Advertisement

विपक्ष की रैली में शत्रुघ्न सिन्हा की मौजूदगी पर भाजपा खफा, कहा- जल्द होगा उन पर फैसला

कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की अगुआई में आज विपक्ष की रैली आयोजित की गई है। रैली में भाजपा सांसद...
विपक्ष की रैली में शत्रुघ्न सिन्हा की मौजूदगी पर भाजपा खफा, कहा- जल्द होगा उन पर फैसला

कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की अगुआई में आज विपक्ष की रैली आयोजित की गई है। रैली में भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल हुए। इस पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, ‘कुछ लोगों की इच्छाएं बहुत बड़ी हैं। सिन्हा मौका परस्त हैं, उन पर पार्टी ने संज्ञान ले लिया है। जल्दी ही उन्हें लेकर पार्टी कोई फैसला करेगी। ममता की रैली पर उन्होंने कहा कि कोलकाता में सिद्धांत विहीन नेताओं की संगोष्ठी चल रही है।‘

वहीं, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने रैली पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ये सब थके हुए पिटे हुए पहलवान हैं, जो अखाड़े में जाकर फिर किस्मत आजमाना चाहते हैं। पहला गठबंधन (कर्नाटक में) ही इस हाल में है तो आगे क्या होगा।‘

रैली में नेताओं ने भाजपा पर साधा निशाना

रैली में समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा, ‘जो बात बंगाल से चलेगी वो देश में दिखाई देगी। लोग सोचते थे कि हमारा गठबंधन नहीं होगा लेकिन गठबंधन हो गया। वो (बीजेपी) कहते हैं कि विपक्ष के पास दूल्हे (पीएम पद के उम्मीदवार) बहुत हैं, तो जनता जिसे चुनेगी वो ही पीएम बनेगा लेकिन भाजपा बताए कि उनके पास विफल पीएम के अलावा किसका चेहरा है। हमने गठबंधन का तरीका भाजपा से ही सीखा है। चुनाव आते-आते बीजेपी सीबीआई और ईडी से गठबंधन कर रही है और हम लोग जनता की आवाज से गठबंधन कर रहे हैं। हमारे सहयोगी दलों के मिलने के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा को डर लग रहा है। भाजपा ने समाज में जहर घोलने का काम किया। हमने बहुत काम किया लेकिन भाजपा काम पर वोट नहीं मांगती, वो तोड़ने और जोड़ने में विश्वास रखते हैं।‘

यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की हैः यशवंत सिन्हा

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि सवाल एक व्यक्ति को हटाने का नहीं सोच का है। मोदी सरकार ने हर लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म बर्बाद करने में लगी है। मोदी को मुद्दा न बनाएं, मुद्दों को मुद्दा बनाएं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है। कश्मीर की समस्या का समाधान गोली से नहीं बोली से होगा।

सिन्हा ने कहा कि मुझे पाकिस्तान का एजेंट भी कहा गया लेकिन क्या प्यार की बात करना देशद्रोह है। मेरा एक उद्देश्य है, एक लड़ाई बाकी है वो है इस सरकार को सत्ता से बाहर करना। इसके लिए जरूरी है कि मंच पर उपस्थित नेता तय करें कि आगामी चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ हर सीट पर सिर्फ एक उम्मीदवार खड़ा होगा। मोदी सरकार ने सबका साथ तो लिया लेकिन विकास के नाम पर सबका विनाश किया। देश के किसी भी संस्थान को बर्बाद करने में इन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

मोदी-शाह से लोगों का ऐतबार उठ गया है: शौरी

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी ने कहा कि राफेल जैसा घोटाला किसी सरकार में नहीं हुआ। ऐसी झूठ बोलने वाली सरकार कभी नहीं आई। इस सरकार ने हर संस्था को बर्बाद करने की जिद पकड़ रखी है। मोदी-शाह से लोगों का ऐतबार उठ गया है। मोदी समझ गए हैं कि सत्ता से उनकी पकड़ हिल गई है।

उन्होंने कहा कि अरुण शौरी ने कहा कि हम अकेले होकर लड़गें तो मोदी सरकार को देश बर्बाद करने से नहीं रोक पाएंगे। अगर हम गुजरात में भी एक साथ मिलकर लड़े होते तो नतीजे कुछ और होते। ठीक उसी तरह मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी एकजुट होते तो और बेहतर होता। बंगाल की शेरनी ने विपक्ष को एकजुट करने का काम लिया है।

सुभाष बाबू लड़े थे गोरों से हम लड़ेंगे चोरों सेः हार्दिक पटेल

पाटीदार  नेता हार्दिक पटेल के महारैली में सबसे पहले बोलने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए विपक्ष एकजुट है। उन्होंने कहा कि सुभाष बाबू लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों से।

अच्छे दिन लाना है तो मोदी को भगाना हैः जयंत चौधरी

अजित सिंह चौधरी के बेटे जयंत चौधरी ने कहा कि यह रैली नहीं रैला है। निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए जनता के पैसों को लूटा जा रहा है। नेता जिद्दी भी होता है। चौधरी चरण सिंह किसानों के लिए जिद्दी थे। ममता कोलकाता के लिए जिद्दी हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन लाना है तो मोदी को भगाना है। विपक्षी दल कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और भाजपा के तंबू को उखाड़ फेकेंगे।

संविधान को खत्म करने की हो रही कोशिशः जिग्नेश

जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि देश बुरे दौर से गुजर रहा है। विपक्ष का एकजुट होना बड़ा संदेश है। देश में किसान, मजदूर और दलितों का शोषण हो रहा है। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

जवाब देंगे क्षेत्रीय दल: हेमंत सोरेन

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि क्षेत्रीय दल सांप्रदायिक ताकतों को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों और आदिवासियों का शोषण हुआ है। अरूणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री गेगोंग अपांग ने महारैली में कहा कि पिछले चार साल में भारतीय लोकतंत्र के लिए कई बार परीक्षण हुए हैं।

राहुल गांधी ने दिया समर्थन

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी  को पत्र लिख कर समर्थन की बात कही है। रैली से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी एकजुटता के ममता बनर्जी के प्रयास का समर्थन करते हुए शुक्रवार को उम्मीद जताई कि इस रैली से एकजुट भारत का शक्तिशाली सन्देश जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा विपक्ष इस विश्वास के प्रति एकजुट है कि सच्चे राष्ट्रवाद और विकास की रक्षा लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता जैसे उन मूल्यों के आधार पर करनी है जिनको नरेंद्र मोदी सरकार नष्ट कर रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad