Advertisement

पंचतत्व में विलीन हुए ऋषि कपूर, बेटे रनबीर ने पूरी की अंतिम संस्कार की प्रक्रिया

  बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर का मुंबई के चंदनवाड़ी शमशान घाट पर इलेक्ट्रिक शवदाह गृह में अंतिम संस्कार...
पंचतत्व में विलीन हुए ऋषि कपूर, बेटे रनबीर ने पूरी की अंतिम संस्कार की प्रक्रिया

 

बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर का मुंबई के चंदनवाड़ी शमशान घाट पर इलेक्ट्रिक शवदाह गृह में अंतिम संस्कार हुआ। उनके बेटे और अभिनेता रनबीर कपूर ने अंतिम संस्कार की सारी प्रक्रिया निभाई। लॉकडाउन की वजह से पुलिस ने अंतिम संस्कार में कुछ बेहद करीबी लोगों को ही शामिल होने की इजाज़त दी। ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर दिल्ली पुलिस से मंजूरी मिलने के बावजूद अपने पिता के आखिरी दर्शन नहीं कर सकीं। 

ऋषि कपूर का आज निधन हो गया था। वह  67 वर्ष के थे। तबीयत खराब होने के कारण उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महानायक अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी। ऋषि कपूर दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे। ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने बताया था कि उनको सांस लेने में तकलीफ थी जिसके चलते उन्हें एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था। बॉलीवुड के लिए लगातार दो दिन में दाे बड़े अभिनेताओं काे खाेना किसी बड़े झटके से कम नहीं है, एक दिन पहले ही इरफान खाान का निधन हुआ और आज ऋषि कपूर ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 

कपूर खानदान की ओर से संदेश जारी कर बताया गया कि गुरुवार सुबह 8.45 बजे ऋषि कपूर ने अंतिम सांस ली। वो ल्यूकेमिया नामक बीमारी से पिछले दो साल से लड़ रहे थे। अस्पताल ने उनके लिए आखिरी दम तक कोशिश की। पिछले साल वो जब विदेश से इलाज करवाकर वापस आए थे, तो काफी खुश थे और हर किसी से मिलना चाहते थे, लेकिन ये बीमारी दूर नहीं हाे सकी।

ऋषि कपूर के निधन पर राष्ट्रपति, पीएम समेत इन हस्तियों ने जताया दुख

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर लिखा कि ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है। उनके सदाबहार और प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व तथा ऊर्जा के कारण यह विश्वास करना मुश्किल है कि वे नहीं रहे। उनका निधन सिने जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।

 ऋषि कपूर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, बहुआयामी, प्रिय और जीवंत...ये ऋषि कपूर जी थे। वह प्रतिभा का पावरहाउस थे। मैं हमेशा सोशल मीडिया पर भी अपनी बातचीत को याद करूंगा। वह फिल्मों और भारत की प्रगति के बारे में भावुक थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऋषि कपूर के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि भारतीय सिनेमा के लिए यह एक भयानक सप्ताह है, जिसमें एक और किंवदंती अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है। एक अद्भुत अभिनेता, पीढ़ी दर पीढ़ी एक विशाल प्रशंसक समूह के साथ, वह बहुत याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।

अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के निधन की जानकारी देते हुए ट्वीट कर लिखा- वो गया, ऋषि कपूर गए, अभी उनका निधन हुआ, मैं टूट गया हूं।

 

बॉलीवुड में स्वर कोकिला के नाम से चर्चित जानी-मानी गायिका लता मंगेशकर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ऋषि कपूर और अपनी एक तस्वीर साझा की है। लता ने इस फोटो के साथ लिखा है, ''कुछ समय पहले ऋषि जी ने मुझे अपनी और मेरी तस्वीर भेजी थी. वो सब दिन, सब बातें याद आ रही हैं। मैं शब्दहीन हो गई हूं।'' 

लता ने दूसरे ट्वीट में लिखा है, ''क्या कहूं, क्या लिखूं, कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है। ऋषि जी के निधन से मुझे बहुत दुख हो रहा है। उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री को बहुत हानि हुई है। यह दुख सहना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।''

बीते सितंबर में लौटे थे भारत

ऋषि कपूर यूएस में करीब 1 साल इलाज करवाने के बाद बीते सितंबर में भारत लौटे थे। फरवरी में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती करवाया जा चुका था।

एक दिन पहले बॉलीवुड जगत ने इरफान खान को खोया

29 अप्रैल को हिंदी सिनेमा ने एक्टर इरफान खान को खोया था। अब इरफान के निधन के 1 दिन बाद 30 अप्रैल को ऋषि कपूर अलविदा कह गए। एक के बाद एक दो दिग्गज अभिनेताओं को गवां देना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा झटका है। ऋषि कपूर के निधन से देश में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। बता दें कि ऋषि कपूर ने हिंदी सिनेमा में बड़ा योगदान दिया था। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था।

दो साल पहले हुआ था कैंसर

2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था। इलाज के लिए वो अमेरिका गए थे। वहां 11 महीने रहने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। अमेरिका में पूरे वक्त उनके साथ पत्नी नीतू ही थीं। एक्टर बेटे रणबीर कपूर कई बार उनसे मिलने न्यूयॉर्क गए थे। कुछ दिनों पहले ऋषि ने एक इंटरव्यू में कहा था, “अब मैं बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूं। और कोई भी काम कर सकता हूं। सोच रहा हूं कि एक्टिंग दोबारा कब शुरू करूं। पता नहीं लोगों को अब मेरा काम पसंद आएगा भी या नहीं। न्यूयॉर्क में मुझे कई बार खून चढ़ाया गया था। तब मैंने नीतू से कहा था- उम्मीद करता हूं कि नए खून के बावजूद मैं एक्टिंग नहीं भूलूंगा।”

ऋषि के चाहने वाले न्यूयॉर्क पहुंचे थे

ऋषि जब न्यूयॉर्क में इलाज करा रहे थे तो उनके दोस्त और चाहने वाले वहां लगातार उनकी सेहत का हाल जानने जाते रहे। इनमें प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट, अनुपम खेर, आमिर खान, शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, करण जौहर और मलाइका अरोरा शामिल थे। ऋषि आखिरी बार इमरान हाशमी के साथ पर्दे पर नजर आए।

फरवरी में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे ऋषि

ऋषि कपूर फरवरी में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे। एक बार जब वे दिल्ली में एक पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे तो उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय खुद ऋषि ने कहा था कि वह "संक्रमण" से पीड़ित थे। मुंबई लौटने के बाद, उन्हें फिर से वायरल बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी तबियत जल्दी सुधर जाने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

एक महीने से सोशल मीडिया से दूर

सोशल मीडिया पर लॉजिकल और अग्रेसिव कमेंट्स के लिए मशहूर ऋषि ने 2 अप्रैल के बाद ट्विटर अकाउंट पर कुछ भी पोस्ट नहीं किया। उन्होंने बीते दिनों दीपिका पादुकोण के साथ हॉलीवुड फिल्म "द इंटर्न" के रीमेक में काम करने की घोषणा भी की थी।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad