Advertisement

राजस्थान में वसुंधरा राजे होंगी भाजपा की सीएम उम्मीदवार, शाह ने किया ऐलान

राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी पर चल रहे सस्पेंस को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को...
राजस्थान में वसुंधरा राजे होंगी भाजपा की सीएम उम्मीदवार, शाह ने किया ऐलान

राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी पर चल रहे सस्पेंस को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को खत्म कर दिया। शाह ने कहा कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ही पार्टी का नेतृत्व करेंगी। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। पिछले तीन विधानसभा चुनावों में भी पार्टी ने वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाकर चुनाव लड़ा था।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अमित शाह ने कहा कि राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों में राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ही भाजपा के मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार होंगी।

भाजपा की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक के समापन सत्र में उन्होंने कहा, "विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा और वह फिर से बहुमत वाली मुख्यमंत्री बन जाएंगी।"

शाह ने इस साल के अंत में होने वाले अन्य विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, "पार्टी एक बार फिर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी सरकारें बनाएगी।"

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को समर्पित रहने और कड़ी मेहनत करने के लिए कहा जिससे भाजपा राज्य में सत्ता बनाए रखे और 2019 के लोकसभा चुनाव भी जीत सके। शाह ने कहा कि राजे सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं की सराहना देश भर में की गई है और सुझाव दिया गया है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान का आधार बनाना चाहिए।

बयान में कहा गया है कि राजे ने विश्वास व्यक्त किया कि पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में पार्टी को इस साल अधिक सीटें मिलेंगी और 2019 में सभी 25 लोकसभा सीटें भी जीतेंगी।

बता दें कि कार्यकारिणी समिति की बैठक शुक्रवार को शुरू हुई लेकिन शाह समापन सत्र को संबोधित करने के लिए शनिवार को जयपुर आए।

गौरतलब कि राजस्थान में 200 विधानसभा सीटें हैं। 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को दो तिहाई से अधिक बहुमत मिला था। इस बार माना जा रहा था कि भाजपा वसुंधरा राजे के अलावा किसी दूसरे चेहरे पर दांव खेल सकती है लेकिन अमित शाह ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement