इराक में आज हुए विभिन्न हमलों में कम से कम 46 व्यक्ति मारे गए हैं। इसमें एक आत्मघाती हमला भी शामिल है जिसकी जिम्मेदारी आईएसआईएस ने ली और जो हाल के महीनों में बगदाद में होने वाला भीषण हमला है।
भारतीय आफ स्पिनर आर. अश्विन आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में फिर शीर्ष पर पहुंच गए। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर टेस्ट में 140 रन देकर 13 विकेट चटकाये। अश्विन को मैन आफ द सीरिज चुना गया। उन्होंने तीन मैचों में 27 विकेट लिये। अब उनके नाम 39 टेस्ट में 220 विकेट हैं।
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरेे ने साफ कहा है कि महाराष्ट्र में भाजपा शिवेसना से गठबंधन तोड़कर दिखाए बाद में हम उसे बताएंगे कि सर्जिकल स्ट्राइक क्या होती है। निगम चुनाव को लेकर दोनों दल आमने-सामने आ गए हैं और मामला गठबंधन टूटने तक आ पहुंचा है। शिवसेना प्रमुख का यह बयान इसी दिशा में देखा जा रहा है।
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के शीर्ष निर्णायक निकाय अकादमिक काउंसिल ने एक बार फिर भारतीय संस्कृति और योग में अल्पकालिक पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। यह प्रस्ताव विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिया था। बताया जा रहा है कि आरएसएस और अन्य दक्षिणपंथी संगठनों के दबाव में इन विषयों में पाठ्टक्रम शुरू रने का प्रसताव तैयार किया गया है।
जनता दल यूनाइटेड ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को फिर निर्वाचित किया है। राज्यसभा सदस्य सिंह के खिलाफ किसी ने नामांकन नहीं किया था और वे दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए बर्खास्त मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति कोएक बार फिर मंत्री बनाया है। इसके साथ ही चार मंत्रियों को शामिल किया गया जबकि छह राज्य मंत्रियों को पदोन्नत किया गया है।
चीन ने एक बार फिर भारत-पाक के बीच जारी तनाव और कश्मीर पर पाकिस्तान का साथ देने से साफ इनकार किया है। चीन ने युद्ध की स्थिति और कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के साथ उसके खड़े होने से संबंधित पाकिस्तानी मीडिया की खबरों का आज खंडन किया।
कश्मीर घाटी के हंदवाडा में आज फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है जबकि श्रीनगर के तीन पुलिस थाना क्षेत्रों में अभी भी प्रतिबंध जारी है। हिंसा और झड़पों के बाद कर्फ्यू और प्रतिबंधों की वजह से कश्मीर घाटी में आज लगातार 78वें दिन भी आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा।
बायें हाथ के स्पिनर रविंद्र जडेजा के पांच और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के चार विकेट की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 262 रन पर समेटने के बाद मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा के नाबाद अर्धशतकों से दूसरी पारी में एक विकेट पर 159 रन बनाकर पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली। भारत की कुल बढ़त 215 रन की हो गई है।