Advertisement

अभिनेत्री रिचा चड्ढा और अली फजल होंगे एक, सूत्रों के अनुसार 4 अक्टूबर को करेंगे शादी

हिन्दी सिनेमा की सफल अभिनेत्री रिचा चड्ढा और अभिनेता अली फजल बहुत जल्द एक होने जा रहे हैं। दोनों...
अभिनेत्री रिचा चड्ढा और अली फजल होंगे एक, सूत्रों के अनुसार 4 अक्टूबर को करेंगे शादी

हिन्दी सिनेमा की सफल अभिनेत्री रिचा चड्ढा और अभिनेता अली फजल बहुत जल्द एक होने जा रहे हैं। दोनों कलाकारों ने लंबे समय तक एक दूसरे के साथ रिलेशनशिप में रहने के बाद विवाह करने का फैसला लिया है। इसी फैसले के तहत अली फजल और रिचा चड्ढा की शादी की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं।सूत्रों की मानें तो दोनो का विवाह 4 अक्टूबर 2022 को होना तय हुआ है। ए एन आई की खबर के अनुसार 4 अक्टूबर को मुंबई में विवाह सम्पन्न होने के बाद दोनों कलाकार रिसेप्शन पार्टी का आयोजन करेंगे। 

 

फिलहाल दोनों ही कलाकार अपने प्रोजेक्ट्स पूरे करने में व्यस्त हैं। विवाह की तारीख को देखते हुए उन्हें 24 सितंबर 2022 तक अपने प्रोजेक्ट्स पूरे करने हैं। जहां एक तरफ रिचा चड्ढा मुम्बई में संजय लीला भंसाली की फिल्म " हीरामंडी" की शूटिंग में व्यस्त हैं, वहीं दूसरी ओर अली फजल अपनी वेब सीरीज मिर्जापुर सीजन 3 की शूटिंग के लिए मुम्बई और लखनऊ में काम कर रहे हैं। रिचा फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद 27 सितंबर को दिल्ली पहुंच जाएंगी। अली फजल और रिचा चड्ढा की शादी की रस्में दिल्ली में 30 सितम्बर से शुरु होंगी।

 

दिल्ली में रिचा चड्ढा और अली फजल के प्री वेडिंग समारोह भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित क्लब 'दिल्ली जिमखाना क्लब' में आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली जिमखाना क्लब की स्थापना साल 1913 में हुई थी। 110 वर्ष पुराने इस प्रतिष्ठित क्लब को दिल्ली की धरोहर के रूप में देखा जाता है। इस क्लब में सदस्यता के लिए लगभग 37 वर्षों का इंतजार करना पड़ता है। 

 

30 सितम्बर से दिल्ली में शुरु होने वाली शादी की रस्मों के बाद दोनों कलाकार मुम्बई पहुंचेंगे। मुम्बई में परिवार के कुछ खास सदस्यों और मित्रों की मौजूदगी में अली फजल और रिचा चड्ढा का विवाह 4 अक्टूबर को संपन्न होगा। इसके बाद दिल्ली और मुंबई में दो भव्य रिसेप्शन समारोह होंगे, जिनके साथ ही अली फजल और रिचा चड्ढा की शादी की रस्मों का समापन होगा। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad