Advertisement

नहीं रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र, लंबे समय से थे बीमार

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार...
नहीं रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र, लंबे समय से थे बीमार

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली में ही इलाज चल रहा था। वे तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके थे। बिहार के कद्दावर नेताओं में से एक माने जाते थे। जगन्नाथ मिश्र पर चारा घोटाले का भी दाग रहा और कई महीने उन्हें जेल में बिताना पड़ा।

बता दें कि मिश्र बिहार में 950 करोड़ रुपये के चारा घोटाले में भी फंसे थे। 1996 में सामने आए इस मामले में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव अभी जेल काट रहे हैं।

तीन बार बिहार के सीएम बने थे जगन्नाथ मिश्र

डॉ जगन्नाथ मिश्र तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने प्रोफेसर के रूप में अपना करियर शुरू किया था और बाद में बिहार विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर बने। उनकी रुचि राजनीति में बचपन से ही थी। उनके बड़े भाई, ललित नारायण मिश्र राजनीति में थे और रेल मंत्री थे।

पढ़ाने के दौरान ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए

जगन्नाथ मिश्र विश्वविद्याल में पढ़ाने के दौरान ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए। वह 1975 में पहली बार मुख्यमंत्री बने। दूसरी बार उन्हें 1980 में कमान सौंपी गई और आखिरी बार 1989 से 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। वह 90 के दशक के बीच केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भी रहे। बिहार में डॉ मिश्र का नाम बड़े नेताओं के तौर पर जाना जाता है। कांग्रेस छोड़ने के बाद, वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे।

जगन्नाथ मिश्र के निधन से बिहार में शोक की लहर

सीएम नीतीश कुमार जगन्नाथ मिश्र के निधन से दुखी हैं और उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की है। विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी, परिषद के सभापति हारुण रशीद ने भी शोक जताया।

जगन्नाथ मिश्र के निधन पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दुख जताया है। उन्होंने कहा, ''बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ मिश्र जी का निधन हो गया है, प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे।''

विजय कुमार चौधरी ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि बिहार की राजनीति से एक मजबूत स्तंभ चला गया। जेडीयू के नेता अशोक चौधरी ने भी जगन्नाथ मिश्र के निधन पर शोक जताया।

 

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने भी शोक जताया है। वहीं, बिहार सरकार मंत्री नंदकिशोर यादव ने पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्र के निधन पर दुख व्यक्त किया। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने जगन्नाथ मिश्र के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement