Advertisement

‘फैनी’ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हुई, मुख्यमंत्री का ऐलान प्रभावितों को मिलेंगे पक्के घर

ओडिशा में बीते हफ्ते भीषण चक्रवाती तूफान ‘फैनी’ का सामना करना पड़ा। इसने राज्य में काफी तबाही मचाई...
‘फैनी’ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हुई, मुख्यमंत्री का ऐलान प्रभावितों को मिलेंगे पक्के घर

ओडिशा में बीते हफ्ते भीषण चक्रवाती तूफान ‘फैनी’ का सामना करना पड़ा। इसने राज्य में काफी तबाही मचाई और घरों को तहस-नहस कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा में मरने वालों की संख्या की पुष्टि करते हुए राज्य सरकार ने बताया कि इस तूफान के कारण 21 और लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने पीड़ितों को पक्के घर देने का भी ऐलान किया है।

रविवार को आई विशेष राहत आयुक्त की स्थिति रिपोर्ट में बताया गया है कि अकेले पुरी में 39 लोगों की मौत हुई है। यह संख्या सरकार द्वारा पूर्व में घोषित से 18 ज्यादा है। तीन और लोगों की मौत खुर्दा जिले में हुई है। जिसके साथ ही जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

64 मृतकों में से 25 की मौत दीवार गिरने से हुई, 20 के ऊपर पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिर गए थे और छह लोगों की मौत छत गिरने से हुई। 13 अन्य लोगों की मौत की वजह का पता नहीं चल पाया है। बता दें कि 1999 में आए सुपर साइक्लोन के बाद फैनी सबसे विनाशकारी चक्रवात था। सुपर साइक्लोन ने राज्य के 1,000 से ज्यादा लोगों की जान ली थी।

इसी बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने चक्रवात से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए नई घोषणा की है। जिसके मुताबिक ऐसे लोग जिनके घर तूफान की वजह से पूरी तरह या ज्यादातर नष्ट हो गए हैं, उन्हें पक्के घर मुहैया कराए जाएंगे। इसके लिए घरों की क्षति का आकलन 15 मई से शुरू होगा जिसे एक सप्ताह के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। लाभार्थियों को वर्क ऑर्डर वितरण एक जून से शुरू किया जाएगा।

इससे पहले पटनायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक साल का वेतन दान किया था। भारतीय मौसम विभाग ने फैनी को 'अत्यंत भयावह चक्रवाती तूफान' की श्रेणी में रखा है। फैनी भारत में पिछले 20 साल में आया सबसे भयंकर तूफान है। इसकी वजह से तीर्थस्थल पुरी में समुद्र तट के पास स्थित इलाके और अन्य स्थान भारी बारिश के बाद जलमग्न हो गए जिससे राज्य के करीब 11 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad