Advertisement

छह राज्यों के बदले गए राज्यपाल, आनंदीबेन उत्तर प्रदेश की तो लालजी टंडन बने एमपी के राज्यपाल

केंद्र सरकार की सहमती से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के 6 राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति की है।...
छह राज्यों के बदले गए राज्यपाल, आनंदीबेन उत्तर प्रदेश की तो लालजी टंडन बने एमपी के राज्यपाल

केंद्र सरकार की सहमती से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के 6 राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति की है। मध्यप्रदेश की राज्यपाल रहीं आनंदी बेन पटेल को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। राज्य में पहले राम नाईक राज्यपाल का कार्यभार संभाल रहे थे। वहीं लालजी टंडन को मध्यप्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह बिहार के राज्यपाल के तौर पर कार्य कर रहे थे।

16 जनवरी 2018 को गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश की राज्यपाल बनाई गई थीं। तब आंनदीबेन पटेल ने ओम प्रकाश कोहली की जगह ली थी। बिहार के राज्यपाल के रूप में फागू चौहान, लाल जी टंडन की जगह लेंगे जबकि जगदीप धनकड़ को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल और रमेश बैस को त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया है। इनके अलावा आरएन रवि को नगालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पिछले कुछ दिन से कयास लगाए जा रहे थे कि देशभर के कई राज्यों में राज्यपालों के तबादले किए जा सकते हैं।

जगदीप धनकर को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है इससे पहले केशरीनाथ त्रिपाठी बंगाल के राज्यपाल थे। कप्तान सिंह सौलंकी की जगह अब रमेश बेस को त्रिपुरा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। फागु चौहान को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है वहीं नागालैंड में आरएन रवी को राज्यपाल नियुक्त किया गया है, इससे पहले पद्मनाथ बालकृष्ण आचार्य यहां के राज्यपाल थे।

लालजी टंडन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक 

लालजी टंडन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। लालजी टंडन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के काफी करीबी रहे हैं।  वाजपेयी के राजनीति से संन्यास लेने के बाद उन्होंने वर्ष 2009 में लखनऊ से लोकसभा का चुनाव लड़कर जीत दर्ज की थी तब वह सांसद बने थे। 1960 से उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। टंडन दो बार विधान परिषद के सदस्य रहे।

फागू चौहान उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता

बिहार के राज्यपाल के तौर पर फागू चौहान को नियुक्त किया गया है। फागू चौहान उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता हैं। एक जनवरी 1948 को जन्मे चौहान शेखुपुर आजमगढ़ से आते हैं। 17वें उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में चौहान सबसे अधिक मतों से जीतने वाले विधायक थे। वे घोसी से निर्वाचित हुए थे। पार्टी ने उन्हें बिहार का राज्यपाल नियुक्त कर बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad