Advertisement

उपलब्धियों की मिसाल देते हुए शाह ने कहा- तीन सालों में देश का गौरव बढ़ा है

भाजपा सरकार को आज सत्ता संभालते हुए तीन साल हो गए हैं। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले तीन सालों में मोदी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन तीन सालों के दौरान देश की जनता का आत्मविश्वास बढ़ा है।
उपलब्धियों की मिसाल देते हुए शाह ने कहा- तीन सालों में देश का गौरव बढ़ा है

केंद्र में भाजपा के तीन साल होने पर आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि इन तीन सालों में देश का गौरव बहुत बढ़ा है। देश ने मील के नए पत्थर तय किए हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सोच बदलने में कामयाब रहे हैं।

इन तीन सालों में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अमित साह ने कहा कि 70 साल की आजादी में देश जो हासिल नहीं कर पाया था, उसे इस सरकार ने कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने परिवारवाद और जातिवाद का नासूर खत्म कर दिया है। शाह ने कहा कि तीन सालों में सरकार ने परिवारवाद, तुष्टिकरण और करप्शन को राजनीति से उखाड़ फेंका है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि नरेंद्र मोदी सरकार के तीन साल बीत जाने के बावजूद विरोधी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सकते। उन्होंने कहा कि तीन सालों में देश के लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है। इसलिए हमने नया नारा दिया है- साथ है, विश्वास है... हो रहा विकास है। शाह ने कहा कि हमारी सरकार गरीब कल्याण के लिए काम कर रही है। जवानों को वन रैंक वन पेंशन देने के साथ सीमा सुरक्षा पर सरकार ने राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाते हुए सर्जिकल स्ट्राइक की है।

अंतरिक्ष में भारत की सफलताओं का श्रेय अपनी सरकार को देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विकास सहित हर मोर्चे पर सरकार का प्रदर्शन बेहतर रहा है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत एक ग्लोबल लीडर बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लाल बत्ती को खत्म कर वीआईपी कल्चर खत्म किया है। मोदी सरकार के मई 2018 तक भारत के सभी गांवों तक बिजली पहुंचाएगी।

मैटरनिटी लीव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मैटरनिटी लीव को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह तक करने का काम किया है। जन धन योजना के माध्यम से 28.52 करोड़ बैंक खाते खोलकर, देश के हर परिवार को अर्थतंत्र से जोड़ने का काम इस सरकार ने किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement