Advertisement

पाक गोलाबारी में एक और जवान शहीद, दो नागरिक भी मारे गए

पाकिस्तान की और से सीजफायर तोड़ने का सिलसिला आज तीसरे दिन भी जारी है। सीमा पार से की जा रही गोलीबारी...
पाक गोलाबारी में एक और जवान शहीद, दो नागरिक भी मारे गए

पाकिस्तान की और से सीजफायर तोड़ने का सिलसिला आज तीसरे दिन भी जारी है। सीमा पार से की जा रही गोलीबारी में कृष्णा घाटी सेक्टर में एक जवान शहीद हो गया। इसकी पहचान सिपाही मनदीप सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है। इसके अलावा दो नागरिकों की भी मौत हुई है।  भारतीय सेना भी इस गोलीबारी का करारा जवाब दे रही है।

आज शहीद हुआ जवान पंजाब के संगरूर जिले के आलमपुर का रहने वाला था। पूंछ जिले की कृष्णा घाटी सेक्टर में सुबह आठ बजकर बीस मिनट पर पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में  वह बुरी तरह से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार मारे गए लोगों की पहचान गौरा राम (17 साल) निवासी कपूर, आरएसपुरा और गौर सिंह (45 साल) निवासी अब्दुलियान के रूप में हुई है। इसके अलावा पांच लोग घायल भी हुए हैं। तीन दिनों में पाकिस्तानी गोलीबारी में नौ लोगों की जान जा चुकी है।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी के अनुसार सीमा पर स्थित जम्मू-कश्मीर के तीन जिले गोलीबारी से प्रभावित हैं। पाकिस्तानी रेंजर्स चेनाब नदी के पार अख्नूर सेक्टर से लेकर आरएस पुरा सेक्टर तक पूरी रात गोलीबारी करते रहे। सुबह तक गोलीबारी जारी रहने की सूचना है। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान तबाही मचाने और लोगों की जान लेने के लिए फायरिंग कर रहा है।


दूसरी ओर, पाकिस्तान की ओर जारी गोलीबारी से सीमावर्ती गांवों के लोग सुरक्षित ठिकानों पर जाने लगे हैं। अधिकारी के अनुसार अबतक आठ से नौ हजार लोग सुरक्षित जगहों पर जा चुके हैं। इनमें से अधिकांश अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं। इसके अलावा एक हजारा से ज्यादा लोग आरएस पुरा, सांबा और कठुआ में बने कैंपों में शरण लिए हुए हैं। सीमा पर बढ़ते तनाव की वजह से शैक्षणिक संस्थाओं को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad