Advertisement

इन फिल्मी हस्तियों को रास नहीं आई शादी, जानिए क्यों लिया तलाक

फिल्मी हस्तियों में तलाक होना कोई नई बात नहीं है। अक्सर फिल्मजगत में रिश्ते टूटने की खबरें सुनने को मिलती रहती हैं। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान ने भी अपनी 18 साल की शादी को खत्म कर दिया। इनसे पहले भी बॉलीवुड की कई नामी हस्तियों फरहान अख्तर और अधुना, ऋतिक रौशन और सुजैन खान, करिश्मा कपूर और संजय कपूर, सैफ अली खान और अमृता सिंह, संजय दत्त और रिया पिल्लै तलाक लेकर अलग हो चुके हैं।
इन फिल्मी हस्तियों को रास नहीं आई शादी, जानिए क्यों लिया तलाक

फिल्म जगत में सिर्फ तलाक लेना ही नहीं बल्कि तलाक के दौरान अपने पार्टनर से एलिमनी अमाउंट (तलाक के समय दी जाने वाली राशि) के तौर पर बड़ी कीमत की मांग करना भी ट्रेंड में रहा। हाल ही में तलाक लेने वाली मलाइका अरोड़ा ने अरबाज खान से 10 करोड़ रुपये की मांग की थी, जबकि अरबाज ने मलाइका को 15 करोड़ रुपये का एलीमनी अमाउंट दिया। दोनों की शादी 12 दिसंबर 1988 को हुई थी. दोनों का एक बेटा भी है, जिसका नाम अरहान खान है।

फरहान अख्तर  

अभिनेता-फिल्मकार फरहान अख्तर और उनकी मशहूर हेयरस्टाइलिस्ट पत्नी अधुना भवानी का भी तलाक हो चुका है। इन दोनों की शादी सोलह साल तक चली। फरहान और अधुना ने दो साल डेट करने के बाद 2000 में शादी की थी। दोनों की दो बेटियां हैं जिनकी कस्टडी अधुना को दी गई है जबकि फरहान को उनसे मिलने की अनुमति है।

ऋतिक रौशन और सुजैन खान  

अभिनेता ऋतिक रौशन और सुजैन खान के अलग होने की खबरों से हर कोई हैरान था। दोनों की शादी साल 2000 में हुई थी। दोनों के ही अफेयर की खबरें आईं, लेकिन अंत तक कुछ साफ नहीं हो पाया कि दोनों ने तलाक क्यों लिया। सुजैन खान ने एलिमनी के रूप में ऋतिक से 400 करोड़ रुपये मांगे थे, जिसके बाद 380 रुपये एलिमनी के रूप में सुजैन को दिए गए।

करिश्मा और संजय कपूर  

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने साल 2003 में बिजनेसमैन संजय कपूर से शादी की थी। दोनों की शादीशुदा जिदंगी में शुरुआत से ही काफी दिक्कते थीं। करिश्मा ने संजय से एलिमनी के रूप में 7 करोड़ रुपये मांगे थे।

सैफ अली खान और अमृता  

 अभिनेता सैफ अली खान और अमृता सिंह का तलाक बॉलीवुड के सबसे महंगे तलाक में से एक है। दोनों ने साल 1991 में शादी की थी। उम्र में अमृता सैफ से लगभग 13 साल बड़ी हैं। दोनों की शादी बहुत धूमधाम से हुई थी। शादी के लगभग 13 साल बाद दोनों अलग हो गए। हालांकि सैफ ने एलिमनी के रूप में अमृता को कितनी राशि दी इसकी जानकारी कभी नहीं दी गई, लेकिन खबरों की मानें तो सैफ ने अमृता को अपनी जायदाद दी थी।

संजय दत्त  

अभिनेता संजय दत्त ने साल 1998 में रिया पिल्लै से शादी की थी। रिया संजय की दूसरी पत्नी थी। संजय की पहली पत्नी रिचा शर्मा से उनकी शादी 1987 में हुई थी, लेकिन 1996 में ब्रेन ट्यूमर के चलते उनकी मौत हो गई थी। जिसके बाद उन्होंने रिया से शादी कर ली। संजय रिया से बहुत प्यार करते थे। संजय दत्त ने रिया की शॉपिंग और मोबाइल बिल के खर्चे तब तक उठाए जब तक दोनों का ऑफिशियली तलाक नहीं हो गया। एलिमनी के रूप में संजय दत्त ने रिया को 8 करोड़ रुपये और एक लग्जरी कार दी थी।

संजय दत्त से तलाक के बाद रिया पिल्लै ने टेनिस प्लेयर लिएंडर पेस से शादी की, लेकिन इन दोनों का भी तलाक हो गया। दोनों ने मीडिया के सामने एक- दूसरे पर धोखा देने के आरोप भी लगाए। रिया ने लिएंडर से एलिमनी के रूप में हर महीने 4 लाख रुपये मांगे। इसमें 3 लाख रिया ने अपने लिए मांगे और 90,000 रुपये अपनी बेटी की पढ़ाई खर्च के लिए मांगे, जो मुंबई के एक महंगे स्कूल में पढ़ती है।

आमिर खान और रीना दत्ता  

अभिनेता आमिर खान और रीना दत्ता ने अपने परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ साल 1986 में शादी की थी। बाद में दोनों के रिश्ते में खटास आने लगीं और साल 2002 में दोनों अलग हो गए। आमिर ने रीना को एलिमनी के रूप में बड़ी राशि दी थी, लेकिन उसके बारे में भी कभी कोई जानकारी नहीं दी गई।

आदित्य चोपड़ा  

फिल्म डायरेक्टर आदित्य चोपड़ा ने साल 2001 में पायल खन्ना से शादी की थी। दोनों बचपन के दोस्त थे और बाद में दोनों ने शादी कर ली, लेकिन उनकी शादी ज्यादा समय नहीं चल सकी और 2009 में दोनों अलग हो गए। कहा जाता है कि एलिमनी के रूप में पायल ने आदित्य से बहुत बड़ी कीमत मांगी थी, हालांकि उस कीमत का कभी खुलासा नहीं हुआ, लेकिन दोनों का तलाक बॉलीवुड के सबसे महंगे तलाक में से एक माना जाता है।

प्रभुदेवा  

डांसर, एक्टर और डायरेक्टर प्रभुदेवा की शादी 1995 में रमलथ से हुई थी। साल 2011 में दोनों अलग हो गए। एलिमनी के रूप में प्रभुदेवा को 20-25 करोड़ की प्रॉपर्टी देनी पड़ी, जिसमें विला भी मौजूद थे। इसके अलावा 10 लाख रुपये एलिमनी की राशि और 2 महंगी कारें भी दीं।

किम शर्मा  

एक्ट्रेस किम शर्मा ने अपने केन्याई पति अली पुजानी का घर छोड़ दिया और वह अब मुंबई में रह रही हैं। खबरों की मानें तो कहा गया कि किम के केन्याई पति ने उन्हें किसी दूसरी औरत के लिए छोड़ दिया।

अनुराग कश्यप  

फिल्मकार अनुराग कश्यप और एक्ट्रेस कल्कि कोचलिन ने साल 2011 में शादी की थी। दोनों फिल्म 'देव डी' के दौरान एक-दूसरे के करीब आए थे। लेकिन यह रिश्ता चल नहीं सका और दोनों ने तलाक ले लिया। अनुराग की यह दूसरी शादी थी, इसके पहले उन्होंने आरती बजाज से सात फेरे लिए थे। अनुराग ने साल 2009 में आरती को तलाक दिया था। आरती से उन्हें एक बेटी है जिसका नाम आलिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad