Advertisement

प्रियंका गांधी का PM मोदी पर हमला, कहा- 'लोगों को मूर्ख समझना बंद करें प्रधानमंत्री'

इन दिनों पूर्वांचल का दौरा कर रही कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की चुनाव प्रभारी प्रियंका...
प्रियंका गांधी का PM मोदी पर हमला, कहा- 'लोगों को मूर्ख समझना बंद करें प्रधानमंत्री'

इन दिनों पूर्वांचल का दौरा कर रही कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की चुनाव प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। अपने पूर्वांचल यात्रा के अंतिम और तीसरे दिन प्रियंका ने कहा कि पीएम को यह सोचना बंद करना चाहिए कि लोग 'मूर्ख' हैं क्योंकि वे चीजों को समझ सकते हैं।  

बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, 'पिछले पांच सालों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश की सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट किया है। हम सभी जिस व्यवस्था के हिस्सा हैं उसे भी नुकसान पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री को यह नहीं सोचना चाहिए कि लोग मूर्ख हैं, वे सबकुछ समझते हैं।' प्रियंका ने कहा है कि मोदी सरकार ने देश की संस्थाओं को 5 वर्षों में बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी चाहें जितना प्रताड़ित कर लें, हम डरनेवाले नहीं हैं।

 मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रियंका

 

प्रियंका आज अपनी गंगा यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हैं। यहां वह प्रसिद्ध अस्‍सी घाट पर केवट समाज के लोगों, युवाओं और महिलाओं से मिलेंगी। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए उनके दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। प्रियंका संवाद और मुलाकात के जरिए सीधे जनता से जुड़ना चाहती हैं।

प्रियंका पहली बार जनता के बीच पहुंची

कांग्रेस महासचिव मंगलवार को अपनी यात्रा के दूसरे दिन विंध्याचल मंदिर, कंतित शरीफ दरगाह, सिंढोरा घाट और चुनार पंटून ब्रिज गईं और वहां लोगों से मुलाकात की। गत 23 जनवरी को कांग्रेस का महासचिव बनाए जाने के बाद प्रियंका पहली बार जनता के बीच पहुंची हैं। इसके पहले उन्होंने लखनऊ में रोड शो किया था। प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश का चुनाव प्रभार दिया गया है। यह क्षेत्र भाजपा का गढ़ है जहां कांग्रेस की वापसी कराना उनके लिए बड़ी चुनौती है।

प्रियंका की तीन दिवसीय गंगा यात्रा

प्रियंका गांधी की तीन दिवसीय गंगा यात्रा की शुरुआत सोमवार से हुई। प्रयागराज के छतनाग से शुरू हुई उनकी गंगा यात्रा वाराणसी में अस्‍सी घाट पर समाप्‍त होगी। इस दौरान वह अपनी स्‍टीमर बोट के जरिए लोगों से मिल रही हैं। उनके इस कार्यक्रम को 'सांची बात प्रियंका के साथ' नाम दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad