Advertisement

फिल्मकार कल्पना लाजमी का निधन, कैंसर से थीं पीड़ित

 प्रसिद्ध फिल्मकार कल्पना लाजमी का यहां एक अस्पताल में रविवार की सुबह निधन हो गया। 64 वर्षीय लेखक...
फिल्मकार कल्पना लाजमी का निधन, कैंसर से थीं पीड़ित

 प्रसिद्ध फिल्मकार कल्पना लाजमी का यहां एक अस्पताल में रविवार की सुबह निधन हो गया। 64 वर्षीय लेखक फिल्मकार किडनी की बीमारी से पीड़ित थीं। 

वह चित्रकार ललिता लाजमी की बेटी थीं और महान फिल्मकार गुरूदत्त की भी रिश्तेदार थी। उनके भाई देव लाजमी ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की। 

देव ने पीटीआई को बताया कि उनका सुबह साढ़े चार बजे कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। लाजमी किडनी और लीवर के काम करना बंद कर दिया था। उन्हें डायलिसिस पर रखा गया था। पिछले तीन साल से उन्हें अस्पताल में कई दफा भर्ती कराया गया था।’’ उन्होंने बताया कि संभवत: उनका अंतिम संस्कार आज किया जायेगा। 

लाजमी ने पहली दफा बतौर सहायक निर्देशक श्याम बेनेगल के साथ काम किया था। वह बेनेगल की भतीजी थीं। उन्होंने बेनेगल की फिल्म ‘भूमिका : द रोल’ (1977) में कास्ट्यूम डिजाइनर का काम किया था जिसमें स्मिता पाटिल, अमोल पालेकर और नसीरूद्दीन शाह ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।

बेनेगल ने पीटीआर्इ-भाषा से कहा कि वह एक बेहतरीन फिल्मकार थीं। वह लंबे वक्त से बीमार चल रही थीं जो दुखद है। वह बहुत जल्दी हमें छोड़कर चली गयी। 

लाजमी ने 1978 में ‘डी जी मूवी पायनियर’ वृत्तचित्र से बतौर निर्देशक अपना कॅरियर शुरू किया था। 

वह यथार्थवादी फिल्में बनाने के लिए जानी जाती थीं। उनकी फिल्में अक्सर महिलाओं पर केंद्रित रहती थीं। उनकी कुछ लोकप्रिय फिल्मों में ‘रूदाली’, ‘दमन’, ‘दरम्यान’ और ‘चिंगारी’ शामिल है।

उनकी 1993 में आयी फिल्म ‘रूदाली’ में डिंपल कपाड़िया ने मुख्य भूमिका अदा की थी जो 66वें आस्कर अवार्ड के विदेशी भाषा वर्ग में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि थी। इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (डिंपल कपाड़िया), सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशक (समीर चंदा) और सर्वश्रेष्ठ कास्ट्यूम डिजाइन (सिंपल कपाड़िया) के तीन राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किये थे। 

लाजमी की नजदीकी मित्र सोनी राजदान ने कहा कि यह दिल दुखाने वाली खबर है। 

उन्होंने कहा कि वह लंबे वक्त से बीमार थीं, लेकिन बीमारी से संघर्ष कर रही थीं। मेरी उनसे पिछले रविवार को बात हुई थी और हम बुधवार को मिले थे। मगर उन्हें फिर से आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। 

राजदान ने सुबह ट्वीट किया था, ‘‘हमारी प्यारी दोस्त एक बेहतर जगह चली गयी है। भगवान कल्पना की आत्मा को शांति प्रदान करे। मुझे उनकी कमी बहुत ज्यादा खलेगी।’’ 

निर्देशक अपने अंतिम वक्त में आर्थिक तंगी में थी और फिल्मी दुनिया के कई सितारों ने उन्हें मदद की थी। इसमें सोनी राजदान, आलिया भट्ट, आमिर खान, सलमान खान, करन जौहर और नीना गुप्ता शामिल हैं। 

सोनी ने कहा कि निर्देशक लेखक ने लंबे समय तक उनके पार्टनर रहे भूपेन हजारिका पर ‘भूपेन हजारिका - ऐज आई न्यू हिम’ लिखी थी। 

उनकी फिल्म ‘चिंगारी’ भूपेन हजारिका के उपन्यास ‘द प्रॉस्टीट्यूट एंड द पोस्टमैन’ पर आधारित थी। इसमें सुष्मिता सेन ने मुख्य भूमिका निभायी थी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad