Advertisement

नायक और खलनायक का फर्क मिटाने वाले विनोद खन्ना नही रहे

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और राजनेता विनोद खन्ना ने गुरुवार को सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे। उन्होंने बॉलीवुड की करीब 140 फिल्मों में काम किया। गुरदासपुर से 4 बार भाजपा के सांसद रहे। उनके परिवार ने बताया कि शरीर में पानी की कमी होने के कारण विनोद खन्ना पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे, जिसके कारण उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां कई डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। वे कैंसर से भी पीड़ित थे।
नायक और खलनायक का फर्क मिटाने वाले विनोद खन्ना नही रहे

इससे पहले सोशल मीडिया पर विनोद खन्ना की एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वे बेहद कमजोर अवस्था में दिखाई दे रहे थे। 

विनोद खन्ना का जन्म पेशावर के एक बिजनेस परिवार में 6 अक्टूबर,1946 को हुआ था। उनका परिवार 1947 में हुए विभाजन के बाद पेशावर से मुंबई आ गया था। उन्होंने अपने फ़िल्मी सफर की शुरूआत 1968 मे आई फिल्म ‘मन का मीत’ से की जिसमें उन्होंने एक खलनायक का अभिनय किया था।

कई फिल्मों में उन्होंने सहायक और खलनायक के किरदार निभाने के बाद 1971 में उनकी पहली सोलो हीरो वाली फिल्म हम तुम और वो आई। कुछ वर्ष के फिल्मी सन्यास, जिसके दौरान वे आचार्य रजनीश के अनुयायी बन गए थे, के बाद उन्होंने अपनी दूसरी फिल्मी पारी भी सफलतापूर्वक खेली। उन्होंने 'मेरे अपने', 'कुर्बानी', 'पूरब और पश्चिम', 'रेशमा और शेरा', 'हाथ की सफाई', 'हेरा फेरी', 'मुकद्दर का सिकंदर' जैसी कई शानदार फिल्में की।

विनोद खन्ना एक सफल राजनेता भी थे और वर्तमान में वे पंजाब के गुरदासपुर से सांसद थे। अपने फिल्मी जीवन में उन्होंने 141 फिल्मों में अभिनय किया। वर्ष 1999 में उनको फिल्मों में उनके 30 वर्ष से भी ज्यादा समय के योगदान के लिए फिल्म फेयर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

प्रधानमंत्राी नरेन्द्र मोदी ने विनोद खन्ना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए आज कहा कि उन्हें एक लोकप्रिय अभिनेता एवं प्रतिबद्ध नेता के रूप में याद किया जाता रहेगा। मोदी ने ट्वीट कर कहा, विनोद खन्ना एक लोकप्रिय अभिनेता, प्रतिबद्ध नेता एवं एक शानदार इंसान के रूप में सदैव याद रहेंगे। उनके निधन से दुखी। मेरी श्रद्धांजलि।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने खन्ना के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि वह ऐसे सरल एवं करिश्माई व्यक्तित्व थे जिन्होंने जनता पर गहरा प्रभाव छोड़ा। उन्होंने दुख की इस घड़ी में खन्ना के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

बॉलीवुड के चहेते विनोद खन्ना के निधन के कारण पूरा सिनेमाजगत शोक की लहर में डूबा है। गुरुवार रात भव्य तरीके से होने वाला 'बाहुबली 2' का प्रीमियर भी कैंसल कर दिया गया है। करण जौहर ने ट्वीट कर इस खबर की जानकारी दी। करण जौहर ने ट्वीट किया, हमारे चहेते एक्टर विनोद खन्ना के सम्मान में बाहुबली की पूरी टीम ने प्रीमियर को कैंसल करने का फैसला लिया है।

करण जौहर, एस.एस. राजामौली और बाहुबली की पूरी टीम की ओर से यह बयान आया है, हमें हमारे चहेते ऐक्टर विनोद खन्ना को खो देने का काफी दुख है। हमारे प्रिय दिवंगत एक्टर के सम्मान में 'बाहुबली: द कन्क्लूजन' का प्रीमियर कैंसल किया जा रहा है।

आज रात 'बाहुबली 2' का ग्रैंड प्रीमियर होना था, जिसके लिए खास लोगों को शानदार इन्विटेशन कार्ड भेजा जा चुका था। इस फिल्म के प्रीमियर का इन्विटेशन धर्मा प्रॉडक्शन के हेड करण जौहर की ओर से भेजा गया था। इस संदेश को गोल्डन इंक से लिखा गया है।

बॉलीवुड एक्टर और सांसद विनोद खन्ना के निधन पर उनके साथ कई फिल्मों में काम कर चुकीं एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि विनोद खन्ना उनके दोस्त ही नहीं मार्गदर्शक भी रहे हैं। साथ में उन दोनों ने कई फिल्में कीं जिनमें रिहाई, हिमालय पुत्र, मार्ग, लेकिन आदि शामिल हैं। हेमा ने कहा कि वह जानती थीं कि विनोद खन्ना की सेहत ठीक नहीं है, लेकिन इस तरह वह चले जाएंगे, ऐसा उन्होंने नहीं सोचा था। 

सभी लोग अपने मोस्ट हैंडसम हीरो कहे जाने वाले इस अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी बीच खबर है कि महानायक अमिताभ बच्चन भी अपने को-स्टार और प्रतिद्वंदी रहे विनोद खन्ना के निधन की खबर सुनकर सदमे में आ गए।

जानकारी के मुताबिक,  वह उस समय अपनी आने वाली फिल्म सरकार-3 के लिए इंटरव्यू दे रहे थे जब उनके पास विनोद खन्ना के देहांत की खबर आई। हैरान परेशान अमिताभ इंटरव्यू बीच में रोकते हुए तुरंत अस्पताल गए।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने विनोद खन्ना के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करके लिखा, अविश्वनीय। मैं अद्भुत व्यक्ति के देहांत पर गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वहीं, वीरेंद्र सहवाग और अनुपम खेर ने भी विनोद खन्ना को श्रद्धांजलि दी।

खन्ना के समकालीन अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी उनके निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति कहा। मेरे अपने, बांबे 405 और दो यार जैसी फिल्मों में विनोद के साथ काम करने वाले सिन्हा ने कहा, विनोद खन्ना बहुत पसंद किए जाने वाले इंसान थे। मेरे लिए यह व्यक्तिगत और भावनात्मक क्षति है। हम फिल्मों और राजनीति दोनों ही जगह बहुत करीब रहे।

अभिनेता रजनीकांत ने ट्वीट किया, मेरे प्रिय मित्र विनोद खन्ना, आपकी कमी अखरेगी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। वहीं, गायिका आशा भोसले ने भी कहा कि वह अच्छे इंसान थे और अंतिम समय तक स्टार रहे। अमर अकबर एंथनी में विनोद खन्ना के किरदार अमर के छोटे भाई अकबर की भूमिका निभाने वाले रिषी कपूर ने ट्वीट किया, अमर आपकी कमी खलेगी। आपके साथ अच्छे वक्त को याद कर रहा हूं, विनोद। मेरा दोस्त रहने के लिए शुक्रिया। दोनों ने फिल्म चांदनी में भी साथ काम किया था।  अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि खन्ना के निधन से एक युग समाप्त हो गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement