Advertisement

'हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पराली का धुआं दिल्ली पहुंच रहा है' - वायु प्रदूषण पर गोपाल राय

इन दिनों दिल्ली में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के चलते सांस लेना तक मुश्किल है। दिल्ली सरकार ने 10 नवंबर...
'हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पराली का धुआं दिल्ली पहुंच रहा है' - वायु प्रदूषण पर गोपाल राय

इन दिनों दिल्ली में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के चलते सांस लेना तक मुश्किल है। दिल्ली सरकार ने 10 नवंबर तक स्कूलों में भी अवकाश की घोषणा की है। मगर इस बीच दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने वायु प्रदूषण का ठीकरा हरियाणा और उत्तर प्रदेश पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पराली का धुआं दिल्ली पहुंच रहा है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, "केंद्र सरकार के आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस साल पंजाब में कम पराली जलाई गई है। पंजाब की पराली के धुएं का दिल्ली पर उतना असर नहीं होता जितना हरियाणा और उत्तर प्रदेश की पराली के धुएं का होता है।"

उन्होंने इसके पीछे का कारण बताते हुए कहा, "ऐसा इसलिए है क्योंकि हवा में कोई हलचल नहीं है। अगर हवा चलेगी तो ही पंजाब का धुआं दिल्ली पहुंचेगा। अभी दिल्ली के चारों तरफ धुआं है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पराली का धुआं दिल्ली पहुंच रहा है।"

राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण लोगों का बुरा हाल है। चारों तरफ कोहरे की तरह नजर आने वाला स्मॉग छाया हुआ है। जिस वजह से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। नतीजतन दिल्ली में 5वीं तक के सभी स्कूल 10 नवंबर तक बंद किए गए। हालांकि 6-12 वीं तक के स्कूलों को आदेश नहीं दिया गया है। लेकिन विकल्प दिया गया है कि वह चाहे तो ऑनलाइन क्लास चल सकते हैं। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर 5 नवंबर तक पांचवी तक के स्कूल बंद किए गए थे, अब इसे बढ़ाकर 10 नवंबर कर दिया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली भर में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है। 

राजधानी दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने रविवार को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में खतरनाक स्तर पर वायु प्रदूषण को देखते हुए 10 नवंबर तक प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का सरकार ने फैसला लिया है। इस दौरान ग्रेड 6 से 12 के लिए स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाओं में शिफ्ट होने का विकल्प दिया गया है।

गौरतलब है कि नई दिल्ली जहरीली धुंध की मोटी परत में लिपटी हुई है, यहां, हवा की गुणवत्ता लगातार "गंभीर श्रेणी" में बनी हुई है। कोलकाता और मुंबई के साथ राजधानी दिल्ली आज दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक है। आज सुबह 7.30 बजे 483 एक्यूआई के साथ नई दिल्ली फिर से रियल टाइम लिस्ट में टॉप पर रही।

सीपीसीबी के अनुसार, अगर टॉप-10 प्रदूषित शहरों की बात करें तो इसमें एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई लेवल 476 और फरीदाबाद में 456 दर्ज हुआ है। वहीं, नोएडा में 433, हरियाणा के गुरुग्राम में 435, सिरसा में 432, कैथल में 455, फतेहबाद में 454 और हिसार में एक्यूआई लेवल 447 पर पहुंच गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad