Advertisement

जान्हवी कपूर ने फ़िल्म “गुड लक जेरी” की कामयाबी पर जताई खुशी, कहा- लोग अब मेरी प्रतिभा को पहचान रहे हैं

युवा फ़िल्म अभिनेत्री जान्हवी कपूर की फ़िल्म “ गुड लक जेरी “ लोकप्रिय हो रही है। इसे दर्शकों द्वारा...
जान्हवी कपूर ने फ़िल्म “गुड लक जेरी” की कामयाबी पर जताई खुशी, कहा- लोग अब मेरी प्रतिभा को पहचान रहे हैं

युवा फ़िल्म अभिनेत्री जान्हवी कपूर की फ़िल्म “ गुड लक जेरी “ लोकप्रिय हो रही है। इसे दर्शकों द्वारा पसन्द किया जा रहा है। फ़िल्म समीक्षकों और आलोचकों ने भी फ़िल्म को लेकर सकारात्मक टिप्पणी की है। सभी को जान्हवी कपूर की परफॉर्मेंस पसन्द आ रही है। फ़िल्म समीक्षकों का कहना है कि “ गुड लक जेरी “ में निभाया गया किरदार, जान्हवी कपूर के अभी तक फ़िल्मी करियर का सबसे सफल किरदार है। यह उनकी सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति है। समीक्षकों ने यह भी कहा है कि फ़िल्म “ गुड लक जेरी” जेरी देखते हुए जान्हवी कपूर का एक अभिनेत्री के रूप में विकास नज़र आता है। फ़िल्म “ गुंजन सक्सेना” में निभाए सशक्त किरदार के बाद, “ गुड लक जेरी” में जेरी का किरदार निभाकर जान्हवी कपूर ने सफलता की तरफ़ एक क़दम बढ़ाने का काम किया है।

जान्हवी कपूर इन सकारात्मक प्रतिक्रियाओं से खुश हैं। फ़िल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने फ़िल्म की कामयाबी पर प्रसन्नता ज़ाहिर करते हुए कहा है कि अब उनकी प्रतिभा का सही मूल्यांकन किया जा रहा है। जान्हवी कपूर ने भावुकता के साथ अपनी बात रखते हुए कहा कि फ़िल्मी दुनिया में उन्हें ऐसा काफ़ी कुछ सुनने को मिला है, जो ठेस पहुंचाता है। उन्हें अक्सर श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी होने के कारण ट्रोल किया जाता है और यह कहा जाता है कि उन्हें अपने हुनर के दम पर नहीं बल्कि अपनी पारिवारिक प्रसिद्धि के कारण काम मिलता है। लेकिन “ गुंजन सक्सेना” और “ गुड लक जेरी” जैसी फ़िल्मों के बाद जनता उनके अभिनय को पसंद कर रही है। किरदारों के लिए किए गए श्रम को समीक्षक और आलोचक पहचान रहे हैं। यह सुकून के क्षण हैं।

बता दें कि 29 जुलाई 2022 को ओटीटी माध्यम डिज्नी हॉटस्टार पर जान्हवी कपूर की फ़िल्म “ गुड लक जेरी” रिलीज़ हुई है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों की तारीफ़ मिली है। इस फ़िल्म में जान्हवी कपूर के साथ दीपक डोबरियाल, मीता वशिष्ठ, सुशांत सिंह जैसे सशक्त अभिनेता शामिल हैं। यह फ़िल्म एक ऐसी लड़की के संघर्ष पर बनी है, जो अपनी मां की परेशानियों को दूर करने के लिए एक रास्ता अपनाती है, जो उसे ख़ुद तकलीफ़ में डाल देता है। सिद्धार्थ सेन फ़िल्म के निर्देशक हैं और आनंद एल राय,सुभास्करन अल्लिराजाह और महावीरजैनने इस फ़िल्म का प्रोडक्शन किया है।

निर्देशक सिद्धार्थ सेन ने फ़िल्म की कामयाबी पर प्रसन्नता जताते हुए अभिनेत्री जान्हवी कपूर की तारीफ़ की है। उन्होंने आउटलुक से बात करते हुए कहा “ जब मैं पहली बार जान्हवी कपूर से मिला तो मेरे मन में उनकी एक छवि थी। मेरे लिए वह महान अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी थीं। इस बात का दबाव तो मुझ पर था। लेकिन जैसे ही मैं उनसे मिला और मैंने उन्हें कहानी सुनाई, हम दोनों एक स्तर पर आ गए। फिर सब आसान हो गया। मैंने जान्हवी को कहानी सुनाने के बाद कुछ समय उन जगहों पर बिताने के लिए कहा, जहां से कहानी पैदा हुई है। मैंने उन्हें उस भाषा, समाज, उस जीवन, उस खानपान और रहन सहन को करीब से महसूस करने के लिए कहा, जिसे वह पर्दे पर जीने वाली थीं। सच्चाई का कोई विकल्प नहीं होता। आप अगर यथार्थ को जिएंगे, तभी वह सिनेमा की स्क्रीन पर दिखाई देगा। अन्यथा दो मिनट में कोई भी आपका झूठ पकड़ लेगा। जान्हवी कपूर अपने अभिनय को लेकर संजीदा हैं। उन्होंने मेरी हर बात मानी और यही कारण कि आज फ़िल्म में उनके किरदार में सच्चाई दिख रही है।

जान्हवी कपूर की फ़िल्म “ गुड लक जेरी “ की कामयाबी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मुख्यधारा की हिन्दी फ़िल्मों की नाकामयाबी के बाद दर्शकों की उम्मीदें ओटीटी माध्यम पर रिलीज़ हो रही छोटे बजट की फ़िल्मों से बढ़ गई हैं। सरल, सहज अभिनय और समाज से जुड़ी कहानियों का पसन्द किया जा रहा है। इसलिए यह माना जा सकता है कि  गुड लक जेरी की कामयाबी कई छोटे बजट की फ़िल्मों के रास्ता खोलने का काम करेगी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad