad