Advertisement

बच्चन परिवार पर कोरोना का कहर, अमिताभ-अभिषेक के बाद अब ऐश्वर्या राय और बेटी आराध्या भी कोविड पॉजिटिव

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब अभिनेत्री...
बच्चन परिवार पर कोरोना का कहर, अमिताभ-अभिषेक के बाद अब ऐश्वर्या राय और बेटी आराध्या भी कोविड पॉजिटिव

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब अभिनेत्री व बच्चन परिवार की बहू ऐश्वर्या राय बच्चन और उनकी बेटी आराध्या बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। जबकि जया बच्चन की कोविड टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। ये जानकारी रविवार को खुद महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी है। फिलहाल महानायक अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर है। उनका इलाज मुंबई के नानावटी हॉस्पिटल में चल रहा है। नानावटी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मुंबई के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि अमिताभ बच्चन हल्के लक्षणों के साथ स्थिर हैं और वर्तमान में अस्पताल की आइसोलेशन यूनिट में भर्ती हैं। 

गौरतलब है कि 77 वर्षीय अमिताभ बच्चन ने खुद संक्रमित होने की जानकारी दी। अमिताभ बच्चन ने अपने ट्वीट में लिखा, "मुझे कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। अस्पताल में शिफ्ट कर रहे हैं। अस्पताल अथॉरिटीज को सूचित कर रहा है। परिवार और बाकी स्टाफ टेस्ट करवा रहे हैं। जांच के नतीजों का इंतजार है। पिछले 10 दिनों में जो भी मेरे काफी करीब रहे हैं उन सभी से निवेदन है कि अपना टेस्ट करवा लें।"

इसके बाद अभिषेक बच्चन ने भी अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी ट्वीट करके साझा की। अभिषेक ने अपने ट्वीट में लिखा, "मुझे और मेरे पिता को आज कोरोना पॉजिटिव पाया गया। हम दोनों में ही बहुत हल्के लक्षण पाए गए थे और हमें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। हमने सभी जरूरी अथॉरिटीज को इसकी जानकारी दे दी है और हमारे परिवार व बाकी स्टाफ का टेस्ट किया जा रहा है। मैं सभी से निवेदन करता हूं कि धैर्य बनाए रखें और पैनिक नहीं हों। धन्यवाद। "

वहीं अभिनेता के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर मिलते ही पूरे बॉलीवुड और सियासी जगत में चिंता का माहौल है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, "महानायक श्री अमिताभ बच्चन जी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। ईश्वर आपको शीघ्र स्वस्थ करें और पुन: उसी ऊर्जा के साथ अपने काम में डट जाएं। हम सबकी शुभकामनाएं आपके साथ हैं।" अभिनेत्री रवीना टंडन ने अपने ट्वीट में लिखा, "आपके जल्द ठीक हो जाने के लिए प्रार्थना और कामनाएं।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement