Advertisement

शाम 6 बजे तक महाराष्ट्र में 63 और हरियाणा में 68 फीसदी मतदान

महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक हरियाणा में 68...
शाम 6 बजे तक महाराष्ट्र में 63 और हरियाणा में 68 फीसदी मतदान

महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक हरियाणा में 68 प्रतिशत और महाराष्ट्र में 63 प्रतिशत वोट डाले गए। महाराष्ट्र में मतदान प्रतिशत 2014 के विधानसभा के लगभग बराबर (63.38 फीसदी) ही रहा। 

हरियाणा की 90 सीटों पर 1169 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, इनमें से 104 महिलाएं हैं। जबकि महाराष्ट्र में 3237 उम्मीदवार मैदान में है जिनमें 235 महिलाएं हैं। महाराष्ट्र में कुल 8,98,39,600 लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 4,28,43,635 महिलाएं शामिल हैं। जबकि हरियाणा में 1.83 करोड़ मतदाता तय करेंगे कि खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार एक बार फिर से सत्ता में लौटेगी या फिर कांग्रेस का वनवास खत्म होगा। गुरुवार 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।

दुष्यंत चौटाला ने लगाया हमला करने का आरोप

विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा में हो रहे मतदान के दौरान काफी गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। इस बीच जेजेपी उम्मीदवार व नेता दुष्यंत चौटाला ने 6 लोगों के खिलाफ उन पर हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि इन नामों का खुलासा अभी तक हो पाया है। दुष्यंत ने आरोपों में कहा कि मेरे ऊपर गिलास फेंक कर मारा गया और धक्का मुक्की की गई। वहीं दुष्यंत के आरोपों के बाद जींद के डूमरखां गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। तनाव को देखते हुए पैरा मिलिट्री फोर्स और भारी पुलिस बल, एसपी अश्विन शैणवी और डीसी आदित्य दहिया गांव के पोलिंग बूथ में पहुंचे हुए हैं।

पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह के गांव में हंगामा, दो गिरफ्तार

उचाना विधानसभा क्षेत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के गांव डूमर खां में विवाद हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं पर बूथ पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया। इस पर विवाद और हंगामा हो गया। इस कारण वोटिंग रुक गई। एसपी व डीसी मौके पर पहुंचे हैं। काफी संख्‍या में अर्द्ध सैनिक बल और पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। जेजेपी उम्‍मीदवार ने फर्जी वोट डालने का विरोध करने पर हमले का आरोप लगाया है। गांव डूमर खां में फर्जी मतदान पर विवाद दुष्‍यंत चौटाला ने लगाया खुद पर हमले I उचाना में जेजेपी प्रत्‍याशी दुष्यंत चौटाला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के पैतृक गांव डूमर खां में फर्जी वोटिंग और बूथ कब्‍जा किए जाने के आरोप लगाए। दुष्यंत का कहना है कि इस बारे में जानकारी मिलने पर वह फर्जी वोटिंग रोकने आए तो कुछ लोगों ने उन पर हमला किया और उन पर गिलास तक फेंका गया। उनका आरोप है कि मौके पर मौजूद डीएसपी ने उन्हें सहयोग नही दिया। इस घटना से गांव में तनाव पैदा हाे गया। अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। उधर बताया जाता है कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उचाना सीट से बीरेंद्र सिंह की पत्‍नी प्रेमलता भाजपा की प्रत्‍याशी हैं और उनका मुकाबला जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्‍यंत चौटाला से है।

साइकिल की सवारी कर पहुंचे खट्टर

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के बूथ नम्बर 174 पर अपना मतदान किया। मुख्यमंत्री अपने प्रेम नगर स्थित कार्यालय से मतदान केन्द्र तक साइकिल की सवारी कर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया-हिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन के लिए उठाया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साईकिल चलाकर युवा पीढ़ी व समाज को स्वस्थ्य रहने तथा पर्यावरण को संरक्षित रखने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां तक संभव हो, हमें प्रदूषण रोकना चाहिए और पर्यावरण का संरक्षण करना चाहिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रदेश की जनता से अपने मत का प्रयोग करने की अपील की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में अबकी बार-75 पार का लक्ष्य जरूर प्राप्त करेगी। जनता में मतदान को लेकर उत्साह है, जनता एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता सौंपने जा रही है।

बिना किसी दबाव में आए मतदान करें: पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) अध्यक्ष शरद पवार ने राज्य विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और उन्होंने लोगों से बिना किसी दबाव में आए इस लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। पवार, उनकी नातिन रेवती सुले और दामाद सदानंद सुले ने दक्षिण मुंबई के एक मतदान केन्द्र में मतदान किया. बाद में पवार ने मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को बिना किसी दबाव में आए मतदान करना चाहिए।

फडणवीस ने परिवार संग की वोटिंग

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अपने मत का इस्तेमाल किया। फडणवीस ने नागपुर में अपनी मां सरिता फडणवीस और पत्नी अमृता फडणवीस के साथ जाकर मतदान किया। मतदान के बाद फडणवीस ने कहा कि सभी लोग लोकतंत्र में सहभागी बनें और मतदान करें।

पीएम मोदी ने की रिकॉर्ड मतदान की अपील

इस दौरान  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में मतदान का नया रिकॉर्ड बनाने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से कहा- लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।  बता  दें कि हरियाणा में, 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जबकि महाराष्ट्र में नागरिकों के वोट डालने के लिए 96,661 मतदान केंद्र हैं।

महाराष्ट्र चुनाव अहम बातें

-प्रदेश में आठ करोड़ 98 लाख से अधिक मतदाता हैं जिसमें चार करोड़ 28 लाख से अधिक महिला एवं चार करोड़ 68 लाख से अधिक पुरूष मतदाता हैं।

-इन मतदाताओं में एक करोड़ छह लाख 76 हजार 13 ऐसे हैं जो 18 से 25 साल आयुवर्ग के बीच हैं ।

-राज्य में कुल 3287 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 235 महिलायें हैं । प्रदेश के ये मतदाता 21 अक्टूबर को अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर विधानसभा के लिए 288 सदस्यों का चयन करेंगे।

-प्रदेश में भाजपा 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जिसमें छोटे सहयोगी दल भी हैं जो पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल पर चुनाव लड़ रहे हैं। सहयोगी शिवसेना ने 124 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

-दूसरी ओर कांग्रेस ने 147 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि सहयोगी राकांपा ने 121 सीटों पर।

-प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने 101 सीटों पर, भाकपा ने 16, माकपा ने आठ, बसपा ने 262 सीटों पर अपने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

-चुनाव मैदान में कुल 1400 निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

किसने की कितनी रैलियां

राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां छह चुनावी रैलियों को संबोधित किया वहीं काग्रेस नेता राहुल गांधी ने छह जनसभाओं में अपनी बात रखी। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस एवं शिव सेना नेता आदित्य ठाकरे ने रोड शो किया। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह और राकांपा प्रमुख शरद पवार ने भी जनसभाओं को संबोधित किया।

ये हैं प्रमुख उम्मीदवार

प्रदेश में विधानसभा के लिए प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री फड़णवीस, पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक चह्वाण तथा पृथ्वीराज चह्वाण शामिल हैं। आदित्य ठाकरे पहली बार चुनाव मैदान में हैं।

6 लाख 50 हजार मतदान कर्मी तैनात

अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए छह लाख 50 हजार मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। चुनाव के लिए राज्य में 96 हजार 661 मतदान केंद्र बनाये गए हैं और एक लाख 35 हजार 21 वीवीपैट मशीनें भी लगायी गयी है ।

2014 के विधानसभा चुनावों में स्थिति

प्रदेश में 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने सबसे अधिक 122 सीटें जीती थी जबकि शिवसेना के खाते में 63 सीट गयी थी। कांग्रेस और राकांपा ने क्रमश: 42 और 41 सीटों जीत दर्ज की थी। भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि राजग गठबंधन प्रदेश में 222 सीटें जीतेगी।

महाराष्ट्र चुनाव में मुद्दे

अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने लेकर चलाए गए आक्रामक प्रचार के साथ भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस के लिए दूसरे कार्यकाल को लेकर पूरा दमखम लगाया। विपक्ष के प्रचार अभियान में इस बार आक्रमकता कम रही। केवल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कुछ चुनावी रैलियों को संबोधित किया जिसमें उन्होंने आर्थिक सुस्ती, बेरोजगारी, नोटबंदी की ‘विफलता’ और जीएसटी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया । दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री समेत शीर्ष भाजपा नेताओं ने अनुच्छेद 370 का मुद्दा उठाया और जम्मू कश्मीर से विशेष दर्जा वापस लिये जाने के फैसले पर विपक्ष की अपत्तियों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने भ्रष्ट विपक्षी नेतृत्व के बारे में भी बातचीत की। प्रदेश में विधानसभा चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा की अगुवाई वाले महागठबंधन अथवा ‘‘महायुति’’ एवं कांग्रेस राकांपा गठबंधन अथवा ‘महा अघाड़ी’ (मोर्चा) के बीच है।

हरियाणा चुनाव अहम बातें

हरियाणा में भी इस बार चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो रहा है। सीएम मनोहर लाल खट्टर एक बार फिर जहां सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगाकर चुनाव प्रचार कर चुके हैं, वहीं आंतरिक कलह से किसी तरह उबरी कांग्रेस राजनीतिक संजीवनी तलाशने में जुटी रही। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो), जननायक जनता पार्टी और हरियाणा लोकहित पार्टी जैसे दल भी जीत के लिए जोर-आजमाइश किए।

-हरियाणा विधानसभा चुनाव में करीब 1.83 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनमें 83 लाख महिलाएं शामिल हैं।

-अधिकारियों ने बताया कि मतदान के लिए 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 13,837 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित किए गए हैं और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है।

-विधानसभा की 90 सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए 105 महिलाओं सहित 1,169 प्रत्याशी मैदान में हैं।

चुनाव में मुद्दे

-चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म करने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जबकि विपक्षी पार्टियों ने बेरोजगारी एवं किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। इस चुनाव में भाजपा ने करीब 75 सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य रखा है। निवर्तमान विधानसभा में पार्टी के 48 विधायक है।

दिग्गज नेता और खिलाड़ी हैं मैदान में

हरियाणा में मुख्‍यमंत्री खट्टर के अलावा पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा, अनिल विज, रणदीप सुरजेवाला और कैप्‍टन अभिमन्‍यु दिग्‍गज उम्‍मीदवार हैं। इस बार योगेश्‍वर दत्‍त, बबीता फोगाट और संदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी टिकट दिया गया है।

किसने की कितनी रैलियां

हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी ने 7 रैलियां कीं। यहां अमित शाह ने 5 जनसभाएं कीं। मुख्यमंत्री खट्‌टर ने 77 जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं, दूसरी ओर राहुल ने सिर्फ 2 रैलियां कीं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने 28 जनसभाएं की और सबसे ज्यादा भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने 120 सभाएं कीं। कांग्रेस ने छोटी-बड़ी 213 जनसभाएं कीं

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad