Advertisement

आंध्र प्रदेश में 61 सैलानियों से भरी नाव नदी में डूबी, 11 की मौत

आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी जिले के देवीपटनम में गोदावरी नदी में रविवार को नाव हादसा हो गया।...
आंध्र प्रदेश में 61 सैलानियों से भरी नाव नदी में डूबी, 11 की मौत

आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी जिले के देवीपटनम में गोदावरी नदी में रविवार को नाव हादसा हो गया। सैलानियों से भरी एक नाव गोदावरी नदी में डूब गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है। नाव पर 61 लोग सवार थे। इसमें से 23 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। शेष की तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। गोदावरी नदी पिछले कुछ दिनों से उफान पर है।

मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने सरकार में मंत्री अवंती श्रीनिवास के साथ ही जिले में मौजूद मंत्रियों को मौके पर पहुंचने और राहत कार्य की निगरानी करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने ईस्ट गोदावरी जिले के जिलाधिकारी और अधिकारियों से बात कर हादसे के संबंध में जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश दिए।

नौका संचालन पर रोक के आदेश

मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुःख प्रकट करते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत कार्य में ओनजीसी और नौसेना के हेलिकॉप्टरों का भी उपयोग करने को कहा है। उन्होंने क्षेत्र में नौका संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने और सभी नाव संचालकों के लाइसेन्स चेक करने के आदेश दिए हैं।

बचाव कार्य में हेलिकॉप्टर की मदद
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद, पुलिस प्रमुख ने भारतीय नौसेना अधिकारियों से नाव दुर्घटना स्थल के लिए एक हेलिकॉप्टर तैनात करने के लिए सहायता मांगी है। उधर, राज्य के मुख्य सचिव एल वी सुब्रह्मण्यम ने पूर्वी गोदावरी के जिला कलेक्टर मुरलीधर रेड्डी से बात की और घटना के बारे में जानकारी ली है।

बिना लाइसेंस चल रही थी नाव
उधर, राज्य के पर्यटन मंत्री अवंती श्रीनिवास राव ने इस हादसे पर दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस नाव (रॉयल वशिष्ठ) के पास विभाग से कोई लाइसेंस नहीं था। पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस बारे में गहन जांच होगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad