Advertisement

खंडित जनादेश के बाद कर्नाटक में जोड़तोड़ की कोशिशें, जानिए अब तक का घटनाक्रम

कर्नाटक विधानसभा चुनावों में त्रिशंकु विधानसभा के परिणामों ने सूबे की सियासत को रोमांचक मोड़ दे दिया...
खंडित जनादेश के बाद कर्नाटक में जोड़तोड़ की कोशिशें, जानिए अब तक का घटनाक्रम

कर्नाटक विधानसभा चुनावों में त्रिशंकु विधानसभा के परिणामों ने सूबे की सियासत को रोमांचक मोड़ दे दिया है। सत्ता की चाबी किसको मिलेगी इसका फैसला बुधवार को लगभग तय हो जाएगा। इस चुनाव में भाजपा 104 सीटों के साथ बड़ी पार्टी के तौर पर सरकार बनाने का दावा कर रही है। वहीं कांग्रेस (78) और जेडीएस गठबंधन (38) भी संयुक्त रुप से सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। भाजपा विधायक दल के नेता येदियुरप्पा ने राज्यपाल को विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंप दिया है। वहीं, कांग्रेस-जेडीएस ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब पूरा दारोमदार राज्यपाल पर है कि वे किस दल को पहले बहुमत सिद्ध करने का मौका देते हैं।  

LIVE अपडेट

05:50- राज्यपाल से मुलाकात के बाद एचडी कुमारस्वामी ने कहा, 'हमने सारे दस्तावेज जमा कर दिए हैं, जिनसे पता चलता है कि हमारे पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या है। राज्यपाल ने वादा किया है कि वह संविधान के मुताबिक ही कार्य करेंगे।'

05:20- जेडीएस कार्यकर्ताओं ने बेंगलुरू में राजभवन के सामने भाजपा के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

कुमारस्वामी के नेतृत्व में कांग्रेस-जेडीएस विधायकों का दल राज्यपाल से मिलने पहुंचा।

03:30- अगर राज्यपाल ने कांग्रेस-जेडीएस को नहीं दिया न्योता तो विधायक राजभवन के बाहर देंगे धरना: एएनआई सूत्र

03:15- विधायकों को तोड़ने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। संविधान के खिलाफ कोई राज्यपाल नहीं जा सकता है। हम आपको नहीं बता सकते कि हम किससे संपर्क करेंगे और किसके पास नहीं। इस समय हम राज्यपाल में पूर्ण विश्वास रखते हैं कि वह पार्टी की राजनीति के साथ नहीं बल्कि संविधान के अनुसार चलेंगे: गुलाम नबी आजाद

02:15- कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार का दावा, पार्टी के सभी 78 विधायक एकजुट हैं। उन्होंने डिप्टी सीएम के पद की खबरों को नकार दिया है।

02:10- कांग्रेस अभी राज्यपाल से समय मिलने का इंतजार कर रही है।

01:12- कांग्रेस की विधायक दल की बैठक खत्म हो चुकी है, कुछ ही देर में कांग्रेस नेता और कुमारस्वामी गवर्नर से मुलाकात कर सकते हैं।

12:15- भाजपा की अश्वमेध यात्रा उत्तर से शुरू हुई, लेकिन कर्नाटक में हमने उसके घोड़े रोक दिए: कुमारस्वामी

12:55- यह एक फर्जी खबर है कि कोई जावड़ेकर या भाजपा नेता अब तक मुझसे मिले हैं: एचडी कुमारस्वामी

12:38- कुमारस्वामी की भाजपा को नसीहत- ‘हमारे विधायकों को तोड़ोगे तो हम आप से दोगुना तोड़ेंगे’

12:35 ‘आपरेशन कमल’ भूल जाओ, अब लोग भाजपा छोड़कर हमारे साथ आने को तैयार हैं: कुमार स्वामी

12:28-एचडी कुमार स्वामी ने कहा कि जेडी (एस) विधायकों को 100 करोड़ रुपये की पेशकश की जा रही है। यह ब्लैक मनी कहां से आ रही है? आयकर अधिकारी कहां हैं?


12:10: जेडीएस के कुमारस्वामी ने कहा कि वे कांग्रेस का साथ लेने का फैसला कर चुके हैं। फैसला बदलने का कोई सवाल ही नहीं है।

12:00-कुमारस्वामी को विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया।

11:35- कर्नाटक में कांग्रेस टूट से बचाने के लिए अपने विधायकों को रिसॉर्ट ले जा रही है

11:32- कांग्रेस के एमबी पाटिल ने कहा कि भाजपा के 6 विधायक उनके संपर्क में हैं। उधर, एन हैरिस ने कहा कि हमें जनता के फैसले को बचाना होगा। वे (भाजपा) खराब राजनीति कर रहे हैं। हमें उन्हें रोकना होगा। हमारे पास 118 विधायकों का समर्थन है।

11:30: भाजपा ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। येदियुरप्‍पा ने समर्थन की चिट्ठी राज्यपाल को सौंप दी है। 

11:15-कांग्रेस के 3 विधायक के बाद अब जेडीएस के 2 विधायक भी हुए लापता हुए

11:5-विधायक दल की बैठक के बाद येदियुरप्पा और प्रकाश जावड़ेकर राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे हैं

11:03-येदियुरप्पा ने कहा कि कल वे शपथ लेंगे

11:00 -येदियुरप्‍पा भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए, राजभवन के लिए हुए रवाना

10:52 -जेडीएस की विधायक दल की बैठक शुरू

10:22 -मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा को डराने-धमकाने के अलावा कोई काम नहीं आता है

-भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में 11 बजे पार्टी विधायक दल की बैठक होगी। पार्टी के राज्य मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में 104 विधायकों के साथ केंद्रीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

-दूसरी तरफ कांग्रेस के नेताओं की भी कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमिटी के दफ्तर में 78 विधायकों के साथ बैठक होने जा रही है। बैठक में सिद्धारमैया और कांग्रेस का केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित होगा।

-अब राज्यपाल के पास अभी दो विकल्प हैं, पहला ये कि वे सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को पहले न्यौता दें और बहुमत साबित करने के लिए कहें या फिर जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन को सरकार बनाने के लिए न्यौता दें, जोकि जादुई आंकड़े के होने का दावा कर रहे हैं।

-संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप का मानना है कि ये पूरी तरह राज्यपाल पर निर्भर करता है कि वे सबसे बड़ी पार्टी और गठबंधन सरकार में से किसे सरकार बनाने के लिए पहले न्यौता देते हैं।

-गौरतलब है कि 224 सीटों वाले कर्नाटक में 222 सीटों पर मतदान हुए थे। मंगलवार को चुनाव के परिणामों में 104 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 37 सीटें मिलीं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी और कर्नाटक प्रज्ञयवंथा जनता पार्टी को 1-1 सीटें हासिल हुई हैं। इनके अलावा एक सीट अन्य के खाते में भी आई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement