Advertisement

कांग्रेस प्यार और भाईचारे का प्रयोग करती है जबकि विपक्ष क्रोध काः राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज पार्टी के 84 वें महाअधिवेशन में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला...
कांग्रेस प्यार और भाईचारे का प्रयोग करती है जबकि विपक्ष क्रोध काः राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज पार्टी के 84 वें महाअधिवेशन में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के युवा जब मोदी की ओर देखते हैं तो उन्हें रास्ता नहीं दिखाई देता। उनके लिए कोई रोजगार नहीं है। यही स्थिति किसानों की है। वे भी जब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ओर देखते हैं तो उन्हें भी कोई राह दिखाई नहीं देती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे में देश रास्ते की तलाश में है और केवल कांग्रेस पार्टी ही आगे की राह दिखा सकती है।


राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सोच में बड़ा अंतर है। वे गुस्से का का प्रयोग करते हैं जबकि हम भाईचारे का प्रयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं एक बात साफ कहना चाहता हूं कि यह देश सभी का है। ऐसे में कांग्रेस जो भी काम करेगी वह सभी के भले के लिए करेगी।

उन्होंने कहा कि यह देश हर धर्म, जाति और व्यक्ति का है। कांग्रेस पूरे देश और हर व्यक्ति के लिए काम करेगी, किसी को पीछे नहीं छोड़ेगी। राहुल ने कहा कि हमारा निशान (कांग्रेस का चुनाव चिह्न हाथ) ही देश को एकजुट रखते हुए आगे ले जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश को जोड़ने का काम सबको मिलकर करना पड़ेगा। जनता का काम सबको रास्ता दिखाने का है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए आना वाला दिन उज्ज्वल है। युवा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेंगे। मेरा काम युवाओं को साथ लेकर चलना और उन्हें राह दिखाना है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की परंपरा हमारे अतीत और विरासत को भूले बिना परिवर्तन को गले लगाने की है।


 

इससे पूर्व कांग्रेस पार्टी का 84 वां महाअधिवेशन आज नई दिल्ली में शुरू हुआ। महाधिवेशन का उद्घाटन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने सम्मेलन में आए लोगों को स्वागत किया। सम्मेलन में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

स्वागत भाषण में माकन ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी ही नहीं देश के लिए भी नया इतिहास शुरू होगा। पार्टी राहुल के नेतृत्व में नया आयाम हासिल करेगी।

इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष का स्वागत स्मृति चिह्न देकर किया गया। माकन ने कहा कि स्मृति चिह्न पर जिन सांस्कृतिक धरोहरों का जिक्र है उनका संरक्षण राहुल गांधी करेंगे। उन्होंने कहा कि एक दशक में राहुल गांधी युवाआों, किसानों, बेरोजगारों की आवाज बन गए हैं। जहां भी किसी का उत्पीड़न हुआ है वहां आप पहुंच जाते हैं और लोगों के दुख में शामिल होते हैं।

माकन ने कहा कि कांग्रेस वर्तमान और भविष्य राहुल गांधी नेतृत्व सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि जिस तरह की लड़ाई स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कांग्रेस ने लड़ी थी आज भी उसी तरह की लड़ाई की जरूरत है। देश में सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ संघर्ष जरूरी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement