Advertisement

तेजस्वी का नीतीश पर तंज, अब बिहार को विशेष दर्जा दिलाने के लिए यूएन जाइए

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर...
तेजस्वी का नीतीश पर तंज, अब बिहार को विशेष दर्जा दिलाने के लिए यूएन जाइए

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगातार ‘ट्वीट-बाण’ छोड़ते रहते हैं। आजकल वह नीतीश को ‘चाचा जी’ कहने लगे हैं। उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की नीतीश की मांग पर निशाना साधा।

तेजस्वी ने कहा, 'प्रिय नीतीश चाचा जी, अब बिहार को स्पेशल स्टेटस का दर्जा दिए जाने को लेकर आप संयुक्त राष्ट्र (यूएन) या जी-8 जाइए। लोगों को बेवकूफ बनाना बंद कीजिए। पीएम मोदी के उन भाषणों को बार-बार चलाइए, जिसमें उन्होंने बिहार में राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की बात कही है।'

इससे पहले भी लगातार तेजस्वी ट्विटर के जरिए नीतीश कुमार पर हमले बोलते रहे हैं। 16 जुलाई को उन्होंने बिहार के आरा में रेप को लेकर कहा था कि बिहार को बलात्कार प्रदेश में तब्दील करना ही नीतीश चाचा की उपलब्धि है।

इससे पहले तेजस्वी ने सरकार पर ‘चूहों’ को लेकर कटाक्ष किया है। दरअसल, पिछले साल बिहार के जल संसाधन मंत्री ललन सिंह ने एक तटबंध टूटने पर इसके लिए चूहे को दोषी बताया था। इसके अलावा शराबबंदी के बाद एक थाने के मालखाने में रखी जब्त शराब के गायब होने पर पुलिस अधिकारियों ने चूहों द्वारा शराब पी जाने की बात कही थी।

इन दोनों बयानों के आधार पर सरकार पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी ने नीतीश से सवाल किया कि राज्य में तटबंध टूट रहे हैं और थाने से शराब गायब हो रही है। ऐसे में नीतीश कुमार अब किसे इसके लिए जिम्मेदार बताएंगे। नीतीश पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी ने एक ट्वीट के जरिए कहा कि राज्य के चूहे झूठे आरोपों के कारण प्रदेश से पलायन कर रहे हैं।

तेजस्वी ने शनिवार को ट्वीट किया, '1000 करोड़ का बांध टूटे, करोड़ों की जब्त 9 लाख लीटर शराब गायब हों, करोड़ों की दवाई गायब हों, गरीबों का राशन गायब हों। नीतीश जी के कुशासनी राज में भ्रष्टाचार के दोषी चूहे ही होंगे। चूहे इनके झूठे आरोपों से परेशान हो पलायन कर कह रहे है अब नीतीश जी किसे दोषी ठहराएंगे?'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement