Advertisement

फिल्म 'बॉबी' से लेकर 'मुल्क' तक, हर किरदार में फिट हुए ऋषि कपूर, ये हैं यादगार फिल्में

बॉलीवुड इंडस्ट्री को लगातार दूसरे दिन बड़ा झटका लगा है। 24 घंटे के अंदर बुधवार को इरफान खान के इंतकाल के...
फिल्म 'बॉबी' से लेकर 'मुल्क' तक, हर किरदार में फिट हुए ऋषि कपूर, ये हैं यादगार फिल्में

बॉलीवुड इंडस्ट्री को लगातार दूसरे दिन बड़ा झटका लगा है। 24 घंटे के अंदर बुधवार को इरफान खान के इंतकाल के बाद आज गुरुवार को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का 67 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। ऋषि कपूर के बड़े भाई रणधीर कपूर ने बताया था कि एक्टर को सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिसके चलते उन्हें मुंबई के एच.एन रिलायंस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था जहां गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया। बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर देशभर की कई नामचीन हस्तियां दुख व्यक्त कर रही हैं। ऋषि कपूर ने हिंदी सिनेमा में एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत बतौर बाल कलाकार राज कपूर की फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से की थी।

ऋषि कपूर लगभग पांच दशकों से इंडस्ट्री में सक्रिय थे और अपने अभिनय से सभी का दिल जीत रहे थे। लीड एक्टर के रोल में एक रोमांटिंक एक्टर की छवि से बाहर निकलने के बाद ऋषि कपूर ने अपने करियर के दूसरे फेज में कई सारे कैरेक्टर रोल्स प्ले किए। एक नजर डालते हैं ऋषि कपूर की उन फिल्मों पर जिन्हें लोग कभी भूल नहीं पाएंगे-  

मेरा नाम जोकर

इस फिल्म में ऋषि कपूर एक चाइल्ड आर्टिस्ट के रोल में अपनी ही टीचर के प्यार में पड़ गए थे। फिल्म में ऋषि कपूर का रोल ज्यादा बड़ा नहीं था मगर छोटी उम्र में ही उन्होंने दिखा दिया था कि भविष्य में वे कितने शानदार एक्टर बनने वाले हैं।

बॉबी

बॉबी एक लीड एक्टर के तौर पर उनकी पहली ही फिल्म थी और अपनी पहली ही फिल्म में ना सिर्फ उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता था बल्कि उन्होंने अपनी अदाओं से लड़कियों को भी अपना दीवाना बना दिया था। ये फिल्म साल 1973 में रिलीज हुई थी।

अमर अकबर एंथोनी

ये फिल्म साल 1977 में आई थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर और विनोद खन्ना थे। फिल्म को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया था। इस फिल्म में ऋषि कपूर ने अकबर का रोल प्ले किया था। इस फिल्म में नीतू सिंह के साथ उनकी जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली थी।

कर्ज

एक डांसर और एक रॉकस्टार, ऋषि कपूर की ये फिल्म भी बॉलीवुड इतिहास में किसी ट्रेंड सेटर से कम नहीं मानी जाती। एक म्यूजिकल फिल्म मगर जरा अलग तरीके की, जिसमें संगीत के साथ भरपूर ड्रामा भी था।

दो दुनी चार

एक बार फिर से नीतू कपूर और ऋषि कपूर की जोड़ी। जरा परिपक्व रोमांस। मिडिल क्लास फैमिली की समस्याएं, स्कूटर पर बैठ पूरे परिवार को लेकर जाते हुए ऋषि कपूर की छवि। इस फिल्म में ऋषि कपूर ने बता दिया था कि लीड एक्टर के रोल के लिए ये जरूरी नहीं कि हीरो सिर्फ रोमांस करने वाला ही हो। एक लीड एक्टर के तौर पर रोमांस के अलावा और भी मुद्दे दिखाए जा सकते हैं।

अग्निपथ

ऋतिक रोशन वाली अग्निपथ में भी ऋषि कपूर का एक अलग ही अवतार देखने को मिला। राउफ लाला के रोल में ऋषि कपूर ने दिखा दिया की उनमें अभी और भी अभिनय बाकी है। उनके करियर का एक शानदार निगेटिव रोल। ये फिल्म ऋषि कपूर के करियर की टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। ऋषि को रोमांटिक रोल्स में देखने के आदी रहे दर्शक उन्हें इस रूप में देख सकते में आ गए थे। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड में अलग ही एक्जपोजर मिलना शुरू हो गया।

 डी डे

अग्निपथ के बाद करियर की इस पारी में एक्सपेरिमेंट्स करने का स्वाद ऐसा लगा कि ऋषि ने 2013 में आई डी-डे में अंडरवर्ल्ड डॉन बनना भी मंजूर कर लिया। इस फिल्म में उन्होंने दाऊद इब्राहिम से प्रेरित किरदार निभाया था। हालांकि ऋषि के लिए यह किरदार निभाना मानसिक तौर पर आसान नहीं था। फ़िल्म में उनके अलावा इरफ़ान ख़ान, अर्जुन  रामपाल, हुमा कुरैशी और श्रुति हासन मुख्य भूमिकाओं में थे।

कपूर एंड सन्स

इस फिल्म में ऋषि कपूर ने एक ग्रैंडफादर का रोल प्ले किया था। ये किरदार भी उनका लीग से हट कर था जो दर्शाता है कि एक्टर के अंदर अभिनय की कितनी परत थीं।

102 नॉट आउट

अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की जोड़ी को तो आपने ना जाने कितनी फिल्मों में देखा होगा। मगर 102 नॉट आउट भी बेहद खास फिल्म थी। एक 102 साल के पिता और 76 साल के उनके बेटे की कहानी थी। इस फिल्म में ऋषि कपूर ने अमिताभ बच्चन के बेटे का रोल प्ले किया था।

मुल्क

मुल्क फिल्म उनके करियर कि कुछ आखिरी फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में वे एक मुस्लिम लॉयर के रोल में थे। फिल्म में उनके अभिनय की संजीदगी ने सभी को खूब प्रभावित किया था। फिल्म में तापसी पन्नू और रजित कपूर भी थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement