Advertisement

श्रीलंका धमाका मामले में पुलिस ने 13 लोगों को किया गिरफ्तार, मरने वालों की संख्या बढ़कर 290 हुई

श्रीलंका सिलसिलेवार आठ बम धमाकों से दहल गया। रविवार सुबह ईस्टर के मौके पर तीन चर्च और तीन होटलों को...
श्रीलंका धमाका मामले में पुलिस ने 13 लोगों को किया गिरफ्तार, मरने वालों की संख्या बढ़कर 290 हुई

श्रीलंका सिलसिलेवार आठ बम धमाकों से दहल गया। रविवार सुबह ईस्टर के मौके पर तीन चर्च और तीन होटलों को निशाना बनाया गया। वहीं, एक जू के सामने भी ब्लास्ट होने की खबर है। इन आठ धमाकों में मृतकों की संख्या बढ़कर 290 हो गई है। वहीं, 450 से ज्यादा घायल हैं। सरकार ने रविवार शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक पूरे देश में कर्फ्यू की घोषणा की है। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी रोक लगा दी गई है। मामले में अब तक 13 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शुरुआती धमाके उस वक्त हुए, जब ईस्टर की प्रार्थना के लिए लोग चर्च में एकत्रित हुए थे। पहला धमाका कोलंबो में सेंट एंटनी चर्च और दूसरा धमाका राजधानी के बाहर नेगोम्बो कस्बे के सेबेस्टियन चर्च में हुआ। वहीं, तीसरा धमाका पूर्वी शहर बाट्टिकालोआ के चर्च में हुआ। इसके साथ ही द शांगरीला, द सिनामॉन ग्रैंड और द किग्सबरी होटल को भी निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस प्रवक्ता रूवान गुनसेकेरा ने कहा कि विस्फोट रविवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) 8.45 बजे हुआ। 

अधिकारियों ने बाताया कि श्रीलंकाई पुलिस ने चर्चों और होटलों पर हुए बम विस्फोट के मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।

 

श्रीलंका विस्फोटों में मारे गए लोगों में छह भारतीय भी शामिल

 

श्रीलंका में रविवार को ईस्टर के मौके पर गिरजाघरों तथा होटलों में हुए बम धमाकों में 290 लोग मारे गए जिनमें छह भारतीय भी शामिल हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि हमले में मारे गए विदेशियों में कम से कम छह भारतीय नागरिकों के शामिल होने की खबर है।

 

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने धमाके मारे गए दो अन्य लोगों की सोमवार को पहचान भी की। स्वराज ने कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त ने ट्वीट को रीट्वीट किया। उच्चायुक्त ने ट्वीट किया, ‘हम बड़े दुख के साथ कल हुए हमले में दो लोगों के. जी हनुमंतरायप्पा और एम रंगयप्पा के निधन की पुष्टि करते हैं।’

 

स्वराज ने रविवार को सिलसिलेवार ट्वीट में तीन भारतीयों लक्ष्मी, नारायण चंद्रशेखर और रमेश के मारे जाने की पुष्टि की थी। उन्होंने लिखा, ‘कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त ने बताया कि नेशनल हॉस्पिटल ने तीन भारतीयों के निधन की पुष्टि की है।’

सातवां ब्लास्ट, दो की मौत

पुलिस प्रवक्ता रूवान गुनसेकेरा ने बताया कि कोलंबो जू के सामने एक होटल में सातवां विस्फोट हुआ जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है और घायलों को कोलंबो दक्षिण अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है। विस्फोट के बाद चिड़ियाघर को जनता के लिए बंद कर दिया गया था।

कृपया शांत रहें और अफवाहों से मूर्ख न बनें: मैत्रीपाला

 समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने स्थानीय समाचार चैनलों पर पढ़े गए एक विशेष संदेश में जनता से शांत रहने और अधिकारियों के साथ सहयोग करने का अनुरोध किया। सिर‌िसेना ने कहा, "जो स्थिति आई है, उससे हैरान और दुखी हूं। इन जघन्य कृत्यों के पीछे क्या साजिश है, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। कृपया शांत रहें और अफवाहों से मूर्ख न बनें।"

 विदेशी नागरिकों की मौत की आशंका, बचाव कार्य जारी

श्रीलंका के इकोनॉमिक रिफॉर्म्स एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन मिनिस्टर हर्षा डिसिल्वा ने बताया कि प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे बेंटोला से लौट रहे हैं। आपात बैछक बुलाई गई है। बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने कुछ विदेशी नागरिकों समेत कई कैजुअल्टी होने की आशंका जाहिर की है।

धार्मिक स्थलों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था 

इस बीच, राजधानी में विभिन्न धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राष्ट्रपति के सचिव उदय आर सेनाविरत्ने की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सरकार ने गलत सूचना के प्रसार को रोकने के लिए सभी सोशल मीडिया मंचों को ब्लॉक करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री ने विस्फोटों की शुरुआती जांच का विवरण नहीं बताया और कहा कि पुलिस बाद में जानकारी देगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''पुलिस आपको जांच के बाद जानकारी देगी। पुलिस और सुरक्षा बलों को निर्देश दिया गया है कि वह अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज करें।"

भारत श्रीलंका के लोगों के साथ: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका में हुए भयानक विस्फोटों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में इस तरह की बर्बरता के लिए कोई जगह नहीं है। भारत श्रीलंका के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। मोदी ने कहा कि वे शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के लिए प्रार्थना करते हैं।

स्थिति पर है नजर: सुषमा स्वराज

इस दौरान भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि वे कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त के लगातार संपर्क में हैं। स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।

भारतीय दूतावास ने जारी किया हैल्पलाइन नंबर

 

 श्रीलंका में 7 प्रतिशत है ईसाईयों की संख्या

श्रीलंका में ईसाई लोग ईस्टर संडे मना रहे थे, जो कि ईसा मसीह के पुनरुत्थान और सप्ताह भर चलने वाले उत्सव की परिणति का प्रतीक है। श्रीलंकाई आबादी में ईसाईयों की संख्या 7 प्रतिशत है, बौद्धों की संख्या लगभग 70 प्रतिशत है, जिसके बाद हिंदू और मुस्लिम हैं।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement